हालात

वाराणसी में गंगा का जलस्तर घटा, बाढ़ का खतरा कम, फिर भी नाव चलाने पर रोक जारी

गंगा का जलस्तर करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घट रहा है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) पर गंगा का जलस्तर 68.92 मीटर दर्ज किया गया है। शनिवार को यह 69.28 मीटर पर पहुंच गया था।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा के जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। नदी का जलस्तर फिलहाल चेतावनी के निशान से नीचे है, जिससे बाढ़ का तत्काल खतरा कम हुआ है। हालांकि, गंगा में नावों का संचालन अभी भी बंद है।

एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घट रहा पानी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगा का जलस्तर करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घट रहा है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) पर गंगा का जलस्तर 68.92 मीटर दर्ज किया गया है। शनिवार को यह 69.28 मीटर पर पहुंच गया था।

फिलहाल गंगा का जलस्तर 70.26 मीटर के चेतावनी बिंदु से करीब 1.34 मीटर नीचे है। जलस्तर में लगातार हो रही कमी से बाढ़ का तत्काल खतरा कम हुआ है।

जलस्तर बढ़ने से रोजी-रोटी पर पड़ा असर

पंडित ओमकारनाथ त्रिपाठी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है और अब तक करीब 4.5 फीट की कमी आ चुकी है। उन्होंने कहा कि घाटों पर गंदगी और मिट्टी जमा हो गई है।

उन्होंने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई। तेज बहाव के कारण आम लोगों और श्रद्धालुओं के लिए गंगा स्नान करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। लोगों के स्नान नहीं कर पाने से पूजा-पाठ भी कम हो गया।

स्थानीय नागरिक विकास कुमार सहनी के मुताबिक, फिलहाल नौकायन बंद है। जलस्तर और नीचे जाने के बाद ही नावों का संचालन दोबारा शुरू होगा। हालांकि, इसमें अभी काफी समय लग सकता है।

प्रयागराज में भी गंगा-यमुना का जलस्तर नीचे

उधर, प्रयागराज में भी गंगा और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे पहुंच गया है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को नैनी में यमुना का जलस्तर 81.02 मीटर दर्ज किया गया। वहीं, फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 81.90 मीटर और छतनाग में 80.57 मीटर रहा।

बक्सी बांध स्थित एसटीपी के पास भी जलस्तर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। यहां जलस्तर 81.18 मीटर रहा। प्रयागराज जिले में गंगा और यमुना के लिए खतरे का निशान 84.734 मीटर निर्धारित है। मौजूदा स्थिति में दोनों नदियों का जलस्तर इस सीमा से काफी नीचे है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए