हालात

BRICS Summit: 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की आज से शुरुआत, दिल्ली में सुरक्षा चाक चौबंद, हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात

दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भारत मंडपम में होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन में 11 सदस्य और 10 साझेदार देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

नई दिल्ली में आज से 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की शुरुआत हो गई है। राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय सम्मेलन रविवार तक चलेगा। इसमें BRICS के सदस्य और साझेदार देशों के नेता, प्रतिनिधि और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत की 2026 BRICS अध्यक्षता की थीम ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ है। सम्मेलन के दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ साझा प्राथमिकताओं पर BRICS देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होगी।

25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें

भारत की अध्यक्षता के दौरान देश के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य राजनीतिक एवं सुरक्षा, आर्थिक एवं वित्तीय तथा सांस्कृतिक और लोगों के बीच सहयोग के तीन प्रमुख स्तंभों के तहत BRICS की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना रहा।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत BRICS का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में तीन बार इसकी अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली। इस साल BRICS की स्थापना के 20 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

विश्व नेताओं और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। अलग-अलग सेक्टर और जोन में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

सम्मेलन की सुरक्षा के लिए करीब 15 हजार पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री फोर्स की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग के साथ वाहनों की जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

700 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी

IGI एयरपोर्ट से लेकर शांति पथ तक विश्व नेताओं के आवागमन वाले रास्तों पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने 700 से ज्यादा CCTV कैमरे और पांच कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।

तुगलक रोड थाने में बनाए गए विशेष CCTV कंट्रोल रूम से करीब 500 कैमरों की लाइव फीड पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक और सुरक्षा की निगरानी के लिए विशेष सर्विलांस कैमरे भी लगाए गए हैं।

कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध

BRICS सम्मेलन के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों और राष्ट्राध्यक्षों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध, डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही की व्यवस्था की है। ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, शनिवार को सुबह 9:30 बजे से रात 9 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही लागू रहेगी।

इस दौरान सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियारी सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग और शांति पथ समेत कई सड़कें प्रभावित रहेंगी।

इसके अलावा जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग पर भी ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है।

मेट्रो इस्तेमाल करने की अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और संभावित देरी को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन, खासकर दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने यात्रियों से निर्धारित डायवर्जन रूट और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। वहीं, आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी।

BRICS में 11 सदस्य और 10 साझेदार देश

BRICS में इस समय ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात समेत 11 सदस्य देश हैं। वहीं, बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम इसके साझेदार देशों में शामिल हैं।

BRICS के एजेंडे में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, जलवायु परिवर्तन, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा, वैश्विक अर्थव्यवस्था, दूरसंचार, कृषि, श्रम एवं रोजगार, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय ढांचे, व्यापार और विश्व व्यापार संगठन से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं।

IANS के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए