
दिल्ली पुलिस ने ममता बनर्जी को हिरासत में लिया
पार्टी नेताओं के साथ साउथ एवेन्यू के बस स्टैंड पर बैठी थीं
ममता ने विरोध के तौर पर मुंह पर बैंड-ऐड चिपका रखा था
वोच चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के प्रोटेस्ट के दौरान प्रदर्शन कर रहीं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के नेता साउथ एवेन्यू स्थित एक बस स्टैंड पर धरने पर बैठ गए थे जहां से दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी ने विरोध के तौर पर अपने मुंह पर बैंड-ऐड चिपका रखा था। सूत्रों के मुताबिक, यह उनकी आवाज दबाए जाने के खिलाफ सांकेतिक विरोध था। इस विरोध-प्रदर्शन के दौरान उनके बस में मौजूद होने के विजुअल्स भी सामने आए हैं। बस के अंदर ही उन्होंने महिषासुर मर्दिनी का पाठ किया। वे "जागो दुर्गा, जागो दशप्रहरणधारिणी, जागो दुर्गा, जागो दशप्रहरणधारिणी। अभया शक्ति बलप्रदायिनी तुमि जागो, जागो तुमि जागो" गाती नजर आईं।
यह प्रसिद्ध पंक्ति महिषासुर मर्दिनी के आगमन और देवी दुर्गा के जागरण के लिए की जाने वाली प्रार्थना से हैं। यह मूल रूप से बंगाली भाषा में है। इसका हिंदी में अर्थ है - "जागो दुर्गा, जागो दस हाथों में अस्त्र धारण करने वाली। हे भयमुक्त करने वाली, शक्ति और बल प्रदान करने वाली, तुम जागो। जागो, तुम जागो।" यह दुर्गा पूजा से जुड़ा एक बेहद महत्वपूर्ण स्तोत्र है, जिसे बंगाल में शक्ति और न्याय की प्रतीक के रूप में देखा जाता है।
इसे भी पढ़ें: 1942 में अंग्रेज़ी शासन ने जिस तरह किया था भारतीयों का दमन, मोदी सरकार अपना रही है वैसे ही तरीके
बता दें कि शनिवार सुबह से ही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आह्वान पर दिल्ली में लोग जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए निकलने लगे। लेकिन दिल्ली पुलिस और केंद्रीय बलों ने जगह-जगह रोककर लोगों को हिरासत में ले लिया। इससे पहले आज सुबह ही सीजेपी फाउंडर अभिजीत दिपके और प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही हिरासत में ले लिया गया था, जब वे प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे।
इसे भी पढ़ें: अभिजीत दिपके, रांका और सौरभ को हिरासत में लिया गया, लैंड होते ही फ्लाइट के अंदर घुसी दिल्ली पुलिस
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के युवा, छात्र, वकील, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, किसान यूनियन के नेता, यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर समेत सरकार पर सवाल उठाने वाले सभी लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने ‘लोकतंत्र की जननी’ को ‘खामोश लोकतंत्र’ में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी-आरएसएस की कायरता खुलकर सामने आ गई है।
इसे भी पढ़ें: 'युवाओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन से बुरी तरह घबराई और बौखलाई हुई है मोदी-शाह की जोड़ी', जयराम का केंद्र पर हमला
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए