हालात

हिमाचल प्रदेशः लाहौल चट्टान गिरने से मलबे में दबी टैक्सी, 13 लोगों की दर्दनाक मौत, दो की जान बाल-बाल बची

एक दिन पहले भूस्खलन के कारण उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग बंद होने की वजह से ये सभी यात्री तिंदी में रुक गए थे। आज सड़क फिर से खुलने के बाद वे पांगी के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए।

हिमाचल प्रदेशः लाहौल चट्टान गिरने से मलबे में दबी टैक्सी, 13 लोगों की दर्दनाक मौत, दो की जान बाल-बाल बची
हिमाचल प्रदेशः लाहौल चट्टान गिरने से मलबे में दबी टैक्सी, 13 लोगों की दर्दनाक मौत, दो की जान बाल-बाल बची फोटोः PTI

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को उदयपुर–पांगी सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ से विशाल चट्टान गिरने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टाटा सूमो टैक्सी उसके मलबे में दब गई। हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए हैं।

मृतकों में 6 महीने का नवजात भी शामिल

पुलिस ने बताया कि मृतकों में छह महीने का एक शिशु भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति शिवानी मेहला ने घटना की पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

हादसे के बाद वाहन में लगी आग

पुलिस ने बताया कि कुल्लू से किलाड़ जा रहे वाहन में 15 लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि विशाल चट्टानें गिरने से वाहन पूरी तरह उसके नीचे दब गया और वाहन के पिछले हिस्से में आग लग गई। मौके पर मौजूद राहगीरों और सेना के जवानों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वाहन को पूरी तरह क्षतिग्रस्त और आग की लपटों से घिरा हुआ देखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने अधिकारियों को दिए निर्देश

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लाहौल-स्पीति में दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त लाहौल-स्पीति को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतरीन इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।

वाहन में 15 लोग थे सवार, दो ने कूदकर बचाई जान

घटना की पुष्टि करते हुए भरमौर के विधायक जनक राज ने कहा कि वाहन में सवार 15 लोगों में से 13 की मौत हो गई, जबकि वाहन से बाहर कूदे दो लोग बच गए। उन्होंने चंबा और लाहौल-स्पीति के उपायुक्तों से राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया। पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

लाहौल और स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही एक दल को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इसने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी हैं तथा प्रशासन स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है।

इसे भी पढ़ेंः हिमाचल प्रदेश में बड़ा हादसा, ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, अनियंत्रित होकर बस पलटने से 24 लोग घायल

पीड़ितों की पहचान अभी नहीं हुई

जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले भूस्खलन के कारण उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग बंद होने के कारण ये सभी यात्री तिंदी में फंस गए थे। शुक्रवार को सड़क फिर से खुलने के बाद वे पांगी के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए। हालांकि, पीड़ितों की पहचान की आधिकारिक रूप से अभी पुष्टि नहीं हुई है।

इसे भी पढ़ेंः हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, तीन महिलाएं समेत 7 लोगों की मौत

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए