हालात

दिल्ली-NCR में भारी बारिश से उड़ान सेवाएं प्रभावित, IndiGo और Air India ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के कारण विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। IndiGo और Air India ने यात्रियों को उड़ान में संभावित देरी की चेतावनी देते हुए एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

दिल्ली और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश से विमान सेवाएं प्रभावित हो गई हैं और इंडिगो एवं एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने कहा कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण उड़ान संचालन में देरी हो सकती है। एयरलाइन ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की अपील की। साथ ही यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी, क्योंकि जलभराव और सड़कों पर धीमी आवाजाही से एयरपोर्ट पहुंचने में दिक्कत हो सकती है।

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने भी यात्रियों को चेतावनी दी कि खराब मौसम के कारण दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।

हालांकि, आईजीआई एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी जीएमआर ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार एयरपोर्ट के आसपास खराब मौसम की संभावना है, लेकिन फिलहाल एयरपोर्ट का संचालन सामान्य रूप से जारी है।

एयरपोर्ट संचालक ने कहा कि यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए उसकी ग्राउंड टीमें सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर रही हैं। यात्रियों को उड़ान की ताजा जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली और आसपास के इलाकों, जिनमें नोएडा और गाजियाबाद भी शामिल हैं, में सुबह मध्यम बारिश हुई। इससे हाल की गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई।

पालम एयरपोर्ट टनल, गीता कॉलोनी, मंडी हाउस और सुब्रतो पार्क समेत कई इलाकों में जलभराव की सूचना मिली, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और सामान्य जनजीवन बाधित हुआ।

बारिश के कारण दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर 24.8 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 3.4 डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार रात 11:30 बजे से शनिवार सुबह 5:30 बजे के बीच सफदरजंग में 0.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद सुबह 8:30 बजे तक अगले तीन घंटों में स्टेशन पर 1.3 मिलीमीटर और बारिश दर्ज हुई।

आईएमजी ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए येलो से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और दिन के दौरान पूरे क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलभराव, उड़ानें प्रभावित, IndiGo ने यात्रियों को किया अलर्ट

  • ,
  • बिहार में बाढ़ का कहर जारी, गंगा, कोसी, बूढ़ी गंडक समेत कई नदियां उफान पर, करीब 8 लाख लोग प्रभावित

  • ,
  • शिक्षक दिवस पर खड़गे ने एस राधाकृष्णन को किया नमन, राहुल बोले- हमें ऐसी व्यवस्था बनानी है, जहां हर छात्र को उज्ज्वल भविष्य मिले

  • ,
  • बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ा, गांधी घाट पर गंगा उच्चतम बाढ़ स्तर से ऊपर, प्रशासन ने हाई अलर्ट किया जारी

  • ,
  • UP: सहारनपुर कलेक्ट्रेट के अंदर बनी मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर मचा बवाल, सपा सांसद इकरा हसन ने सरकार से पूछे सवाल