
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्य चुनाव आयोग कार्यालयों तक मार्च।
RJD, सपा और TMC समेत विपक्षी दलों ने राहुल गांधी के आरोपों का समर्थन किया।
SIR को लेकर चुनाव आयोग में 10 महीनों में 14 बार आपत्ति की रिपोर्ट से विवाद बढ़ा।
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज देशभर में विरोध प्रदर्शन है। कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य चुनाव आयोग के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन और मार्च निकालेंगे। पार्टी की प्रमुख मांग ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ कार्रवाई और उनके कार्यकाल में हुए चुनावी फैसलों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की है।
कांग्रेस के मुताबिक, मध्य प्रदेश, असम, दिल्ली और पंजाब समेत कई राज्यों में आज प्रदर्शन होगा। दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और AICC दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन के नेतृत्व में चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का कार्यक्रम है। पंजाब में कांग्रेस नेता सचिन पायलट के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा। भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) भी दोपहर एक बजे चुनाव आयोग के कार्यालय का घेराव करेगी।
बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी आज सभी जिला मुख्यालयों पर CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने का ऐलान किया है। समाजवादी पार्टी और TMC समेत कई विपक्षी दलों ने राहुल गांधी के बयानों का समर्थन किया है। वामपंथी दलों CPI(M), CPI, CPI(ML)-लिबरेशन, RSP और AIFB ने भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विरोध कार्यक्रमों की घोषणा की है।
विवाद उस रिपोर्ट के बाद और तेज हुआ, जिसमें दावा किया गया कि पिछले 10 महीनों में SIR के दौरान दो चुनाव आयुक्तों ने 14 बार आपत्ति जताई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मतदाता सूची से जुड़े कई फैसलों और प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए थे। रिपोर्ट में SIR के दौरान देशभर में 13 करोड़ से अधिक नाम ड्राफ्ट मतदाता सूचियों से हटाए जाने का भी जिक्र है।
इसी रिपोर्ट के बाद राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला किया और उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार का नाम उन लोगों की सूची में सबसे ऊपर है, जिन्हें वह साजिशकर्ता मानते हैं। राहुल गांधी ने पूरे मामले को ‘वोट चोरी’ से जोड़ा और कहा कि उनके पास इस संबंध में और भी जानकारी है, जिसके नतीजे जल्द सामने आएंगे।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और उन पर बीजेपी की कठपुतली की तरह काम करने का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 13 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाने की अनुचित अनुमति देकर चुनाव कराया गया।
इस पूरे विवाद में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी के संस्थापक अबीजीत दिपके ने गुरुवार को कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार 48 घंटे के भीतर इस्तीफा नहीं देते हैं तो CJP देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक पार्टी पीछे नहीं हटेगी। CJP ने इसके साथ ‘जंतर-मंतर 2.0’ समेत देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए