
प्रियंका गांधी ने कहा कि सत्य और धर्म को स्थापित करने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम और उनके करोड़ों भक्तों की आस्था के साथ जो चोरी और लूट का कपटपूर्ण कृत्य किया गया है, उसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। भगवान राम करोड़ों मन का पवित्र भाव हैं। उसी पवित्र भाव से लोग मंदिर में माथा टेकते हैं और दान करते हैं। राम मंदिर में चोरी करने वालों ने धर्म और आस्था की मूल भावना को खंडित करने का महापाप किया है। यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि क्या छोटे कर्मचारी अकेले CCTV बंद कर हजारों करोड़ के चढ़ावे में हेराफेरी कर सकते हैं, या इसके पीछे कुछ बड़े लोगों की मिलीभगत है? इस मामले में जांच के नाम पर लीपापोती करने की जगह पारदर्शी तरीके से जांच हो और जो भी लोग इस चौर्य कर्म में संलिप्त हैं, उन्हें कड़ी सजा मिले।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के तहत तकलेच चौकी क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि उरमण के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अधिक ऊंचाई से गिरने की वजह से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन उरमण के पास अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
आयरलैंड ने सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले जा रहे टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम को 34 रन से हरा दिया है। आयरलैंड की यह जीत ऐतिहासिक है। यह पहला मौका है, जब आयरलैंड ने भारतीय टीम को हराया है। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई।
183 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सैमसन (5), ईशान किशन (1) और कप्तान श्रेयस अय्यर (3) का विकेट जल्दी गिर गया। अभिषेक शर्मा एकमात्र बल्लेबाज रहे, जो अपने अंदाज में खेलते हुए नजर आए। अभिषेक ने 20 गेंदों पर 2 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली।
तिलक वर्मा (19), शिवम दुबे (25), और अक्षर पटेल (15) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। नियमित अंतराल पर विकेट खो रही भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई और 34 रन से मैच गंवा बैठी।
आयरलैंड की तरफ से मैथ्यू हम्फ्रीज ने 3, मैथ्यू होलार्ड ने 3 विकेट लिए। जय मूंद्रा ने 2 विकेट लिए। लियाम मैकार्थी और गारेथ डेलानी ने 1-1 विकेट लिए।
उत्तर प्रदेश की एक अदालत ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन के मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को 29 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ जारी रखेंगी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अभियोजन अधिकारी के.सी. वर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों को सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इसके बाद उन्हें विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर उर्फ टिन्नू यादव शामिल हैं।
वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पासपोर्ट के नागरिकता का दस्तावेज नहीं होने से जुड़े विवाद के बीच शुक्रवार को कहा कि सरकार को कानूनी ढांचे में संशोधन कर पासपोर्ट और आधार कार्ड दोनों को भारतीय नागरिकता का वैध और निर्णायक प्रमाण घोषित करना चाहिए।
थरूर कहा कि इसे लागू करने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बाधा को दूर करना होगा, क्योंकि आधार फिलहाल राष्ट्रीयता के बजाय 182 दिन के स्थानीय निवास के आधार पर जारी किया जाता है और यह नागरिकों तथा गैर-नागरिक निवासियों दोनों के पास होता है।
थरूर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘इसका समाधान सीधा है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) को एक अलग पहचान वाला आधार कार्ड जारी करना चाहिए, जिसमें सामने की ओर तिरछी लाल पट्टी जैसी स्पष्ट पहचान हो और जिसे विशेष रूप से भारत में रहने वाले गैर-नागरिकों के लिए निर्धारित किया जाए।’’
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज प्राथमिकी को ‘धोखा’ करार देते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि इस मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
केजरीवाल ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर में ‘महाडकैती’ हुई है और कथित गबन में शामिल बड़े लोगों को बचाया जा रहा है।
इससे पहले, हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद आप के राज्यसभा सदस्य एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के साथ मौजूद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने सभी की भलाई और खुशहाली के लिए प्रार्थना की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि ‘बड़े लोगों’ को बचाया जा रहा है।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘आज मैंने सभी की खुशी और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मैंने राम मंदिर में दान के कथित गबन, बड़े घोटाले और भगवान को चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के संबंध में प्रार्थना की कि जो भी इस महापाप का दोषी है, उसे भगवान कड़ी से कड़ी सजा दें।’’
अयोध्या की पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार शाम दर्ज की गई प्राथमिकी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल दिखावा है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने SSLC और 12वीं पास करने वाले आदिवासी छात्रों के लिए पुरस्कार समारोह पर कहा, "मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छी पहल है और मुझे उम्मीद है कि हम यहाँ एक बेहतरीन संस्थान बना पाएँगे।"
अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में अचानक आई बाढ़ में बहे चार लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को लगातार बारिश की वजह से आई अचानक बाढ़ में नार्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (नीपको) कॉलोनी से बहे लोगों का पता लगाने के लिए बचाव दलों ने शुक्रवार सुबह पन्योर लोअर जल विद्युत परियोजना के बांध की तरफ से नौका की मदद से अभियान शुरू किया। बुधवार को आई प्राकृतिक आपदा के बाद 35 वर्षीय एक महिला का शव मिला था, जबकि 17 अन्य लोग घायल हो गए थे।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में शुक्रवार तड़के आग लग गई। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित इस केंद्र में सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि आग से लकड़ी के एक आंतरिक खंभे और उसके ऊपर की छत का कुछ हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक डबल डेकर स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही डबल डेकर स्लीपर बस आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक में सरिया लदा हुआ था।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने बताया कि दुर्घटना नगला खंगर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 63 के पास हुई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे।
मैनपुरी जिले के किशनी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक किशोरी भी शामिल है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम भीतरा गांव निवासी स्वदेश पाल (50) अपनी भतीजी लवली पाल (16) के साथ मोटरसाइकिल से एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि हरिचंदपुर गांव के पास मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और उसने बाइक सवार स्वदेश-लवली के साथ साइकिल सवार कुरावली निवासी दिवारी लाल (40) और आनन्द (30) को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सड़क पर लुढ़कते हुए खाई में पलट गई। सिंह के अनुसार टक्कर लगने से बाइक और साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के अनुसार हादसे में स्वदेश पाल, लवली पाल, गणेशपुर निवासी कार चालक विनोद, हरिचंदपुर निवासी दिवारी लाल और कुरावली निवासी आनन्द गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी।
राम मंदिर दान प्रकरण में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राम जन्मभूमि ट्रस्ट के दो सदस्य चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है
राम मंदिर में कथित आभूषण और नगदी चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और मंदिर ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि अब यह मामला केवल आरोपों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार खुद स्वीकार कर चुकी है कि मंदिर में चोरी हुई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है, इसलिए कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को उठाना किसी भी तरह से राजनीतिकरण नहीं कहा जा सकता।
राजीव शुक्ला ने कहा कि देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के साथ राम मंदिर के लिए चंदा और बहुमूल्य आभूषण दान किए थे। गरीबों ने अपनी क्षमता के अनुसार एक-एक रुपये का योगदान दिया, लेकिन उसी श्रद्धा के साथ जुटाई गई संपत्ति का कथित रूप से गबन कर लिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि फिलहाल केवल छोटे कर्मचारियों की गिरफ्तारी हो रही है, जबकि यदि चोरी हजारों करोड़ रुपये मूल्य के आभूषणों और सामान की है और घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे, तो इसके पीछे बड़े स्तर पर मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने भगवान राम के नाम पर चढ़ाए गए आभूषणों को लूटा है, उन्हें क्या सजा मिलेगी? वर्षों से श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए आभूषणों का क्या कोई रिकॉर्ड नहीं रखा गया? अब वे लोग भी सवाल उठा रहे हैं जिन्होंने अपनी श्रद्धा से मंदिर को दान दिया था।"
कांग्रेस नेता ने मंदिर प्रकोष्ठ की भूमिका पर भी सवाल खड़े करते हुए पूछा कि इसका वास्तविक उद्देश्य क्या है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जानी चाहिए ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।
राजीव शुक्ला ने इस मामले में कांग्रेस की ओर से तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। पहली, पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए। दूसरी, मौजूदा मंदिर ट्रस्ट को भंग कर नया ट्रस्ट गठित किया जाए, जिसमें बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोगों के बजाय शंकराचार्यों को शामिल किया जाए। तीसरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कांग्रेस ने कहा कि चंपत राय को बचाने कोशिश है, उनसे भी बड़े लोगों का हाथ इसमें है वहां तक भी जांच होनी चाहिए। राजीव शुक्ला ने कहा कि ये चोरी नहीं है ये डकैती है। राजीव शुक्ला ने कहा कि वोट और नोट मंदिर के जरिए लेने का काम नहीं चलेगा।
NCERT की कक्षा 9 की सोशल साइंस की किताब में चुनाव आयोग के बारे में दी गई जानकारी पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "वे देश को खोखला कर रहे हैं; उन्होंने देश की संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। चुनाव आयोग अभी जो भूमिका निभा रहा है, वह एक ऐसा काला अध्याय है कि इतिहास में इसे इस संस्था के लिए पूरी तरह से काला दौर माना जाएगा।"
अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद सभी नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों की न्यायिक रिमांड लेने के लिए उन्हें फैजाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया जाएगा।
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर ने बताया कि आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और पुलिस मामले के संबंध में उनसे पूछताछ कर रही है। ग्रोवर ने कहा कि पुलिस पूछताछ के बाद उन्हें अदालत के समक्ष पेश करेगी।
उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश सीमा पर स्थित कुल्हाल चेक पोस्ट पर कथित तौर पर निहंग सिखों के एक समूह द्वारा पुलिस बैरिकेड तोड़कर राज्य में प्रवेश करने के बाद उत्तराखंड में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। यह घटना गुरुवार देर रात उस विवाद के बाद हुई, जो चमोली जिले के कर्णप्रयाग में स्थानीय निवासियों के साथ हुआ था।
अधिकारियों के अनुसार, चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड जा रहे करीब 200 निहंग सिखों को पुलिस और जिला प्रशासन ने कुल्हाल चेक पोस्ट पर रोक दिया था। उनकी एंट्री रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए थे। इसके बाद पांवटा साहिब गुरुद्वारे में प्रशासन, पुलिस अधिकारियों और निहंग सिखों के प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बैठक हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद तबाही लगातार बढ़ती जा रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 235 लोगों की मौत हो चुकी है, 1,520 लोग घायल हैं और 157 लोग लापता हैं, जबकि करीब 200 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। सबसे ज्यादा नुकसान ला गुआइरा प्रांत के काराबालेडा और काटिया ला मार क्षेत्रों में हुआ, जहां 100 से अधिक इमारतें ढह गईं और 70,000 से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं।
अस्पतालों, शॉपिंग सेंटरों समेत सैकड़ों इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है और कई देशों ने सहायता भेजने का ऐलान किया है। वहीं, USGS के अनुमान के मुताबिक इस आपदा से 7.5 अरब डॉलर से अधिक का आर्थिक नुकसान हो सकता है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 26 Jun 2026, 8:08 AM IST