
कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संस्थापक सौरभ दास की ब्रिटेन यात्रा पर लगी रोक ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली की टाइमिंग को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार देर रात दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जब दास लंदन की फ्लाइट पकड़ने पहुंचे, तो इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनका पासपोर्ट 'फ्लैग्ड' बताकर उन्हें रोक लिया। बता दें कि सौरभ दास के अनुसार, वह ब्रिटेन के मशहूर ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में लेक्चर देने जा रहे थे।
रिपोर्टों के अनुसार, चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उन्हें नोटिस भेजकर उनके पासपोर्ट और आधार कार्ड में जन्म स्थान को लेकर दी गई अलग-अलग जानकारियों को स्पष्ट करने को कहा है। पासपोर्ट कार्यालय ने सौरभ दास को इस संबंध में वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने और स्थिति को स्पष्ट करने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया है और पूछा है कि उनका पासपोर्ट क्यों नहीं रद्द किया जाना चाहिए?
दूसरी ओर सौरव दास ने उन्हें ब्रिटेन जाने से रोके जाने के बाद बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया। दिल्ली हाईकोर्ट ने याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया। सौरव दास के वकील ने बुधवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (एसीजे) नितिन वासुदेव साम्ब्रे के सामने इस मामले का जिक्र किया और बुधवार को ही तत्काल सुनवाई की मांग की।
सौरव दास के वकील ने कहा, "मुझे इमिग्रेशन पर रोका गया। मुझे कोई आदेश नहीं दिखाया गया। न तो कोई एलओसी था और न ही किसी अथॉरिटी की ओर से मुझे विदेश यात्रा करने से रोकने का कोई निर्देश था। मैं अपनी याचिका पर आज ही तत्काल सुनवाई की मांग कर रहा हूं। अगर सुनवाई हो जाए, तो मैं 27 तारीख तक यूनाइटेड किंगडम पहुंच सकता हूं।
उन्होंने हाईकोर्ट से बुधवार को ही इस मामले पर सुनवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि सौरव दास की फ्लाइट गुरुवार शाम को है, और अगर इस पर तुरंत सुनवाई नहीं हुई, तो याचिका का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। हालांकि, एसीजे साम्ब्रे ने तत्काल सुनवाई की मांग को खारिज कर दिया और कहा कि इस मामले पर गुरुवार को सुनवाई होगी। एक्टिंग चीफ जस्टिस ने कहा, "इसे कल के लिए रहने दें।
सौरव दास ने सोमवार रात को 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया था कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एक लेक्चर देना था। यह घटनाक्रम सौरव दास की प्रस्तावित विदेश यात्रा को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच सामने आया।
जब पासपोर्ट ऑफिस किसी को नोटिस भेजता है, तो उस व्यक्ति के पासपोर्ट पर एक चेतावनी यानी फ्लैग लग जाती है। इसकी जानकारी सीधे एयरपोर्ट के इमिग्रेशन अधिकारियों तक पहुंच जाती है, जिससे वे अलर्ट हो जाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफिस ने सोमवार शाम को सौरभ दास को एक ईमेल भेजकर नोटिस दिया था। इसमें उनसे 7 दिनों के अंदर यह साफ करने को कहा गया था कि उनके आधार कार्ड और पासपोर्ट में जन्म की जगह अलग-अलग क्यों लिखी है। हालांकि, सौरभ दास का कहना है कि उन्होंने यह ईमेल नहीं देखा था। जानकारी के अनुसार, सौरभ दास का यह पासपोर्ट 21 अगस्त 2019 को चेन्नई के पासपोर्ट ऑफिस से बना था। इसमें उनका जन्मस्थान चेन्नई लिखा हुआ है, जबकि असल में उनका जन्म दिल्ली में हुआ था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए