
दिल्ली में आज भी प्रदूषण का स्तर गंभीर बना हुआ है और जहांगीरपुरी में सबसे अधिक 459 AQI दर्ज किया गया।
IIT दिल्ली में AQI 450, पंजाबी बाग में 448 और DTU में 437 दर्ज किया गया, जबकि कई अन्य इलाके भी गंभीर श्रेणी में हैं।
बुधवार को दिल्ली का औसत AQI 377 रहा था, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रियल टाइम आंकड़ों के अनुसार, सुबह 6 बजे जहांगीरपुरी में सबसे अधिक AQI 459 रहा। वहीं, IIT दिल्ली में 450 और पंजाबी बाग में 448 दर्ज किया गया। प्रदूषण का यह स्तर हवा की गंभीर स्थिति को दिखाता है।
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार सुबह DTU में AQI 437, विवेक विहार में 436, अलीपुर में 433, मुंडका में 423, ITO में 414 और बवाना में 413 दर्ज किया गया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में वायु गुणवत्ता सूचकांक 393 रहा। AQI का 400 से ऊपर पहुंचना गंभीर श्रेणी में माना जाता है। इस स्तर का प्रदूषण स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी असर डाल सकता है, जबकि पहले से बीमार लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
राजधानी में पिछले कुछ दिनों से हवा की गुणवत्ता लगातार बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। बुधवार (4 नवंबर) को दिल्ली का औसत AQI 377 दर्ज किया गया था। हालांकि, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार बना हुआ था। गुरुवार सुबह भी अलग-अलग इलाकों के आंकड़े बताते हैं कि प्रदूषण से फिलहाल राहत नहीं मिली है।
ऐसे हालात में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और बाहर जाते समय मास्क का इस्तेमाल करें। खासकर पहले से बीमार लोगों को प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचना चाहिए।
प्रदूषण के बीच गुरुवार सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में हल्का कोहरा भी दिखाई दिया, जिससे विजिबिलिटी में थोड़ी कमी रही। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह कोहरे के बाद दिन में धूप निकलेगी।
मौसम विभाग ने गुरुवार को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। IMD के मुताबिक, अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। इसमें पिछले दिन के मुकाबले 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। राजधानी में नमी का स्तर 61 से 98 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। इस दौरान दिल्ली में पश्चिमी हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए