
अयोध्या से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद ने एसआईआर, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान, राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप और अखिलेश यादव की तुलना जिन्ना से किए जाने को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव के 'चुनाव की लूट' वाले बयान का समर्थन करते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि उनके नेता की बात पूरी तरह सही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी वोट देने के अधिकार को खत्म करने की कोशिश कर रही है। इसके खिलाफ अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य के '100 में 60 हमारा है, बाकी में बंटवारा है' वाले बयान पर भी अवधेश प्रसाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केशव मौर्य की अपने क्षेत्र में राजनीतिक जमीन नहीं है और वह चुनाव हार चुके हैं। पार्टी नेताओं की कृपा से उन्हें मंत्रिमंडल में जगह और उपमुख्यमंत्री का पद मिला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार और पार्टी में केशव मौर्य को उचित सम्मान नहीं मिलता।
राहुल गांधी की ओर से लगाए गए फोन टैपिंग के आरोपों पर सपा सांसद ने कहा कि बीजेपी कुछ भी कर सकती है। ऐसे में इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
वहीं, अखिलेश यादव को जिन्ना से जोड़ने वाले बीजेपी के बयान पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि सपा प्रमुख की बढ़ती लोकप्रियता और जनता के बीच उनके समर्थन से बीजेपी घबराई हुई है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को अगर 50 सीटें भी मिल जाती हैं तो यह हैरानी की बात होगी। उनके मुताबिक, प्रदेश के मतदाताओं का बीजेपी सरकार और उसके नेताओं से भरोसा उठ चुका है।
समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन चांद ने भी केशव मौर्य के बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री को '100 में 60 हमारा' जैसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केशव मौर्य आरक्षण का लाभ छीनने वालों में शामिल हैं और जनता आगामी चुनाव में बीजेपी को जवाब देगी।
फखरुल हसन चांद ने बीजेपी पर धार्मिक आधार पर लोगों को बांटने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही बीजेपी नेताओं के बयान हिंदू-मुस्लिम मुद्दों के इर्द-गिर्द घूमने लगते हैं।
जिन्ना के मुद्दे पर उन्होंने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि सपा का मानना है कि जो लोग जिन्ना पर सवाल उठा रहे हैं, उनके ही बड़े नेता कभी जिन्ना की मजार पर जाकर श्रद्धांजलि दे चुके हैं। ऐसे में बीजेपी को इस मुद्दे पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए