
गुजरात की वडगाम विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवाणी को असम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। असम पुलिस की टीम ने जिग्नेश मेवाणी को पालनपुर सर्किट हाउस से बुधवार रात करीब 11:30 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद असम पुलिस अहमदाबाद एयरपोर्ट से जिग्नेश मेवानी को असम के खोखराजार जिले के भभनीपुर पोलिस स्टेशन ले गई।
जिग्नेश मेवाणी के खिलाफ यह मामला 18 तारीख के उनके ट्वीट से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा था। अनूप कुमार डे नाम के व्यक्ति ने इस संबंध में भावना आहत होने का आरोप लगाते हुए भभनीपुर पोलिस स्टेशन में इफआइआर दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि जिग्नेश मेवानी के ट्वीट से दो समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ेगा। ऐसे में उसने मेवाणी के खिलाफ कानूनी कारवाई की मांग की। केस दर्ज करते हुए असम पुलिस हरकत में आई और जिग्नेश मेवाणी को गिरफ्तार कर असम ले गई।
जिग्नेश मेवाणी की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "मोदी जी, आप राज्य मशीनरी के जरिए असहमति को कुचलने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन आप सच को कभी कैद नहीं कर सकते।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 21 Apr 2022, 10:05 AM IST