झारखंड विधानसभा की 20 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। 3 बजे तक करीब 60 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अभी फाइनल मतदान प्रतिशत आना बाकी है। 18 सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान हुआ। वहीं, 2 सीटों जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई।
झारखंड विधानसभा की 20 सीटों पर दोपहर तीन बजे तक 50 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है। 18 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। वहीं दो सीटों, पूर्वी और पश्चिमी जमशेदपुर में शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
झारखंड विधानसभा की 20 सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 1 बजे तक 45.41 प्रतिशत मतदान हुआ है।
झारखंड के जमशेदपुर खेलाड़ी साई मध्य विद्यालय खरसावां में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने मतदान किया।
झारखंड विधानसभा की 20 सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 1 बजे तक 40 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही है।
झारखंड के गुमला जिले के सिसई विधानसभा के बूथ संख्या 36 पर फिलहाल मतदान को रद्द कर दिया गया है। यहां पर फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 6 लोग घायल हो गए हैं। इलाके में तनाव को देखते सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
झारखंड में दूसरे चरण के मतदान के बीच सिसई विधानसभा क्षेत्र में फायरिंग हुई है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, फायरिंग में एक शख्स की मौत हो गई है। वहीं, 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक पुलिस कर्मी भी शामिल है।
झारखंड में दूसरे चरण के मतदान के बीच सिसई विधानसभा क्षेत्र में फायरिंग की खबर है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों से उनका हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षा बलों ने बचाव में फायरिंग की है। इस दौरान एक शख्स को गोली लगने की खबर है।
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास भालूबासा हरिजन स्कूल में आदर्श मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनके साथ उनके परिवार के लोगों ने भी मतदान किया।
झारखंड में दूसरे चरण के तहत 20 सीटों मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है। अब तक करीब 13 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है।
झारखंड में दूसरे चरण के तहत 20 सीटों मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। 9 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 9 बजे तक करीब 9 प्रतिशत मतदान हुआ है।
झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। खूंटी में मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाता कतार में खड़े हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 20 सीटों पर होने वाले मतदान की तैयारी पूरी हो गई है। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा। 18 सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान होगा। वहीं, 2 सीटों जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी।
दूसरे चरण में 20 सीटों पर 260 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 260 उम्मीदवारों में 29 महिला प्रत्याशी हैं। वहीं, 73 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 47 लाख से अधिक मतदाता इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 24,264 मतदान कर्मी और 42 हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
दूसरे चरण में मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। दूसरे चरण के चुनाव में डेढ़ दर्जन से अधिक दिग्गज चुनाव मैदान में हैं। इस चरण में सबसे दिलचस्प मुकाबला जमशेदपुर (पूर्वी) सीट पर देखने को मिल रहा है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। इस विधानसभा क्षेत्र से जहां मुख्यमंत्री रघुवर दास बीजेपी की ओर से ताल ठोंक रहे हैं, वहीं उनके खिलाफ उनके ही कैबिनेट के मंत्री रहे सरयू राय निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा कांग्रेस से गौरव वल्लभ और जेवीएम से अभय सिंह भी टक्कर पुरनोर कोशिश कर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में लगे हैं।
दूसरे चरण में कुणाल षाड़ंगी, विकास मुंडा और शशिभूषण ऐसे निर्वतमान विधायक चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं, जिन्होंने पिछले चुनाव से अलग पार्टी का दामन थामा हुआ है। इस चरण में सरयू राय और पौलुस सुरीन ऐसे निवर्तमान विधायक हैं, जो निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरकर मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं।
कुणाल षाड़ंगी जेएमएम छोड़ कर बीजेपी के टिकट पर बहरागोड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि विकास मुंडा आजसू छोड़ कर जेएमएम से तमाड़ से चुनावी मैदान में हैं। वहीं, जेएमएम से टिकट कटने के बाद शशिभूषण चक्रधरपुर सीट से जेवीएम के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में है। बीजेपी अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और मंत्री रहे नीलकंठ सिंह मुंडा, सरयू राय, रामचंद्र सहिस की भी राजनीतिक साख दांव पर है।
झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव पांच चरणों में हो रहे हैं। 30 नवंबर को प्रथम चरण का मतदान हो चुका है। आज दूसरे चरण का मतदान होना है। उसके बाद 12, 16 और 20 दिसंबर को मतदान होगा। मतगणना 23 दिसंबर को होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 07 Dec 2019, 6:13 AM IST