
नीट पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बेरजोगारी के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी का अभियान छात्रों की गूंज 8 अगस्त को प्रयागराज में आयोजित होगा। इसकी जानकारी देते हुए और इससे जुड़ने का आह्वान करते हुए राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि युवाओं को ‘जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा।’
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा।’’ उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और प्रश्नपत्र लीक जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान कोटा और देहरादून के बाद अब प्रयागराज में पहुंचेगा, जहां 8 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रयागराज ऐसा शहर है जहां लाखों युवा वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, आवेदन भरते हैं, शुल्क जमा करते हैं और नौकरियों का इंतजार करते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने युवाओं का वर्तमान और लंबित भर्तियों ने उनका भविष्य प्रभावित किया है।
इसे भी पढ़ेंः 'छात्रों की गूंज’: राहुल गांधी बोले, 'युवाओं के साथ 4 तरीके का अन्याय, 10 साल में 152 पेपर लीक, सजा एक को भी नहीं'
राहुल गांधी ने दावा किया कि हाल में दिल्ली में अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज उठाती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास करेगी। उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने की भी मांग की।
इसे भी पढ़ेंः ‘छात्रों की गूंज’ सिर्फ़ एक अभियान नहीं आपकी आवाज़ है, राहुल गांधी ने मांगे सुझाव
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए