इजराइल द्वारा शुक्रवार-शनिवार की रात किये गए हवाई हमलों और गोलीबारी में कम से कम 25 लोग मारे गए। फलस्तीन के स्वास्थ्य अधिकारियों और स्थानीय एम्बुलेंस सेवा ने यह जानकारी दी। वहीं, इजराइल के हमले के बाद युद्ध विराम वार्ता रुक गई है और गाजा में अकाल की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मृतकों के शव शिफा अस्पताल पहुंचाए गए हैं। वहां के अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में अधिकांश लोग उस समय मारे गए जब वे इजराइल से लगी जिकिम क्रॉसिंग के पास सहायता ट्रकों का इंतजार कर रहे थे। इजराइल की सेना ने गोलीबारी पर कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है।अस्पताल के कर्मचारियों और एम्बुलेंस सेवा ने बताया कि हमलों में मारे गए लोगों में गाजा सिटी के एक अपार्टमेंट भवन में रहने वाले चार लोग भी शामिल हैं।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
निजी विमानन कंपनी एअर इंडिया ने शनिवार को कहा कि उसने पिछले महीने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना के 166 पीड़ित परिवारों को अंतरिम मुआवजा दे दिया है। इसके अलावा 52 अन्य पीड़ितों के परिवारों को भुगतान की प्रक्रिया जारी है।
विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘ एयर इंडिया ने मारे गए 229 यात्रियों में से 147 के परिवारों और दुर्घटनास्थल पर जान गंवाने वाले 19 लोगों के परिवारों को अंतरिम मुआवज़ा जारी कर दिया है।’’
विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई, जबकि जमीन पर जान गंवाने वालों सहित कुल मृतकों की संख्या 260 थी। इसके अलावा 52 अन्य लोगों के आवश्यक दस्तावेज़ों का सत्यापन कर लिया गया है और परिवारों को अंतरिम मुआवज़ा क्रमशः जारी किया जाएगा।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
उच्चतम न्यायालय सोमवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा की उस याचिका पर सुनवाई करेगा जिसमें उन्होंने आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट को अमान्य घोषित करने का अनुरोध किया है जिसमें उन्हें नकदी बरामदगी विवाद में कदाचार का दोषी पाया गया है। न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति ए.जी. मसीह की पीठ इस याचिका पर सुनवाई कर सकती है।
न्यायमूर्ति वर्मा ने भारत के तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना की आठ मई की सिफारिश को भी रद्द करने का अनुरोध किया है, जिसमें उन्होंने संसद से उनके खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू करने का आग्रह किया था। अपनी याचिका में न्यायमूर्ति वर्मा ने कहा कि जांच ने साक्ष्य पेश करने की जिम्मेदारी बचाव पक्ष पर डाल दी, जिसके तहत उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों की जांच करने और उन्हें गलत साबित करने का भार उन पर डाल दिया गया है।
न्यायमूर्ति वर्मा ने आरोप लगाया कि समिति के निष्कर्ष पूर्वकल्पित आख्यान पर आधारित हैं, तथा कहा कि जांच की समय-सीमा केवल कार्यवाही को शीघ्रता से समाप्त करने की इच्छा से प्रेरित थी, चाहे इसके लिए “प्रक्रियात्मक निष्पक्षता” की कीमत ही क्यों न चुकानी पड़ी हो। याचिका में तर्क दिया गया कि जांच समिति ने उन्हें पूर्ण और निष्पक्ष सुनवाई का अवसर दिए बिना ही प्रतिकूल निष्कर्ष निकाला।
घटना की जांच कर रही जांच समिति की रिपोर्ट में कहा गया था कि न्यायमूर्ति वर्मा और उनके परिवार के सदस्यों का स्टोर रूम पर गुप्त या सक्रिय नियंत्रण था, जहां आग लगने की घटना के बाद बड़ी मात्रा में आधी जली हुई नकदी मिली थी, जिससे उनका कदाचार साबित होता है, जो इतना गंभीर है कि उन्हें हटाया जाना चाहिए।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में उग्र भीड़ ने कांवड़ यात्रा देखने आए अनुसूचित जाति (एससी) के दो युवकों को चोर होने के संदेह में खंभे से कथित तौर पर बांधकर पीटा। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की मां की शिकायत पर पांच लोगों को नामजद और करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने शनिवार को अपनी नई टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को उपाध्यक्ष के रूप में शामिल किया गया है। इस कमेटी के जरिए सामाजिक समीकरण साधने की भी कोशिश की गई है। लालू यादव की नई कमेटी में चार उपाध्यक्ष, अब्दुलबारी सिद्दीकी प्रधान महासचिव, सुनील कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष के अलावा 12 महासचिव और 10 सचिवों की नियुक्ति की गई है।
आरजेडी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व सांसद महबूब अली कैसर और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा जय प्रकाश नारायण यादव, भोला यादव, ललित कुमार यादव, रेणु कुशवाहा, कुमार सर्वजीत, अनु चाको (केरल), झारखंड के अभय सिंह सहित 12 लोगों को महासचिव का दायित्व सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त 10 सचिवों की नियुक्ति की गई है, जिनमें यदुवंश कुमार यादव, लाल रत्नाकर, भारत भूषण मंडल, कार्तिकेय कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, संतोष कुमार जायसवाल, संजय ठाकुर, सुरेंद्र राम, स्वीटी सीमा हेंब्रम तथा राजेंद्र राम को शामिल किया गया है।
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राजद के अध्यक्ष लालू यादव की इस नई टीम की असली परीक्षा इस चुनाव में होने वाली है। वैसे, देखा जाए तो इस कमेटी में जातीय समीकरण का पूरा ख्याल रखा गया है। चार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष में से एक लालू परिवार से यानी यादव जाति से, दूसरा सवर्ण (राजपूत) से, तीसरा मुसलमान और चौथा दलित समाज से है। प्रधान महासचिव की जिम्मेदारी अब्दुल बारी सिद्दीकी को दी गई है जो मुसलमान हैं। कोषाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह राजपूत समाज से आते हैं।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "बिहार में अपराध इतना बढ़ गया है कि अपराधी 'विजय' और 'सम्राट' बन गए हैं... चिराग पासवान भी सरकार का हिस्सा हैं... एक तरफ चिराग पासवान अपनी ही सरकार और नीतीश कुमार पर उंगली उठा रहे हैं और दूसरी तरफ दिखा रहे हैं कि वह कितने कमजोर हो गए हैं। अगर उन्हें दिख रहा है कि बिहार में अपराध इतना बढ़ गया है, तो वह अभी भी उस गठबंधन में क्यों हैं? क्योंकि उन्हें कुर्सी से प्यार है... आप (चिराग पासवान) एक केंद्रीय मंत्री हैं और इतने कमजोर हो गए हैं कि आप केवल अफसोस जता सकते हैं?... अब कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं है।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को घोषणा की कि पुरुषों का एशिया कप नौ से 28 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित किया जाएगा। शुरुआती कार्यक्रम के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित ग्रुप चरण मैच रविवार (14 सितंबर) को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होगा।
भारत और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में है और इन दोनों टीमों के अगले रविवार (21 सितंबर) को फिर से सुपर फोर मैच में आमने सामने होने की संभावना है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा और उसके सभी मैच दुबई में खेले जाने की संभावना है।
भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान को ग्रुप ए में रखा गया है जबकि श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग ग्रुप बी में हैं। एसीसी 19 मैचों के इस टूर्नामेंट के लिए 17 सदस्यीय टीम को अनुमति देगा तथा मैच दुबई तथा अबुधाबी में खेले जाएंगे।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तत्काल प्रभाव से स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। इसमें अजय माकन को अध्यक्ष, प्रणीति शिंदे, कुणाल चौधरी और इमरान प्रतापगढ़ी को सदस्य बनाया गया है।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
शिक्षा मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश जारी कर स्कूलों में बच्चों से जुड़ी संरचनाओं तथा सुरक्षा तंत्र का ऑडिट करना अनिवार्य कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। शिक्षा मंत्रालय ने स्कूलों से इमारतों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने को भी कहा है। यह कदम राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार को एक सरकारी स्कूल की इमारत का एक हिस्सा गिरने के एक दिन बाद उठाया गया है। राजस्थान में स्कूल में हुए हादसे में सात बच्चों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हो गए थे।
मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को छात्रों की सुरक्षा और उनका कल्याण सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा संहिताओं के अनुसार स्कूलों और बच्चों से संबंधित संरचनाओं का अनिवार्य सुरक्षा ऑडिट, आपातकालीन तैयारियों के लिए कर्मचारियों और छात्रों को प्रशिक्षण देना आदि शामिल है।’’
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के सैंज घाटी स्थित दुरीधार गांव में शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद 11 मकानों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित लोगों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विश्राम गृह में बनाए गए ट्रांजिट कैंप में अस्थायी रूप से रखा गया है। करीब 20 लोगों को वहां भेजा गया है।
कुल्लू की उपायुक्त तरुल एस. रवीश ने कहा, ‘‘हमारी पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना था जो हम सफलतापूर्वक कर पाए हैं। उन्हें लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में स्थापित एक ट्रांजिट कैंप में ले जाया गया है। अब क्षेत्र का तकनीकी आकलन किया जाएगा।’’ सैंज पंचायत प्रधान भगतराम आजाद ने बताया कि गांव के पीछे की पहाड़ी का एक हिस्सा खिसकने लगा और पत्थर गिरने लगे। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी परिवारों को सुरक्षित निकाल लिया। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
ओडिशा के भद्रक जिले में एक कब्रिस्तान से कथित तौर पर शव गायब होने की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों में चार मृतकों के शव मणिनाथपुर कब्रिस्तान से गायब हो गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि यह सिलसिला वर्ष 2017 से जारी है और अब तक कुल 15 शव गायब हो चुके हैं। स्थानीय व्यक्ति तापस सामल ने कहा, ‘‘मेरी मां का शव वहां दफनाए जाने के 10 दिन बाद गायब हो गया। मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।’’ भंडारीपोखरी थाने के प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत नायक ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज गुजरात में गंभीरा पुल हादसे के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनका दर्द बांटा। 9 जुलाई को वडोदरा में हुए इस दर्दनाक हादसे में 20 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। कांग्रेस ने कहा कि हम इन सभी परिवारों के साथ खड़े हैं और उनके न्याय की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेंगे।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
कप्तान बेन स्टोक्स के शतक की बदौलत इंग्लैंड ने शनिवार को मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन अपनी पहली पारी में 669 रन बनाकर भारत पर 311 रन की विशाल बढ़त हासिल कर ली। स्टोक्स (141 रन, 198 गेंद) ने दो साल के सूखे को खत्म करते हुए अपना 14वां टेस्ट शतक जड़ा। भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए थे।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात के आनंद में गंभीरा पुल हादसे के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। 9 जुलाई 2025 को गंभीरा पुल गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई थी।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
मुंबई में रिलायंस समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी की कंपनियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी की कार्रवाई शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। एजेंसी ने कई स्थानों से बड़ी संख्या में दस्तावेज और कंप्यूटर उपकरण जब्त किये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
संघीय जांच एजेंसी ने 24 जुलाई को कथित तौर पर 3,000 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले के तहत छापेमारी शुरू की थी। इसके अलावा कुछ कंपनियों द्वारा करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के कई अन्य आरोप भी हैं।
सूत्रों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत बृहस्पतिवार को छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई थी और मुंबई में 35 से अधिक परिसरों में से कुछ स्थानों पर यह शनिवार को भी जारी रही। उन्होंने बताया कि ये परिसर 50 कंपनियों और 25 लोगों के हैं, जिनमें अनिल अंबानी समूह की कंपनियों के कई अधिकारी भी शामिल हैं। ईडी सूत्रों ने बताया कि 2017 से 2019 के बीच यस बैंक से लिये लगभग 3,000 करोड़ रुपये के ऋण के गलत इस्तेमाल के आरोपों में ये छापेमारी की जा रही है।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के कुतुब विहार इलाके में एक निर्माणाधीन मकान में कथित तौर पर सात फुट गहरे ‘सेप्टिक टैंक’ में गिरने से दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना शुक्रवार को अपराह्न करीब दो बजे आईजी अस्पताल से मिली, जहां ठेकेदार सुभाष (32) और मजदूर प्रदीप (22) को मृत घोषित कर दिया गया।
अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि कुतुब विहार फेज-दो में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक पर काम कर रहे दो लोग टैंक का मचान हटाते समय कथित तौर पर उसमें गिर पड़े और अंदर मौजूद जहरीली गैस से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इंदिरा पार्क, पालम कॉलोनी निवासी सुजीत झा ने कथित तौर पर सुभाष को काम पर रखा था और वह निर्माणस्थल पर निर्माण सामग्री की आपूर्ति करता था। इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘छावला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे माता-पिता के बच्चों को मिलने वाली जन्मजात नागरिकता पर प्रतिबंध लगाने के ट्रंप प्रशासन के फैसले पर शुक्रवार को एक संघीय न्यायाधीश ने रोक लगा दी। जून में उच्चतम न्यायालय के एक महत्वपूर्ण फैसले के बाद से तीसरी बार किसी न्यायालय ने ट्रंप प्रशासन के आदेश पर रोक लगाई है। अमेरिकी जिला न्यायाधीश लियो सोरोकिन ने यह फैसला सुनाया।
इससे पहले दस से अधिक राज्यों ने अदालत में कहा कि ट्रंप का जन्मजात नागरिकता आदेश स्पष्ट रूप से असंवैधानिक है। उम्मीद की जा रही है कि यह मामला जल्द ही देश के उच्चतम न्यायालय में वापस जाएगा। न्यू जर्सी के अटॉर्नी जनरल मैथ्यू प्लैटकिन ने एक बयान में कहा कि वह इस बात से खुश हैं कि जिला अदालत ने राष्ट्रपति ट्रंप के घोर असंवैधानिक जन्मजात नागरिकता आदेश को कहीं भी प्रभावी होने से रोक दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका में जन्मे बच्चे अमेरिकी हैं। राष्ट्रपति एक कलम से कानूनी नियम को नहीं बदल सकते।”
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
आजरेडी ने बिहार की सरकार पर हमला बोला है. सोशल मीडिया पर किए एक पोस्ट में आरेजेडी ने कहा है कि पांच से पच्ची, बहुत हुआ भाजपा और नीतीश. अब बनेगी तेजस्वी की सरकार. गरीबी से मुक्त होगा बिहार, समृद्ध और विकसित बनेगा बिहार.
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
ईरान के दक्षिण-पूर्वी शहर जाहेदान में शनिवार सुबह न्याय विभाग की इमारत पर हुए एक भीषण आतंकी हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। मारे गए लोगों में पांच आम नागरिक और तीन हमलावर शामिल हैं। यह जानकारी ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने दी।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
जम्मू-कश्मीर में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई है
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
राजस्थान के झालावाड़ में कल स्कूल की छत गिरने की घटना पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "7 बच्चों की मौत हो गई। यह सरकार की पूरी तरह से लापरवाही है। मुझे लगता है कि यह आपराधिक लापरवाही है, और इसकी जाँच होनी चाहिए। शिक्षा मंत्री कहते हैं कि पिछली कांग्रेस सरकार ने कुछ नहीं किया। आप दो साल से सरकार में हैं, आपके पास पूरी शक्ति और संसाधन हैं, फिर भी आप लोगों ने सही समय पर कोई कार्रवाई नहीं की। अब ज़िम्मेदारी ली जानी चाहिए, और मुझे लगता है कि जो भी ज़िम्मेदार है उसे तुरंत प्रभाव से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरे राज्य में ऑडिट होना चाहिए ताकि पता चल सके कि मानसून के बाद इमारतों की हालत कहाँ खराब हुई है।"
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
राजस्थान के झालावाड़ में सरकारी स्कूल की छत गिरने से 7 बच्चों की मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साए गांव वालों ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम ब्लास्ट की धमकी से हड़कंप मच गया. मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम को धमकी भरा कॉल आया था.
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे एक गांव से शनिवार को करीब 500 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह ने तड़के चिल्यारी गांव से यह बरामदगी की। अधिकारियों के अनुसार, एक स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि आधी रात के कुछ देर बाद पाकिस्तान से आए एक संदिग्ध ड्रोन ने एक पीले रंग का पैकेट गिराया।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
अमरनाथ यात्रा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से जारी है। 22 दिनों में 3.6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि अमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और पिछले 22 दिनों में 3.6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। इसके साथ ही 2,324 यात्रियों का एक नया जत्था शनिवार को भगवती नगर यात्री निवास से दो सुरक्षा काफिलों में घाटी के लिए रवाना हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को 34 वाहनों का पहला सुरक्षा काफिला 741 यात्रियों को लेकर सुबह 3:25 बजे बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ, जबकि 58 वाहनों का दूसरा सुरक्षा काफिला 1,583 यात्रियों को लेकर सुबह 3:45 बजे पहलगाम बेस कैंप के लिए रवाना हुआ।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहेंगे।
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 26 Jul 2025, 7:55 AM IST