
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने भारतीय नागरिक और कथित गैंगस्टर नीतीश कौशल को वरमोंट से गिरफ्तार कर लिया है। एफबीआई ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कौशल अब एजेंसी की गिरफ्त में है।
एफबीआई ने कुछ ही दिन पहले, मंगलवार को, नीतीश कौशल का नाम अपनी 'मोस्ट वांटेड' अपराधियों की सूची में शामिल किया था। इसके बाद एजेंसी ने उसकी तलाश तेज कर दी थी और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एफबीआई के अनुसार, नीतीश कौशल पर हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों की तस्करी, वसूली, धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है। एजेंसी का कहना है कि वह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
जांच एजेंसी का दावा है कि कौशल पंजाब से संचालित होने वाले 'जग्गू भगवानपुरिया संगठित अपराध समूह' के लिए काम करता था। उस पर गिरोह के लिए अपहरण, मारपीट और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम देने का भी आरोप लगाया गया है। एफबीआई के मुताबिक यह गिरोह भारत के पंजाब से शुरू हुआ और बाद में अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय हो गया।
कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्थित अमेरिकी जिला अदालत, लॉस एंजिलिस में 25 जून को नीतीश कौशल के खिलाफ संगठित अपराध और भ्रष्ट संगठनों से जुड़े कानून (RICO Act) के तहत आपराधिक साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया था।
एफबीआई की इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब एजेंसी कौशल से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए