
विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक की दिल्ली में बैठक आज
एसआईआर, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के कामकाज पर होगी चर्चा
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर भी चर्चा संभव
आगे की रणनीति बनाने पर होगा मंथन
दिल्ली में आज विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की बैठक होने वाली है। बैठक में चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे एसआईआर, चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर चर्चा होगी। बैठक में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल शाम ही दिल्ली पहुंच गई हैं।
पिछले तीन सालों में इंडिया ब्लॉक की यह 8वीं बैठक है। जबकि इसी साल यह दूसरी बैठक होगी। इससे पहले एसआईआर और चुनाव आयोग के मुद्दे पर 8 जून को भी बैठक हुई थी। उस बैठक में तमिलनाडु की डीएमके और आम आदमी पार्टी ने हिस्सा नहीं लिया था।
आज की बैठक में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद शामिल नहीं होंगे, अलबत्ता उनकी पार्टी से कोई वरिष्ठ नेता बैठक में हिस्सा लेगा। समाजवादी पार्टी ने कहा है कि अखिलेश यादव 30 सितंबर को लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। पार्टी के मुताबिक, अखिलेश यादव की इस बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बात भी हुई है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि अखिलेश पहले से तय कार्यक्रम के कारण बैठक में नहीं आ पाएंगे।
कांग्रेस की तरफ से बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा आरजेडी की तरफ से तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीएम के महासचिव एमए बेबी के बैठक में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
बता दें कि सीपीएम महासचिव बेबी ने केजरीवाल से मुलाकात के बाद कहा था कि कांग्रेस इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर पार्टियों के बीच समन्वय का काम देख रही है। बेबी के मुताबिक, केजरीवाल ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ एक मजबूत अभियान चलाने की जरूरत है। एम ए बेबी ने कहा कि उन्होंने इंडिया ब्लॉक से बाहर की पार्टियों को भी पत्र लिखा है।
बैठक में एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर भी बात हो सकती है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद में प्रस्ताव लाने और विपक्षी दलों की संयुक्त कार्रवाई पर भी चर्चा हो सकती है।
बैठक में एनसीपी सूप्रीमो शरद पवार के आने की अभी पुष्टि नहीं हुई है, वहीं शिवसेना (यूबीटी) की तरफ से उद्धव ठाकरे बैठक में ऑनलाइन हिस्सा लेंगे।
जून में हुई इंडिया ब्लॉक की बैठक में 23 पार्टियों ने हिस्सा लिया था। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती समेत कई बड़े नेता पहुंचे थे। उसमें आप और डीएमके शामिल नहीं हुए थे। हालांकि, एसआईआर के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने 28 जून को सीजेआई सूर्यकांत को संयुक्त पत्र भेजकर चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। आम आदमी पार्टी और डीएमके ने भी इस पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए