हालात

जंतर-मंतर प्रदर्शन: नेहा बोरा को पुलिस ने प्राइवेट गाड़ी में उठाया, नरेला थाने में किया रिहा, फोन-बैग गायब होने का दावा

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के पास मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को बिना नंबर प्लेट वाली प्राइवेट गाड़ी में उठा लिया और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गई।

फोटो: नवजीवन
फोटो: नवजीवन 

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के पास मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को बिना नंबर प्लेट वाली प्राइवेट गाड़ी में उठा लिया और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गई। बाद में नरेला थाने के पास रिहा किया। वहीं नेहा बोरा की तरफ से जारी बयान में दावा किया गया है कि उनका बैग और फोन गायब है।   

इससे पहले आइसा के सदस्यों ने रविवार को दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ जंतर-मंतर के पास निकाले गए विरोध मार्च के दौरान छात्र संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस निजी वाहन में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गई। आइसा के सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि जब बोरा को ले जाया गया, तब वाहन के अंदर कोई महिला पुलिस अधिकारी मौजूद नहीं थी। उन्होंने इसे प्रक्रिया का उल्लंघन बताया। दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इससे पहले, आइसा कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन किया और बड़ी संख्या में अवरोधकों और भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच वे जंतर-मंतर की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारी अशोक रोड स्थित आंध्र भवन सर्कल से जंतर-मंतर की ओर मार्च करते हुए नारे लगा रहे थे और भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच निर्धारित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को अवरोधक पार करने से रोकने की कोशिश की, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक झोंक हुई। सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित वीडियो में नेहा बोरा पुलिस बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश करती दिखीं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें रोकने का प्रयास कर रहे थे। यह प्रदर्शन निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं, एसआईआर और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर विभिन्न शहरों में जारी व्यापक आंदोलन का हिस्सा है।

दिल्ली में शनिवार को प्रदर्शन के दौरान 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था। इससे पहले, शुक्रवार को मध्य दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान छात्र कार्यकर्ताओं और राजनेताओं समेत 500 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए