हालात

चिराग पासवान से शादी करने जा रही है आरुषि निशंक? अफवाहों के बीच खुद तोड़ी चुप्पी, बताई क्या है सच्चाई?

आरुषि निशंक इन दिनों केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ अपने कथित रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। दोनों की शादी की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

चिराग पासवान से शादी की खबरों पर आरुषि निशंक ने तोड़ी चुप्पी
चिराग पासवान से शादी की खबरों पर आरुषि निशंक ने तोड़ी चुप्पी 

अभिनेत्री और फिल्म प्रोड्यूसर आरुषि निशंक इन दिनों केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ अपने कथित रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। दोनों की शादी की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। अब आरुषि ने इन अटकलों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए साफ किया कि चिराग उनके अच्छे दोस्त हैं और दोनों के रिश्ते को लेकर उड़ रही खबरें महज अफवाह हैं।

चिराग को दोस्त बताकर शादी की खबरों पर किया रिएक्ट

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में आरुषि निशंक ने चिराग पासवान के साथ शादी की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह खुद को ट्रोल होने के लिए हमेशा तैयार रखती हैं। हालांकि, मजाक से इतर उन्होंने चिराग को अपना अच्छा दोस्त बताया और उनके काम की तारीफ भी की।

आरुषि ने बताया कि वह चिराग को बधाई देने के लिए एक किताब लेकर उनके घर गई थीं, लेकिन लोगों ने उसी किताब को शादी का कार्ड समझ लिया। उनके मुताबिक, पब्लिक फिगर होने का यह एक नुकसान है कि छोटी-छोटी बातों को भी अलग-अलग नजरिए से देखा जाने लगता है।

बागेश्वर धाम महाराज से मुलाकात पर भी हुई थीं ट्रोल

बातचीत के दौरान आरुषि ने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और नकारात्मक टिप्पणियों को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि बागेश्वर धाम महाराज से मुलाकात के बाद भी उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आपत्तिजनक कमेंट्स देखने को मिले थे।

आरुषि ने कहा कि इन टिप्पणियों को पढ़कर उन्हें काफी दुख हुआ, क्योंकि वह महाराज जी का सम्मान करती हैं। उन्होंने कहा कि किसी संत के बारे में इस तरह की अभद्र बातें करना ठीक नहीं है। हालांकि, उन्हें लगता है कि अब परिस्थितियां पहले के मुकाबले बेहतर हो रही हैं।

तस्वीरों के बाद शुरू हुई थी रिश्ते की चर्चा

दरअसल, आरुषि निशंक ने कुछ समय पहले चिराग पासवान के घर जाने के दौरान उनके साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें शुरू हो गईं। इसी मुलाकात में आरुषि द्वारा चिराग को दी गई किताब को भी लोगों ने शादी के निमंत्रण से जोड़ दिया। इसके बाद दोनों की शादी की खबरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गईं।

कौन हैं आरुषि निशंक?

आरुषि निशंक अभिनेत्री और फिल्म प्रोड्यूसर होने के साथ-साथ एक प्रशिक्षित कथक नृत्यांगना और TEDx स्पीकर भी हैं। उन्हें म्यूजिक वीडियो 'वफा ना रास आई' से मनोरंजन जगत में पहचान मिली। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं और अपनी निजी जिंदगी के साथ-साथ प्रोफेशनल गतिविधियों से जुड़ी तस्वीरें साझा करती रहती हैं।

आरुषि के पिता रमेश पोखरियाल निशंक उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए