
बजट पर प्रतिक्रिया देते हए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, “प्रतिदिन किसानों को सिर्फ 17 रुपये की राशि देने का ऐलान उनका अपमान है। यह फैसला किसानों के जख्म पर नमक छिड़कने जैसा है।”
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि अपने 2014 के चुनाव अभियान में बीजेपी ने मत्स्य पालन से जुड़े अलग से एक मंत्रालय गठन करने का वादा किया था, जिसे उसने पूरा नहीं किया।
अंतरिम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “इस सरकार के पास कोई नैतिक अधिकार या जिम्मेदारी नहीं है कि वह पांच साल का बजट पेश करे। जब वह सत्ता में नहीं रहेंगे, सरकार एक्सपायर हो जाएगी। एक्सपायरी के बाद अगर आप दवा देंगे तो क्या उसका कोई लाभ होगा?”
मोदी सरकार के अंतरिम बजट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। खड़गे ने कहा, “वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने सदन में चुनावी घोषणापत्र पढ़ा है। उन्होंने वोट के लिए घोषमाएं कीं। सरकार ने पांच एकड़ से कम जीन वाले किसानों किसानों के लिए 6 हजार रुपये सालाना देने का ऐलान किया है। इसका मतलब यह है कि किसानों को सरकार 500 रुपये महीने देगी। सरकार सिर्फ दो हजार रुपये इस साल देगी। बाकी किसानों को 4 हजार रुपये बाद में मिलेगा। सरकार इस चुनाव में पैसे बांट रही है। किसानों को खुश करने के लिए सरकार रिश्वत दे रही है।”
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और अरजेडी अध्यक्ष लालू यादव ने अंतरिम बजट को लेकर मोदी सरकार पर तंज कसा है। उनके ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा गया, “झूठ की टोकरी जुमलों के बाजार में सजाने का कोई फायदा नहीं। लोग अब जुमले सुनते ही नहीं बल्कि समझते भी हैं। समझ कर मुस्कुराते ही नहीं बल्कि ठहाका लगाते हैं।”
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार के अंतरिम बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “प्रिय नोमो आपकी पांच साल की नाकामी और घमंड ने किसानों की जिंदगी को बर्बाद कर दिया है। अब उन्हें हर रोज 17 रुपये की राशि देने का ऐलान कर आपने उनका अपमान किया है।”
पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले 45 सालों देश में बेरोजगारी दर उच्चतम स्तर पर है। लेकिन सरकार नौकरियों को लेकर इस बजट में एक शब्द नहीं कहा। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने शिक्षा को लेकर भी कोई ऐलान नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश के युवाओं और लोगों को इस बजट के जरिए धोखा दिया है।
पूर्व वित्त मंत्री पी चिंदबरम ने कहा कि किसानों को 500 रुपये महीना देने का ऐलान करने के बाद मोदी सरकार इसे किसानों के लिए बड़ी राहत की बात कर रही है। सरकार के इस ऐलान से किसानों को हर रोज करीब 17 रुपये मिलेगा। इससे किसानों का क्या होगा। उन्होंने कहा कि मोदी जी एक किसान को आधा कप चाय की कीमत के बराबर राहत देकर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं, देश के किसान के साथ इससे क्रूर मजाक नहीं हो सकता।
बजट पर कांग्रेस नेता चिदंबरम ने हमला किया है। उन्होंने कहा कि लेखानुदान की जगह पूर्ण बजट पेश कर मोदी सरकार ने संविधान का उल्लंघन किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, “आज पेश आम बजट पूरी तरह से चुनावी बजट होकर जुमला और छलावा साबित होगा। मोदी सरकार के इस आखिरी बजट से भी अच्छे दिन की उम्मीद खत्म हो गई। कार्यकाल के अंतिम समय में किसान, गरीब, मजदूर, गौ-माता की याद आई। किसानों के लिए घोषित राशि ऊंट के मुंह में जीरा के समान है।”
केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में मार्च से पहले 2 हजार डाला जाएगा।
स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा साल में 6 हजार रुपये देने का ऐलान किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने कहा कि यह मनरेगा या वृद्धावस्था पेंशन से भी कम है।
सरकार ने ऐलान किया है कि 2020 तक अगर आप सरकारी योजना के तहत घर लेने के लिए रजिस्टर करवाते हैं तो आपको इंकम टैक्स में छूट मिलेगी।
सरकार ने आयकर सीमा में छूट को दोगुना कर दिया है। इसे ढाई लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है। अब 5 लाख रुपये तक की आमदनी पर कोई टैक्स नहीं देना होगा।
इनकम टैक्स के स्लैब में सरकार ने कोई बदलाव नहीं किया है।
वित्तमंत्री ने कहा कि टैक्स रिटर्न की प्रक्रिया 24 घंटे में पूरी की जाएगी। टैक्स मल्यांकन के लिए आयकर दफ्तर नहीं जाना पड़ेगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि योजनाओं का फायदा बैंक खातों में सीधे देकर बिचौलियों को सरकार ने खत्म करने का काम किया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि नागरिक उड्डयन योजना के चलते एक सामान्य व्यक्ति हवाई सफर कर रहा है। देश में 100 से ज्यदा एयरपोर्ट चल रहे हैं। इसके साथ ही दुनिया में राजमार्ग बनाने में शीर्ष पर भारत है।
वित्त मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 'वन रैंक, वन पेंशन' लागू किया। उन्होंने कहा कि देश का रक्षा बजट 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।
सरकार ने असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए पीएम श्रम योगी मानधन योजना का ऐलान किया है। 60 साल उम्र सीमा पूरा होने के बाद इस पेंशन स्कीम के तहत 3 हजार रुपये पेंशन मिलेगा। इस योजना का लाभ पाने के लिए कामगारों हर महीने 100 रुपये जमा करने होंगे।
वित्त मंत्री ने कहा कि गायों को ध्यान में रखकर कामधेनु योजना की शुरूआत करेगी सरकार।
वित्त मंत्री पीयूष गोयल लोकसभा में अंतरिम बजट पेश कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार न्यूनतम आमदनी के रूप में 6 हजार रुपये हर साल देगी। 2 हेक्टयर खेत रखने वाले किसानों को ये पैसा दिया जाएगा। इस योजना से देश के 12 करोड़ किसानों को फायदा होगा। 1 दिसंबर 2018 से यह योजना लागू की जाएगी।
वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विद्युतीकरण में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि इन पांच सालों में गांव-गांव तक बिजली पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर काम किया है। वित्त मंत्री ने कहा कि स्वस्थ्य से जुड़ी कई योजनाएं देश में चलाई जा रही हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकारी घाटा कम हुआ है और 3.4 फीसदी तक लाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत में विदेशी निवेश बढ़ा है। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने क्लीन बैंकिंग के कई कदम उठाए हैं, बैंकिंग व्यवस्था को और पारदर्शी बनाया है और एनपीए कम करने पर जोर दिया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार वित्तीय घाटा आधा करने में कामयाब रही। उन्होंने कहा कि सरकार ने एनपीए कम करने की भी कोशिशश की।
अंतरिम बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हमारी सरकार ने महंगाई पर काबू पाया है।
संसद के बजट सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। वित्त मंत्री पीयूष गोयल अंतरिम बजट पेश कर रहे हैं।
संसद के बजट सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है, थोड़ी देर में वित्त मंत्री पीयूष गोयल अंतरिम बजट पेश करेंगे।
अंतरिम बजट को मंजूरी देने के बाद संसद में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक खत्म हो गई है। अब वित्त मंत्री पीयूष गोयल 11 बजे लोकसभा में बजट पेश करेंगे।
अंतरिम बजट पेश होने से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मोदी सरकार लोकलुभावन योजनाएं लाने की कोशिश करेगी। पिछले बजटों में लाई गई योजनाएं फेल हो चुकी हैं। उन योजनाओं से किसी को फायदा नहीं पहुंचा। आज बजट से सिर्फ जुमले निकलेंगे।”
कैबिनेट बैठक के लिए सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह और रविशंकर प्रसाद समेत कई मंत्री संसद पहुंच गए हैं।
अंतरिम बजट पेश होने से पहले कैबिनेट बैठक के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद पहुंच गए हैं। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अंतरिम बजट 11 बजे लोकसभा में बजट पेश किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोदी सरकार के अंतरिम बजट पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “जब हर क्षेत्र में देश गया घट, तो क्या करोगे ला कर बजट। तैयार हो जाइए आने वाला है झूठ का पुलिंदा जिसमें ‘सच’ को छोड़कर सब कुछ होगा।”
राष्ट्रपति भवन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंस से मिलने के बाद वित्त मंत्री पीयूष घोयल संसद के लिए रवाना हो गए हैं। वे 11 बजे अंतरिम बजट पेश करेंगे।
कड़ी सुरक्षा के बीच बजट की कॉपियां संसद भवन लाई गई हैं। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले आज मोदी सरकार अपने कार्यकाल का अंतरिम बजट पेश करेगी।
वित्त मंत्री पीयूष गोयल बजट बैग के साथ राष्ट्रपति भवन रवाना हो गए हैं। वहां से वे सीधे संसद भवन पहुंचेंगे और 11 बजे अंतरिम बजट पेश करेंगे।
2019 लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार आज अंतरिम बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री पीयूष गोयल सुबह 11 बजे लोकसभा में अंतरिम बजट पेश करेंगे। इस बजट से मध्यम वर्ग को काफी उम्मीदें हैं।
वित्त मंत्री पीयूष गोयल वित्त मंत्रालय पहुंच गए हैं। यहां से वे बजट बैग लेकर राष्ट्रपति भवन जाएंगे। इसके बाद वे सुबह 11 अंतरिम बजट पेश करेंगे
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Feb 2019, 9:18 AM IST