
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी, वामपंथी दलों और ममता बनर्जी की पार्टी का समर्थन मिलने की बात कही गई है। CJP की प्रमुख मांगों में SIR प्रक्रिया को रद्द करना, कथित तौर पर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मामले में जवाबदेही तय करना और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग शामिल है।
पार्टी की ओर से समर्थकों से सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की गई है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके अपने सहयोगियों सौरभ दास, आशुतोष रांका और अन्य समर्थकों के साथ सुबह 9:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश करेंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी है।
अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सुबह सुबह हुई कार्रवाई को लेकर कहा कि हमारे विरोध-प्रदर्शन के शुरू होने से पहले ही मोदी ने हार मान ली है। प्रदर्शनकारियों पर बड़े पैमाने पर की गई कार्रवाई और दिल्ली को बंद करना मज़बूती की नहीं, बल्कि अपने ही लोगों से डरे हुए नेता की निशानी है।
अभिजीत दीपके ने साफ किया है कि उन्हें जहां भी रोका जाएगा, वे वहीं विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जेल जाने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन प्रदर्शन होकर रहेगा। सुबह-सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दीपके ने लिखा, “जिंदगी जीने के दो ही तरीके होते हैं...एक जो हो रहा है, होने दो, बर्दाश्त करते जाओ...या फिर जिम्मेदारी उठाओ उसे बदलने की।”
CJP और विपक्षी दलों के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 23 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग की गई है। लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 का हवाला देते हुए लोगों से वहां इकट्ठा नहीं होने को कहा जा रहा है।
प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही जनपथ, कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर रोड समेत प्रमुख इलाकों में तीन से चार स्तर की बैरिकेडिंग कर दी गई है। ऐसे में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क नजर आ रही हैं।
संसद मार्ग की तरफ जाने वाली सड़क एक साइड से पूरी तरह बंद है और उस तरफ़ जाने वाले पैदल लोगो को भी वापस भेजा जा रहा है। पुलिस अफसरों की वर्दी पर बॉडीकैम लगे हैं। जंतर मंतर पर सिर्फ मीडिया को अंदर जाने की अनुमति है। रैपिड एक्शन फ़ोर्स की गाड़िया खड़ी और प्राइवेट बसें खड़ी है की अगर प्रदर्शनकारी वहां तक पहुंचते हैं तो उन्हें हिरासत लिया जा सके।
नई दिल्ली और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली स्पेशल और मेल ट्रेनें रद्द की गई है। दोपहर 2 बजे तक 75 टेनें रद्द हैं। 45 मेट्रो स्टेशन पर एंट्री-एग्जिट बंद कर दिए गए हैं। आज शराब की दुकानें बंद करने का आदेश दिया गया है। दिल्ली में 10 डिटेंशन सेंटर भी बनाए गए हैं। इसके साथ ही नई दिल्ली जिले में जंतर मंतर के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए