
बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मंजलपुर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी ह। चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
मतदान शुरू होने से पहले चुनाव अधिकारियों ने ईवीएम केंद्रों से मतदान कर्मियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और अन्य चुनाव सामग्री वितरित की। इसके बाद मतदान दल आवश्यक उपकरणों के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
अधिकारियों के मुताबिक, तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान कराया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं।
गौरतलब है कि इन बहुचर्चित उपचुनावों के लिए प्रचार अभियान 28 जुलाई को समाप्त हो गया था। इस दौरान सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने रैलियों, रोड शो और जनसंपर्क अभियानों के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश की।
पटना के शहरी क्षेत्र स्थित बांकीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में है। भारतीय जनता पार्टी ने युवा नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सूरज पार्टी ने राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर को मैदान में उतारा है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को टिकट देकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।
बांकीपुर सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि पांच बार के विधायक और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए थे, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर बीजेपी ने पहली बार चुनाव लड़ रहे आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने सातवीं बार चुनाव मैदान में उतरे वरिष्ठ नेता कुंवर घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया है।
यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को बैंक घोटाले के मामले में दोषी ठहराए जाने और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 8 तथा संविधान के अनुच्छेद 191(1)(ई) के तहत अयोग्य घोषित किए जाने के बाद 2 अप्रैल को खाली हुई थी।
गुजरात के वडोदरा स्थित मंजलपुर विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान जारी है। यह सीट वरिष्ठ बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी।
उपचुनाव में बीजेपी ने सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है। ऐसे में इस सीट पर दोनों दलों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए