
CEC ज्ञानेश कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों का 7-8 अक्टूबर का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित।
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, नई तारीख मिलने पर इसकी जानकारी दी जाएगी।
दौरे में दंतेश्वरी माता मंदिर, चित्रकोट झरना और भोरमदेव मंदिर जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था।
दौरा ऐसे समय में रद्द हुआ है जब दिल्ली में विपक्षी दल SIR को लेकर CEC के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई है। पत्र के मुताबिक, “अपरिहार्य कारणों” से यह दौरा स्थगित किया गया है और आयोग से नई तारीख मिलने के बाद इसकी सूचना अलग से दी जाएगी।
इस दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ में पहले से ही तैयारियां की जा रही थीं। ज्ञानेश कुमार को दंतेवाड़ा के प्रसिद्ध दंतेश्वरी माता मंदिर, बस्तर के चित्रकोट झरने और कवर्धा जिले के भोरमदेव मंदिर का दौरा करना था। उनकी यात्रा को देखते हुए उन्हें राजकीय अतिथि घोषित किया गया था और आवश्यक प्रोटोकॉल व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए थे। हालांकि, अब पूरा कार्यक्रम स्थगित हो गया है।
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के पत्र में साफ कहा गया है कि फिलहाल ज्ञानेश कुमार और आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे की नई तारीख तय नहीं हुई है। आयोग की ओर से संशोधित कार्यक्रम मिलने के बाद राज्य को इसकी जानकारी दी जाएगी।
दौरा स्थगित होने की यह जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब दिल्ली में विपक्षी दल चुनाव आयोग द्वारा कराए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। INDIA गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
मंगलवार, 6 अक्टूबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के नेताओं और सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग तक मार्च निकालने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस ने रास्ते में ही कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी शाम तक आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठे रहे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर धरना खत्म करा दिया।
इस प्रदर्शन को लेकर बीजेपी ने विपक्ष के आंदोलन को ‘ड्रामा’ करार दिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ ‘रोज का यह ड्रामा’ बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके बजाय विपक्ष को काम के आधार पर जनता का विश्वास और जनादेश हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए