हालात

CJP Protest का बाजारों पर भी असर, कनॉट प्लेस, भागीरथ पैलेस, सदर समेत कई बाजार बंद, जानें कहां जारी रहेगा कारोबार

कनॉट प्लेस, सदर बाजार, भागीरथ पैलेस और न्यू लाजपत राय मार्केट समेत कई बाजार बंद रहेंगे, जबकि सरोजिनी नगर और लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट खुली रहेंगी। मटियामहल में जरूरी सामान की दुकानें खुलने की जानकारी दी गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के चलते कनॉट प्लेस, सदर बाजार, भागीरथ पैलेस, चावड़ी बाजार और करोल बाग के दोपहिया स्पेयर पार्ट्स बाजार में शनिवार को छुट्टी रहेगी।

  • पुलिस की सलाह, प्रदर्शन की आशंका और आवाजाही में संभावित दिक्कतों को देखते हुए व्यापारिक संगठनों ने बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है।

  • सरोजिनी नगर और लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट में कारोबार जारी रहेगा। दोनों इलाकों के मेट्रो स्टेशन भी खुले होने की जानकारी दी गई है।

दिल्ली में 10 अक्टूबर यानी आज सीजेपी के प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए राजधानी के कई प्रमुख बाजारों में शनिवार को कारोबार बंद रखने का फैसला लिया गया है। कनॉट प्लेस, न्यू लाजपत राय मार्केट, भागीरथ पैलेस का बिजली बाजार, चावड़ी बाजार के लोहा भवन, करोल बाग का दोपहिया स्पेयर पार्ट्स बाजार, मटियामहल और सदर बाजार समेत कई व्यापारिक क्षेत्रों में छुट्टी रहेगी।

सुरक्षा को देखते हुए व्यापारियों को बंद रखने की सलाह

नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विक्रम बधवार के मुताबिक, अधिकारियों की सलाह और कनॉट प्लेस (CP) के आसपास की स्थिति को ध्यान में रखते हुए शनिवार को दुकानें, रेस्टोरेंट और कार्यालय बंद रखने की सलाह दी गई है। वहीं, दिल्ली स्कूटर ट्रेडर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विजय हुरिया ने बताया कि कुछ संगठनों की ओर से बड़े प्रदर्शन का आह्वान किए जाने के कारण अव्यवस्था की आशंका है। इसी को देखते हुए दोपहिया स्पेयर पार्ट्स बाजार को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

मटियामहल में जरूरी सामान की दुकानें खुलेंगी

मटियामहल ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान हाजी सलीमुद्दीन ने बताया कि बाजार में सामान्य कारोबार बंद रहेगा, लेकिन आवश्यक वस्तुओं की बिक्री करने वाली दुकानें खुली रहेंगी। इससे जरूरी सामान खरीदने वाले लोगों को राहत मिल सकेगी।

दिल्ली के इन बाजारों में जारी रहेगा कारोबार

जहां सुरक्षा कारणों से कई बाजार बंद रखने का फैसला लिया गया है, वहीं राजधानी के कुछ प्रमुख बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सरोजिनी नगर मिनी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने बताया कि सरोजिनी नगर बाजार शनिवार को खुला रहेगा। उनके मुताबिक, यहां का मेट्रो स्टेशन भी चालू है।

इसी तरह, फेडरेशन ऑफ लाजपत नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि 10 अक्टूबर को लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट खुली रहेगी और लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन पर भी सेवाएं जारी रहेंगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए