
राजस्थान के कोटा में अपनी छात्रों के साथ सीधे संवाद करने के बाद लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी अब उत्तर प्रदेश पहुंचेंगे। कोटा में कांग्रेस की "छात्रों की गूंज" पहल के तहत राहुल गांधी ने छात्रों से सीधे बातचीत की थी। अब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ऐसा ही कार्यक्रम होगा। कांग्रेस ने जुलाई के दूसरे हफ़्ते में होने वाली इस विशेष रैली के लिए छात्रों और युवाओं को एकजुट करने के मकसद से 25 जून 2026 से बड़े पैमाने पर संपर्क अभियान शुरू करने ऐलान किया है।
कांग्रेस ने इस अभियान की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनिल यादव को सौंपी है, जो प्रयागराज में होने वाले छात्र कार्यक्रम की बागडोर संभालेंगे। इसके अलावा छात्रों पर केंद्रित पूरे महीने चलने वाले अभियान की निगरानी का जिम्मा भी अनिल यादव को दिया गया है। इस दौरान पेपर लीक जैसे छात्रों के मुद्दे, भर्तियों में देरी, बेरोजगारी और अच्छी शिक्षा की कमी को केंद्र में रखा जाएगा।
Published: undefined
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रयागराज में नुक्कड़ सभाएं, नुक्कड़ नाटक, पर्चा वितरण, मशाल जुलूस और छात्रों-शिक्षकों और नागरिक समाज के लोगों के साथ बैठकें करेंगे। इसके अलावा मिस्ड कॉल कैंपेन भी शुरु किया जा रहा है, जिसके जरिए छात्र इन कार्यक्रमों से जुड़ सकेंगे।
अनिल यादव का कहना है कि “प्रयागराज ऐतिहासिक तौर पर छात्र राजनीति का केंद्र रहा है। और, राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे और उनकी चिंताओं के प्रभावशाली तरीके से उठा रहे हैं।“ पार्टी नेताओं का कहना है कि इस अभियान का मकसद छात्रों को शिकायतों को एक विस्तृत राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाना है। अभियान के दौरान न सिर्फ कांग्रेस से संबद्ध छात्र कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा बल्कि अन्य संगठनों और पूर्व छात्र यूनियन नेताओं के भी इससे जोड़ा जाएगा। कांग्रेस इसी तरह के कार्यक्रम पटना और दिल्ली में भी करने की योजना बना रही है।
Published: undefined
अभियान के दौरान अगले 15 दिनों में विभिन्न कैंपस में जाकर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच पेपर लीक, भर्ती और परीक्षाओं में देरी जैसे मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक अभियान शुरु किया जाएगा। हालांकि राहुल गांधी के प्रयागराज कार्यक्रम की अभी तिथि घोषित नहीं हुई है, लेकिन तैयारी कोटा स्टाइल कार्यक्रम करने की ही की जा रही हैं।
छात्रों तक पहुंच का कांग्रेस का कार्यक्रम ऐसे समय में आयोजित हो रहा है जब उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों के लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। हाल के महीनों में, उम्मीदवारों ने परीक्षाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सड़कों पर प्रदर्शन किया है, कुछ मामलों में दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है और उत्तर कुंजी (आंसर की) और मूल्यांकन प्रक्रियाओं का खुलासा न करने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। भर्ती में देरी और सरकारी नौकरियों में रिक्तियों पर चिंताएं भी राज्य भर में छात्र आंदोलनों में उठाए जा रहे मुद्दों के रूप में उभरी हैं।
Published: undefined
कांग्रेस द्वारा छात्र संवाद के लिए प्रयागराज को चुनना एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति मानी जा रही है। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े एजुकेशन हब में से एक होने के अलावा, प्रयागराज लंबे समय से छात्र राजनीति का केंद्र रहा है। हाल ही में परीक्षा से जुड़े मुद्दों और भर्ती को लेकर हुए कई विरोध-प्रदर्शनों को यहां के छात्रों का काफी समर्थन मिला है।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी युवाओं वर्गों, खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले उन युवाओं की बढ़ती निराशा को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है जो पेपर लीक, रद्द हुई परीक्षाओं, भर्ती में देरी, दोबारा परीक्षा और आरक्षण से जुड़ी बहसों से प्रभावित हुए हैं। "छात्रों की गूंज" के ज़रिए, पार्टी इन चिंताओं को उठाने वाले मंच के तौर पर खुद को पेश करने और साथ ही पहली बार वोट देने वाले और युवा वोटरों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की उम्मीद कर रही है।
छात्र कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस प्रयागराज क्षेत्र में अपनी बेहतर चुनावी स्थिति को और मजबूत करने की उम्मीद कर रही है। इलाहाबाद से फिलहाल कांग्रेस के उज्ज्वल रमन सिंह लोकसभा सांसद हैं। 2024 के चुनावों में उनकी जीत ने पार्टी को उस शहर में पैर जमाने का मौका दिया, जिसके नेहरू-गांधी परिवार के साथ ऐतिहासिक रूप से गहरे राजनीतिक संबंध रहे हैं।
Published: undefined
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के भी प्रयागराज कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ शामिल होने की संभावना है, हालांकि अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। पार्टी नेता इस कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को फिर से मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी करने की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा मानते हैं।
17 जून को कोटा छात्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था, "भारत की शिक्षा प्रणाली एक जबरन वसूली मशीन है। हम एक ऐसी प्रणाली चाहते हैं जो आपको बड़े सपने देखने की अनुमति दे।" उन्होंने यह भी कहा था कि यह अभियान "कोई राजनीतिक बैठक नहीं है... (बल्कि) उन युवाओं के बारे में है जो अपने अच्छे भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
Published: undefined
प्रयागराज के साथ ही उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के दूसरे शहरों में भी प्रेस कांफ्रेंस आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्वालियर में सांसद पप्पू यादव छात्रों की गूंज के तहत प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इसके अलावा पटना में अनुपम, चंडीगढ़ में राजीव शुक्ला, अहमदाबाद में बंटी सतेज पाटिल, देहरादून में रंजीत रंजन, पूर्णियां में नदीम जावेद, भोपाल में इमरान मसूद, बेंग्लुरु में वर्षा गायकवाड, दिल्ली में गौरव गोगोई, हैदराबाद में विक्रांत भूरिया, कोटा में जिग्नेश मेवाणी, जयपुर में अशोक तंवर, नागपुर में शमा मोहम्मद, चेन्नई में रोजी एम जॉन, रांची में इमरान प्रतापगढ़ी, सीकर में श्रीनिवास बी वी, कोलकाता में सुप्रिया श्रीनेत, पुणे में कन्हैया कुमार, श्रीनगर में उदय भानु छिब, भुवनेश्वर में पवन खेड़ा आदि नेता प्रेस कांग्रेस करेंगे।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined