
छत्तीसगढ़ की 70 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। सभी सीटों पर शाम 5 बजे तक वोट डालने का समय नियत था। दूसरे चरण के मतदान में शाम पांच बजे तक छत्तीसगढ़ में 67.34% मतदान दर्ज किया गया।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि बधाई छत्तीसगढ़! आप सब अपनी जीत सुनिश्चित कर चुके हैं। जो लोग बचे हुए हैं, उनको मतदान करने के लिए कहिए। अब जीत का अंतर बढ़ाना है। बस थोड़ा सा और दम, 2018 से बड़ी जीत ला रहे हैं हम।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के चरण-2 के लिए मतदान जारी हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुरुदडीह गांव में मतदान केंद्र संख्या 57 से अपना वोट डाला।
अपना वोट डालने से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और दुर्ग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार भूपेश बघेल ने कहा, "हमारे पास 75 से ज्यादा सीटें हैं। यहां लड़ाई एकतरफा है, कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।"
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और अंबिकापुर से पार्टी उम्मीदवार टीएस सिंह देव ने अंबिकापुर के महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की। टीएस सिंह देव ने कहा, "हमें अपनी जीत का पूरा भरोसा है। हर जगह सकारात्मक खबरें हैं।"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “छत्तीसगढ़ की जनता ने हम पर भरोसा किया और हमने भरोसे पर खरा उतरकर दिखाया है। इस महान प्रदेश की जनता बहुत नेक और मेहनतकश है। यह जनता-जनार्दन दिल्ली में बैठे सत्ताधीशों को अच्छे से पहचानती है। वे झूठ बोलते हैं और जनता के पैसे का भीषण दुरुपयोग करते हैं।”
उन्होंने आगे लिखा, “जनता के भोलेपन और सादगी को उसकी कमजोरी मानना अहंकार है। बीजेपी अहंकार में चूर है। लोगों को जुमलेबाजी, हवा-हवाई वादे और ढोंगी राजनीति नहीं, ठोस काम चाहिये। पिछली बार भी जनता ने बहुत उम्मीद के साथ कांग्रेस की सरकार बनाई थी। इस बार भी जनता इतने प्रचंड और विशाल बहुमत के साथ कांग्रेस को सत्ता में लायेगी कि बीजेपी का घमंड धूल में मिल जायेगा। हम भी जिम्मेदारी उठाने और जनता के सपनों को पूरा करने के लिये तैयार हैं। हमें आशीर्वाद दीजिये। छत्तीसगढ़ में पिछली बार से भी बड़े बहुमत से हमें विधानसभा भेजिए।
छत्तीसगढ़ जिंदाबाद।
कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद।”
पीएम मोदी ने कहा, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में आज दूसरे और आखिरी दौर का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। आपका हर वोट लोकतंत्र के लिए बहुमूल्य है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट किया, “छत्तीसगढ़ के सभी मतदाताओं से विनम्र निवेदन है कि दूसरे चरण के चुनाव में अपना बहुमूल्य वोट का प्रयोग ज़रूर करें। आपने न्याय युक्त शासन को क़ायम रखना है, यही छत्तीसगढ़ को विकास, प्रगति और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम है।”
खड़गे ने आगे लिखा, “हमारे युवा वोटर जो पहली बार मतदान कर रहें हैं उनका विशेष स्वागत व अभिनंदन। लोकतंत्र को मज़बूत बनाइये, भरोसा बरक़रार रखिये। क्योंकि … “बात हे अभिमान के छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान के !”
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ''आज बाकी 70 सीटों के लिए मतदान होगा। आपका एक वोट युवाओं, किसानों, महिलाओं का भविष्य तय करेगा। कृपया वोट करने के लिए अपने घरों से निकलें। बेहतरी के लिए वोट करें।”
नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 9 मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया है और दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के तहत 70 विधानसभा सीटों पर आज मतदान होगा। गरियाबंद जिले की बिंद्रानवागढ़ सीट को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी।
राज्य में दो चरणों में मतदान हो रहा है. पहले चरण में 90 में से 20 सीटों पर मतदान हुआ था। आज बाकी 70 सीटों पर वोटिंग होनी है। इन 70 सीटों पर कुल 958 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं जिनमें 827 पुरुष, 130 महिला और एक तृतीय लिंग प्रत्याशी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 17 Nov 2023, 7:04 AM IST