हालात

आकाश आनंद बाहर, ईशान को मिल सकती है कमान? लखनऊ में BSP की अहम बैठक आज

इस बैठक में मायावती के भतीजे ईशान आनंद को लेकर भी फैसला हो सकता है। चर्चा है कि उन्हें पार्टी में फिर से कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

फाइल फोटोः IANS
फाइल फोटोः IANS 

  • मायावती लखनऊ में राष्ट्रीय पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी।

  • आगामी विधानसभा चुनाव, संगठन की मजबूती और संभावित उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा हो सकती है।

  • मायावती के भतीजे ईशान आनंद को पार्टी में दोबारा अहम जिम्मेदारी देने पर फैसला संभव है।

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की आज लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में अहम बैठक होने जा रही है। पार्टी सुप्रीमो मायावती राष्ट्रीय पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। इसमें संगठन से जुड़े मुद्दों के साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बैठक में पार्टी के संगठन को मजबूत करने, संभावित उम्मीदवारों के चयन और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर नेताओं से फीडबैक लिया जा सकता है। प्रदेश स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहने की संभावना है।

ईशान आनंद की भूमिका पर नजर

इस बैठक में मायावती के भतीजे ईशान आनंद को लेकर भी फैसला हो सकता है। चर्चा है कि उन्हें पार्टी में फिर से कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। इससे पहले उन्हें मुख्य सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन कुछ समय बाद उन्हें इस पद से हटा दिया गया था।

मायावती पहले ईशान आनंद को पार्टी में आगे बढ़ाने की बात कह चुकी हैं। हालांकि, बाद में इस फैसले में बदलाव किया गया था। परिवार और पार्टी के भीतर हुए बदलावों के बाद ईशान की भूमिका भी सीमित हो गई थी। अब एक बार फिर उनके लिए संगठन में बड़ी जिम्मेदारी की चर्चा है। बुधवार की बैठक के बाद इस पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

चुनावी तैयारियों पर भी होगी चर्चा

BSP की यह बैठक आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मायावती वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन की मौजूदा स्थिति, चुनावी रणनीति और संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा कर सकती हैं।

बैठक में बदलते राजनीतिक माहौल का भी आकलन किया जाएगा। खास तौर पर पार्टी की जमीनी स्थिति और संगठन को चुनाव से पहले और मजबूत करने के तरीकों पर नेताओं से सुझाव लिए जा सकते हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए