हालात

मुंबई में हाई अलर्ट: अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा', एयरपोर्ट और मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी

अधिकारी ने बताया कि ईमेल में कई स्थानों को लेकर धमकियां दी गई थीं। इनमें मुंबई के बैंक, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, महालक्ष्मी स्टेडियम, बच्चन का बंगला 'जलसा' और महापौर का कार्यालय शामिल हैं।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

मुंबई को दहलाने की बड़ी धमकी से हड़कंप: ईमेल के ज़रिए अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा', एयरपोर्ट और मेयर ऑफिस को उड़ाने की चेतावनी

मायानगरी में हाई अलर्ट: सुबह 10:52 बजे आए धमकी भरे ईमेल में PNB शाखा, महालक्ष्मी स्टेडियम और इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर धमाके का जिक्र

बिग बी के बंगले 'जलसा' पर आतंकी साया?: धमकी भरे ईमेल के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा, जांच में जुटी मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच

मुंबई में बृहस्पतिवार को एक ईमेल के जरिए पूरे शहर में कई जगह बम धमाके किए जाने की धमकी के बाद अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस ईमेल में हवाईअड्डे, महापौर कार्यालय, अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा में बम धमाके किये जाने का उल्लेख है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एक जीमेल खाते से पूर्वाह्न 10:52 बजे एक ईमेल भेजा गया था। यह ईमेल पीएनबी मुंबई के क्षेत्रीय कार्यालय, कफ परेड स्थित स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और दक्षिण मुंबई में बैंक की जावेरी बाजार शाखा को भेजा गया था।

ईमेल की विषय-पंक्ति में अपराह्न 1:11 बजे मुंबई की एक पीएनबी शाखा में बम विस्फोट का जिक्र था। इसमें 27 नवंबर और 31 दिसंबर जैसी तारीखों का भी उल्लेख था, और इसमें बम हमलों से जुड़ी धमकियां दी गई थीं।

अधिकारी ने बताया कि ईमेल में कई स्थानों को लेकर धमकियां दी गई थीं। इनमें मुंबई के बैंक, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, महालक्ष्मी स्टेडियम, बच्चन का बंगला 'जलसा' और महापौर का कार्यालय शामिल हैं। इसके अलावा, ईमेल में खालिस्तान और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ नाम के एक कथित संगठन का भी जिक्र किया गया था।

धमकियों की प्रमाणिकता और ईमेल भेजने वाले की असली पहचान का तुरंत पता नहीं चल सका।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए