हालात

BRICS Summit 2026: दिल्ली की कई सड़कों पर आज से 3 दिन तक ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जानें रूट

दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक ब्रिक्स लीडर्स समिट 2026 के चलते कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और वैकल्पिक रूट बताए हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स लीडर्स समिट 2026 को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होने वाले समिट के मुख्य कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय डेलिगेशन और VIP काफिलों की आवाजाही के कारण दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से इन तीन दिनों के दौरान घर से निकलने से पहले अपना रूट प्लान करने की सलाह दी है।

इन प्रमुख सड़कों पर प्रभावित रहेगा ट्रैफिक

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, फिरोज शाह रोड, तुगलक रोड, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, अफ्रीका एवेन्यू और भीकाजी कामा प्लेस समेत कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा पुराना किला रोड, न्याय मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, APJ अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कर्तव्य पथ और सफदरजंग रोड से भी लोगों को बचने की सलाह दी गई है।

VIP मूवमेंट के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कुल 22 डायवर्जन पॉइंट तय किए हैं। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, KG मार्ग आउटर सर्कल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक और RML हॉस्पिटल राउंडअबाउट शामिल हैं। इसके साथ ही धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर, मदरसा T-पॉइंट, लोधी रोड के कई जंक्शन, नीला गुम्बद, ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे, DPS मथुरा रोड U-turn, रिंग रोड-बारापुला रोड और मंडी हाउस पर भी जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है।

रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास रूट

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए ISBT कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्कल वाला रास्ता सुझाया गया है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए ISBT से रिंग रोड, हनुमान मंदिर और S.P. मुखर्जी मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वालों को रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड से जाने की सलाह दी गई है।

एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो को सबसे बेहतर विकल्प बताया है। सड़क मार्ग से एयरपोर्ट जाने वालों के लिए भी अलग-अलग इलाकों से वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं। गुड़गांव से NH-48 और UER-II होते हुए T3 पहुंचा जा सकता है। द्वारका से सेक्टर-22 और UER-II टनल के रास्ते एयरपोर्ट जाने का विकल्प रहेगा। दक्षिण दिल्ली से रिंग रोड, मोती बाग, RTR मार्ग और महिपालपुर होते हुए T3 पहुंचा जा सकता है।

इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता, पार्किंग पर भी रोक

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, डायवर्जन वाले इलाकों में 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी। गैर-निर्धारित कमर्शियल वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी रोक रहेगी। बस सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी, हालांकि VIP काफिलों की आवाजाही के दौरान बसों को भी कुछ समय के लिए वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जा सकता है।

पुलिस ने साफ किया है कि इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में 11 से 13 सितंबर के बीच दिल्ली में सफर करने वालों के लिए जरूरी है कि वे प्रभावित सड़कों और डायवर्जन पॉइंट को ध्यान में रखते हुए पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि VIP मूवमेंट के दौरान अचानक लगने वाले डायवर्जन से परेशानी न हो।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए