
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के ऐलान के बीच 11 मेट्रो स्टेशनों पर अगले आदेश तक एंट्री और एग्जिट बंद।
जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक समेत 11 स्टेशन इनमें शामिल हैं।
राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन यात्री बाहर नहीं निकल सकेंगे।
डीएमआरसी ने यात्रियों से यात्रा से पहले आधिकारिक अपडेट चेक करने की अपील की है।
राजधानी दिल्ली में आज विरोध-प्रदर्शनों के ऐलान के बीच मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दी है। डीएमआरसी के मुताबिक, इन स्टेशनों पर अगले आदेश तक यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी।
डीएमआरसी के सर्विस अपडेट के अनुसार, जिन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद किए गए हैं, उनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं।
ये सभी स्टेशन नई दिल्ली जिले और सेंट्रल दिल्ली के महत्वपूर्ण और व्यस्त इलाकों में स्थित हैं। ऐसे में इन स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
डीएमआरसी ने यात्रियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन में बदल सकेंगे।
हालांकि, इन स्टेशनों पर न तो यात्री बाहर निकल सकेंगे और न ही बाहर से स्टेशन के अंदर प्रवेश कर सकेंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर कई संगठनों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद करने का फैसला भी इसी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर जारी अपडेट जरूर चेक करें, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए