
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में स्वाइन फ्लू के 5 मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। संक्रमितों में एक जेल अधिकारी भी शामिल है। सभी मरीजों का इलाज लखनऊ में चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मामले सामने आने के बाद जिले में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बाराबंकी के डिप्टी सीएमओ डॉ. लव गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग स्वाइन फ्लू को लेकर पूरी तरह गंभीर है और हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर दवाइयां उपलब्ध हैं। जिला अस्पताल में बच्चों के टीकाकरण की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सभी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और जरूरी एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
डॉ. गुप्ता ने लोगों से घबराने की बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सामान्य फ्लू जैसे लक्षण वाला बुखार है, जो ठीक हो जाता है। उन्होंने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने और रुमाल व मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी। खास तौर पर खांसी या जुकाम से पीड़ित लोगों को अधिक सावधानी बरतने को कहा गया है।
डिप्टी सीएमओ के मुताबिक, जिले में मिले मामलों में से दो मरीज बिंदौरा और अर्बन बाराबंकी क्षेत्र में मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों मरीजों का निरीक्षण कर चुकी है और उनका उपचार चल रहा है। दोनों की स्थिति सामान्य है और वे ज्यादा गंभीर नहीं हैं, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
इसके अलावा दो मरीज हैदरगढ़ और दरियाबाद में मिले हैं। ये दोनों लखनऊ में ही रहते थे और उनका इलाज भी लखनऊ में चल रहा है। उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। वहीं, शुक्रवार को मसौली में एक नया मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम इसकी जांच कर रही है और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जाएगी।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से भी लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है। जिला चिकित्सालय और सभी CHC में स्वाइन फ्लू के लिए अलग से वार्ड तैयार किए जा रहे हैं। जिन लोगों में बुखार, खांसी और जुकाम जैसे सामान्य लक्षण दिखाई दे रहे हैं और उनमें स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण मिलते हैं, उनके लिए टेस्टिंग और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जांच के साथ जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए