
सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा, "बीजेपी की सरकार जनता के मुख्य मुद्दों से जनता को भटकाने का काम कर रही है और "यूपी याद रखेगा" नाम से पोस्ट बनाकर फर्जी पोस्ट कराने का काम कर रही है... भाजपा की सरकार अपने पेज, अपने ट्वीटर (एक्स) पर अपने IT सेल से पोस्ट नहीं कराती है और "यूपी याद रखेगा" के नाम से फेसबुक चलाने का काम करती है। इसके खिलाफ आज हाईकोर्ट में याचिका दायर करी गई है और याचिका में जो लोग दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है। हमें विश्वास है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद वो सभी दोषी गिरफ्तार होंगे जो फर्जी पोस्ट करने का काम कर रहे हैं। AI के नाम से समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का काम कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।"
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने निकाय चुनावों को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जनादेश कांग्रेस के पक्ष में होगा। स्थानीय निकाय चुनावों पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा, "इस बार जनता का मूड कांग्रेस को कामयाब करने का है। वर्तमान सरकार ने पिछले ढाई सालों में आम जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सरकार बनी थी और लोगों को उम्मीद थी कि वह काम करके नतीजे दिखाएगी। चाहे गांव हों या शहर, सभी जगह हालात गंभीर हैं। इसीलिए मुझे लगता है कि लोग सब कुछ समझ गए हैं और कांग्रेस के पक्ष में अपना जनादेश देंगे, जिससे बीजेपी को सबक मिले।"
बंगाल के सरकारी स्कूलों के जिन शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को जनगणना का काम सौंपा गया है, उन्हें 30 सितंबर से पहले उनके मौजूदा पदों से स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की है।
नोटिफिकेशन के मुताबिक, उस तारीख तक शिक्षकों और नॉन-टीचिंग स्टाफ के लिए कोई रिलीज ऑर्डर जारी नहीं किया जाएगा, जिसमें वे लोग भी शामिल हैं जिनका ट्रांसफर प्रोसेस पहले ही पूरा हो चुका है।
हालांकि, इस नोटिफिकेशन ने शिक्षक संगठनों के बीच चिंता पैदा कर दी है। उन्होंने 30 सितंबर को डेडलाइन तय करने के तर्क पर सवाल उठाए हैं, जबकि राज्य में जनगणना का पहला चरण 15 सितंबर को खत्म होने वाला है। उन्होंने इस बात पर भी स्पष्टीकरण मांगा है कि क्या यह रोक कोर्ट के आदेश से होने वाले ट्रांसफर पर भी लागू होगी।
मथुरा में वृन्दावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के विशेष उत्सव एवं पर्वों पर ठाकुरजी को भेंट किए गए सोने-चांदी आदि बहुमूल्य रत्न जड़े झूले, रथ एवं विभिन्न प्रकार के सिंहासन आदि सामग्री का सेवा में उपयोग न किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। यह जानकारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति से मिली।
यह सवाल भी उठा कि उक्त सामग्री आखिर कहां है और संबंधित सेवायतों ने उनका उपयोग क्यों नहीं किया।
मंदिर की उच्चाधिकारी प्राप्त समिति ने मंगलवार शाम आयोजित बैठक में इन सभी सवालों के जवाब तलाशने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष एवं नगर आयुक्त की त्रिसदस्यीय समिति गठित की।
बैठक की अध्यक्षता इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश एवं समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने की।
सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित एक मस्जिद को गिराये जाने के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की गई है।
भारत के संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत अधिवक्ता मोहम्मद तनवीर अहमद द्वारा दायर इस याचिका में सहारनपुर के नगर मजिस्ट्रेट द्वारा 16 जुलाई, 2026 को जारी आदेश और सहारनपुर के जिला न्यायाधीश द्वारा दो सितंबर, 2026 को जारी आदेश को चुनौती दी गई है।
इस रिट याचिका में सहारनपुर के जिला मजिस्ट्रेट के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार और कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद के मौलवी अब्दुल हमीद को प्रतिवादी पक्षकार बनाया गया है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि दोनों अधिकारियों द्वारा पारित आदेश उनके न्याय एवं अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार विकास और रोजगार जैसे मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और सामाजिक विवादों को हवा दे रही है। उन्होंने हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण’ को लेकर हुए विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार दबाव में है और अब घबरा रही है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हल्द्वानी में जिस तरह कांग्रेस सांसदों ने दबाव बनाया और पूरे राज्य में यह संदेश गया कि बीजेपी सरकार दलित विरोधी है तथा दलितों का अपमान कर रही है, उससे सरकार बैकफुट पर है। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल आरोपियों के नाम सार्वजनिक किए जाएं और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव को लेकर भी बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार ऐसे हालात पैदा करने की कोशिश कर रही है, जिससे हिंदू-मुस्लिम विवाद बढ़े और समाज में आपसी भाईचारा प्रभावित हो। उन्होंने सहारनपुर और मुजफ्फरनगर का हवाला देते हुए कहा कि पहले भी ऐसे प्रयोग किए जा चुके हैं। अजय राय ने वाराणसी में मस्जिदों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद को नोटिस दिए जाने और संभल के घटनाक्रम का भी उल्लेख किया।
बिहार बाढ़ की स्थिति पर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, "सरकार संवेदनहीन हो गई है। सरकार को लोगों के दुख में उनकी मदद करनी चाहिए, न कि नजरअंदाज करना चाहिए..." दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना पर उन्होंने कहा, "वो तो एक तरह की हत्या है, हत्या हुई है।"
लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं रायबरेली से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में क्षेत्र की खराब सड़कों की तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों से जवाब मांगा।
दिशा की बैठक के नामित सदस्य उमेश बहादुर सिंह उर्फ बबलू सिंह ने बताया कि बैठक में राहुल एक अलग अंदाज में नजर आये और उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनवायी गयी सड़कों में गड्ढे होने की तस्वीरें दिखायीं।
सिंह ने बताया कि ऐसी सड़कों के नाम गिनाते हुए राहुल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि आखिर इन सड़कों पर गड्ढे क्यों हैं और इन्हें ठीक करने के लिए वे क्या कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि कौन सी सड़क किस कार्यदायी संस्था ने बनायी है, यह चिह्नित किया जाना चाहिये। सिंह ने बताया कि पीएमजीएसवाई के अधिषासी अभियंता ने बैठक में कहा कि सड़कों के गड्ढों को ठीक कराया जाएगा। बैठक खत्म होने के बाद सांसद राहुल गांधी बाहर निकले और संवाददाताओं से बिना कुछ कहे चले गए।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को एनएसयूआई अध्यक्ष की उस याचिका पर केंद्र, दिल्ली सरकार और दिल्ली विश्वविद्यालय से जवाब मांगा, जिसमें संस्थान के सभी कॉलेजों में छात्रावास सुविधा की मांग की गई थी।
इस जनहित याचिका में दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के लिए किफायती और पर्याप्त संस्थागत छात्रावास सुविधा की ‘‘लंबे समय से चली आ रही कमी’’ का मुद्दा उठाया गया।
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ द्वारा यह याचिका 6 सितंबर को सत्य निकेतन में एक इमारत गिरने की घटना के बाद दायर की गई थी। इस इमारत का इस्तेमाल छात्रों के निजी ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) के तौर पर किया जा रहा था।
हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।
मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ ने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली विश्वविद्यालय को नोटिस जारी किया और उनसे याचिका पर जवाब दाखिल करने को कहा।
अदालत ने याचिका पर सुनवाई के लिए 25 सितंबर की तारीख तय की और इसे इमारत गिरने की घटना से जुड़े एक और मामले के साथ जोड़ दिया।
जनहित याचिका को एक बहुत गंभीर मुद्दा मानते हुए, अदालत ने याचिकाकर्ता से पूछा कि उन्होंने बिना किसी वजह के विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को याचिका में पक्ष क्यों बनाया और उन्हें इसे हटाने के लिए कहा।
याचिका में कहा गया है कि विश्वविद्यालय की स्थापना के 104 साल से ज्यादा समय बीतने और छात्रों की संख्या व भौगोलिक विस्तार में भारी बढ़ोतरी के बावजूद, रहन-सहन की सुविधा उस अनुपात में विकसित नहीं हुई है।
ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाले मल्टी-डे और वनडे मैचों के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत-ए टीम का ऐलान कर दिया है। मल्टी-डे मुकाबलों के लिए टीम की कमान देवदत्त पडिक्कल के हाथों में सौंपी गई है। वहीं, वनडे मैचों के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाया गया है।
वनडे फॉर्मेट की टीम में हार्दिक पांड्या को भी शामिल किया गया है। हालांकि, हार्दिक इस सीरीज में तभी हिस्सा ले पाएंगे, जब वह अपना फिटनेस टेस्ट पास करने में सफल रहेंगे। भारत-ए को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबले और तीन वनडे मैच खेलने हैं, जिसकी शुरुआत 22 सितंबर से होनी है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस का एक कार्यक्रम भर नहीं था बल्कि एक ऐतिहासिक आंदोलन था जिसने देश में बड़े बदलाव की लहर पैदा की।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि यात्रा के अनुभव से कांग्रेस को लोगों, खासकर युवाओं, महिलाओं और किसानों की समस्याओं को समझने में मदद मिली।
उन्होंने कहा, ‘‘ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस पार्टी का महज कार्यक्रम नहीं था। यह हमारे पार्टी नेता राहुल गांधी द्वारा पूरे देश को एकता और अखंडता, उसके लोगों की पीड़ा और जनता, युवाओं, महिलाओं तथा किसानों के सामने मौजूद समस्याओं और उन्हें नयी दिशा देने की आवश्यकता के बारे में दिया गया एक ऐतिहासिक संदेश था।’’
यात्रा के कर्नाटक चरण को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह 23 दिनों में 511 किलोमीटर चली और पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी ने भी इसमें भाग लिया।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (केपी) में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने पुलिस वाहन को निशाना बना गोलीबारी की। इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिसर (डीपीओ) इमरान खान ने हमले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा के करक जिले के शटाकाई बांध इलाके में रूटीन पेट्रोलिंग वाहन को निशाना बनाया गया। अचानक हुई गोलीबारी में एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।
पाकिस्तान के अखबार 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने तीन अलग-अलग मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले में एफआईआर, कर्नाटक में मंत्री सतीश जारकीहोली पर ईडी की छापेमारी और गरबा में मुस्लिम प्रवेश पर चल रहे विवाद को लेकर बात की।
हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले में हल्द्वानी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने पर संजय राउत ने कहा, "यह अच्छी बात है। मैंने सुना था कि यह लोग राहुल गांधी को ही आरोपी बना रहे हैं। जनता का जो दबाव बना, तो जिसने भी यह सामाजिक विघटन का काम किया है, उसके खिलाफ अगर एफआईआर दर्ज हुई है तो यह अच्छा है।"
न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली।
लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने यहां न्यायमूर्ति भाटी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सक्सेना फिलहाल जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं, क्योंकि वर्तमान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा अवकाश पर हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उच्च न्यायालय और अधीनस्थ अदालतों के न्यायाधीश उपस्थित थे।
केंद्र सरकार ने न्यायमूर्ति भाटी की जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद पर नियुक्ति की अधिसूचना पांच सितंबर को जारी की थी।
सिंगापुर पुलिस ने नेपाल में आई बाढ़ और एयर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस (SIA) के निवेश से जुड़े ऑनलाइन ‘नस्लभेदी’ टिप्पणियों के मामले में पांच लोगों से पूछताछ की है।
यह कार्रवाई सिंगापुर के वरिष्ठ मंत्री के. षणमुगम की शनिवार को की गई घोषणा के बाद हुई है। उन्होंने कहा था कि पुलिस नेपाल-तिब्बत में आई भीषण बाढ़ की आपदा और SIA के एयर इंडिया में निवेश को लेकर ऑनलाइन की गई “शर्मनाक” नस्लभेदी और विदेशी-विरोधी टिप्पणियों की जांच कर रही है।
अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने भी पलटवार किया। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, उसने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों की ओर मिसाइलें दागीं। जॉर्डन अमेरिकी सहयोगी है और वहां अमेरिकी सैनिक भी तैनात हैं। जॉर्डन की सेना ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने 18 बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही रोक दिया। दो अन्य मिसाइलें ऐसे इलाकों में गिरीं, जहां कोई आबादी नहीं थी। जॉर्डन ने किसी के हताहत होने की सूचना नहीं दी है। वहीं, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कुवैत और बहरीन के पास मौजूद तेल टैंकरों को तुरंत हटने को कहा है। इतना ही नहीं, ईरान ने दोनों देशों पर अमेरिकी सेना को ठिकाने देने और हमलों में मदद करने का आरोप लगाया।
पंजाब में गुलजार सिंह की खुदकुशी को लेकर मामला गरमा गया है। राहुल गांधी ने पोस्ट कर कहा, पंजाब की AAP सरकार में एक खतरनाक पैटर्न दिख रहा है। सरकारी नाकामी पर सवाल करोगे, तो जवाब धमकी और टॉर्चर से मिलेगा। अपने बेटे को नशे का शिकार बनते देखने वाले, दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने वित्त मंत्री से सिर्फ इतना पूछा कि सरकार ड्रग्स का कारोबार रोकने में इतनी बुरी तरह नाकाम क्यों है? बस इस बात पर उन्हें इतना प्रताड़ित और अपमानित किया गया, माफी मांगने के लिए इतना दबाव बनाया गया कि उन्होंने जहर खा लिया। फिर इलाज के अभाव में, आखिरकार वो जिंदगी की जंग हार गए। इसी तरह पिछले हफ्ते मैंने एक युवा मोहनजीत सिंह से भी बात की, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने पर प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का काम जनता को जवाब देना है, सवाल पूछने वालों को कुचलना नहीं। गुलजार के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले। मुख्यमंत्री तत्काल वित्त मंत्री का इस्तीफा लें और सुनिश्चित करें कि एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो जिसकी FIR में उनका नाम दर्ज किया जाए।
अमेरिका के वित्त विभाग ने ईरान की 27 एयरलाइंस को अपनी 'स्पेशली डिजाइनेटेड नेशनल्स' (एसडीएन) सूची में शामिल कर लिया है। इस कदम के साथ अमेरिका ने ईरान पर दबाव बढ़ाने की कोशिश करते हुए उसकी बची हुई सभी एयरलाइंस को निशाने पर ले लिया है।
मंगलवार (स्थानीय समय) को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में अमेरिकी वित्त विभाग ने कहा कि 'ईरान की वाणिज्यिक एयरलाइंस लंबे समय से ईरानी सरकार की अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों का समर्थन करती रही हैं।' विभाग के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) कथित तौर पर निजी एयरलाइंस का इस्तेमाल हथियारों की खरीद और ढुलाई तथा अपने कर्मियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए करता रहा है।
राजस्थान नगर निकाय के पहले चरण का मतदान आज हो रहा है। जयपुर, जैसलमेर,बाड़मेर और अलवर सहित सभी जिलों में जहां जहां वोटिंग हो रही है, वहां प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। जयपुर जिले की 19 में से 18 नगर निकायों में पहले चरण का मतदान हो रहा है। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। कई जिलों में चुनाव दो चरणों में होगा, जिसमें से प्रथम चरण में बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए बुधवार को और दूसरे चरण में चौहटन नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। दोनों चरण में वोटिंग के बाद वोटों की गिनती 14 सितंबर को जिला मुख्यालय में की जाएगी।
अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो ने हमवतन एलेक्स मिशेलसन को हराकर यूएस ओपन 2026 के एकल वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टियाफो ने दो सेट गंवाने के बाद यादगार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम किया और अंतिम चार में जगह सुनिश्चित की। टियाफो तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
ग्यारहवीं सीड टियाफो को शुरुआत के दो सेट में दुनिया के 46वें नंबर के खिलाड़ी मिशेलसन ने हराया। टियाफो तीसरे सेट में भी 5-3 से पिछड़ रहे थे। ऐसा लग रहा था कि टियाफो मौजूदा टूर्नामेंट का अपना करिश्मा खो रहे हैं, लेकिन उसी समय उन्होंने वापसी की। उन्होंने न सिर्फ तीसरा सेट जीता, बल्कि मुकाबला भी अपने नाम किया। टियाफो ने 10-पॉइंट के टाई-ब्रेक में जीत हासिल की और 4 घंटे 38 मिनट तक चले मुकाबले को 5-7 3-6 7-5 6-3 7-6 (10-6) से अपने नाम किया। इस दौरान टियाफो को भीड़ का जोरदार समर्थन मिला।
दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एरिना सबालेंका ने यूएस ओपन 2026 के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सबालेंका ने लिंडा नोस्कोवा को 7-6(1), 3-6, 7-6(7) से हराया। जीत के साथ ही सबालेंका का लगातार तीसरी बार यूएस ओपन जीतने की संभावना बरकरार है।
सबालेंका ने अच्छी शुरुआत की, नोस्कोवा को ब्रेक किया और 5-2 से आगे हो गईं, लेकिन चेक खिलाड़ी ने तुरंत लगातार तीन गेम जीतकर वापसी की। पहला सेट टाई-ब्रेक में गया, जहां सबालेंका ने बेहतरीन खेल दिखाया और 6-0 की बढ़त बनाने के बाद 7-1 से सेट अपने नाम किया।
दूसरा सेट नोस्कोवा का था। सबालेंका के डबल फॉल्ट के बाद वह 4-2 से आगे हो गई। जब दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी ने ब्रेक-पॉइंट का मौका बनाया तो अपनी बढ़त बनाए रखी। एक ऐस ने सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया, जिससे सबालेंका को टूर्नामेंट का पहला सेट गंवाना पड़ा।
तीसरा सेट ज्यादा रोमांचक था। नोस्कोवा के 4-2 से आगे होने पर सबालेंका ने सर्व गंवा दिया और फिर चेक खिलाड़ी ने 40-0 पर तीन ब्रेक पॉइंट हासिल किए। सबालेंका साफ तौर पर मुश्किल में दिख रही थीं। उन्होंने अपना रैकेट भी गिरा दिया। सबालेंका ने तुरंत जवाबी हमला किया, खुद तीन ब्रेक पॉइंट बनाए और 4-4 से बराबरी कर ली, तभी नोस्कोवा ने जबरदस्ती फोरहैंड एरर किया।
कोई भी खिलाड़ी दूसरा ब्रेक नहीं ले सका, जिससे मुकाबला निर्णायक टाई-ब्रेक में चला गया। सबालेंका 2-0 से आगे थीं और बाद में 6-3 से, लेकिन नोस्कोवा ने वापसी की जिससे अंतर 5-6 हो गया। सबालेंका ने आखिरी झटका दिया, और ऐस लगाकर मैच खत्म किया।
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि इन टैंकरों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है। ये जहाज ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के तेल नेटवर्क के थे। यह कार्रवाई अमेरिकी नौसेना के एक जहाज पर ईरान की ओर से दो बार मिसाइल हमला करने की कोशिश के बाद की गई।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी CENTCOM के मुताबिक, ईरान ने पिछले दो दिनों में अमेरिकी नौसेना के एक जहाज पर दो बार बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। अमेरिकी जहाज दोनों हमलों से बच गया। जहाज ने इसके बाद भी इलाके में अपनी गतिविधियां जारी रखीं। इन हमलों में किसी अमेरिकी सैनिक के घायल होने की खबर नहीं है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 09 Sep 2026, 7:54 AM IST