हालात

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, आज लाल किले पर फुल ड्रेस रिहर्सल, इन रास्तों पर नो एंट्री

स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते आज दिल्ली में कई सड़कें बंद रहेंगी। कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

देश 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा है। इसी सिलसिले में 13 अगस्त को लाल किले पर फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत 13 अगस्त को सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले और आसपास के इलाकों में कई सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी और कई मार्गों पर डायवर्जन लागू होगा। ऐसे में घर से निकलने वाले लोगों को पहले से अपना रास्ता तय करने की सलाह दी गई है।

इन सड़कों पर सामान्य वाहनों की एंट्री बंद

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक तक, लोथियन रोड पर GPO दिल्ली से छत्ता रेल चौक तक और एसपी मुखर्जी मार्ग पर एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। चांदनी चौक रोड पर फाउंटेन चौक से लाल किले तक और निशाद राज मार्ग पर रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक भी यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा एस्प्लेनेड रोड और लिंक रोड से नेताजी सुभाष मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते तथा राजघाट से ISBT कश्मीरी गेट तक रिंग रोड पर भी सामान्य वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।

इन रास्तों पर जाने से भी बचें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुछ ऐसे प्रमुख रास्तों का भी इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है, जहां रिहर्सल के दौरान भारी भीड़ रहने की संभावना है। इनमें C-Hexagon और इंडिया गेट, कोपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, BSZ मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, JLN मार्ग और निजामुद्दीन खट्टा से ISBT कश्मीरी गेट तक रिंग रोड शामिल हैं। आउटर रिंग रोड के सलीमगढ़ बाईपास वाले हिस्से से भी जाने से बचने की सलाह दी गई है।

इन वैकल्पिक रास्तों से निकल सकते हैं वाहन

उत्तर से दक्षिण दिशा में जाने वाले वाहन और यात्री औरोबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं पूर्व से पश्चिम दिशा में आवाजाही के लिए NH-24/NH-9, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड और रिंग रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ट्रांस-यमुना से उत्तर दिल्ली की तरफ जाने वाले लोग पुश्ता रोड, GT रोड, युधिष्ठिर सेतु और ISBT कश्मीरी गेट को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं।

मालवाहक वाहनों और बसों पर भी असर

ट्रैफिक प्रतिबंधों का असर मालवाहक वाहनों और बस सेवाओं पर भी पड़ेगा। 12 अगस्त की रात 12 बजे से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच अंतरराज्यीय बसों का संचालन भी प्रभावित रहेगा। DTC और क्लस्टर बसों को प्रभावित मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। सामान्य बस सेवाएं 13 अगस्त सुबह 11 बजे के बाद बहाल होने की उम्मीद है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा पहले से प्लान करने, प्रतिबंधित सड़कों से बचने और उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों और डायवर्जन संकेतों का पालन करने की सलाह दी गई है। लोगों से घर से निकलते समय अतिरिक्त समय लेकर चलने को कहा गया है, ताकि रास्ते में ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण परेशानी न हो।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए