हालात

कन्नौज में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार चार दोस्तों को वाहन ने कुचला, तीन की मौत, एक गंभीर

हादसा इतना भीषण था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाले वाहन को थार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर 

यूपी के कन्नौज जिले के इंदरगढ़ इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर कचाटीपुर गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार चार दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाले वाहन को थार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक, आगौस गांव निवासी विजय कुमार (35) सोमवार रात अपने तीन दोस्तों मनीष कुमार सविता (28), वेदराम पाल (45) और आशीष कुमार सविता (30) के साथ बाइक से विशेनेपुर्वा गांव जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे कचाटीपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में विजय कुमार, मनीष कुमार और वेदराम पाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, आशीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आशीष को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, अभी तक दुर्घटना में शामिल गाड़ी का पता नहीं चल पाया है। वाहन थार होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।