
उत्तर प्रदेश में लगभग 12.55 करोड़ मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किये गये मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की 31 दिसंबर को संभावित मसौदा सूची में शामिल किये जाएंगे। जो मतदाता छूट गये हैं उन्हें नए साल से एसआईआर के अगले चरण में दोबारा शामिल होने का मौका दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में चार नवंबर को शुरू हुई एसआईआर की कवायद में लगभग दो करोड़ 89 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं। उन्हें नाम शामिल कराने के लिये फार्म संख्या छह जमा करना होगा।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इन 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार मतदाताओं में से जो मसौदा सूची में शामिल हुए हैं, उनमें से एक करोड़ से अधिक 'अनमैप्ड' श्रेणी में हैं। ऐसे मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे ताकि वे निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 दस्तावेजों की सूची में से किसी एक को जमा करें, ताकि उन्हें ‘मैप्ड’ श्रेणी में शामिल किया जा सके।
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST
ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार की रविवार को निंदा करते हुए मजहब के नाम पर ऐसी अमानवीय हरकतें करने वालों को इससे बाज आने की हिदायत दी।
बोर्ड ने यहां आयोजित अपने वार्षिक अधिवेशन में भारत सरकार से मुस्लिम महिलाओं के हिजाब पहनने में बाधा नहीं डालने, समान नागरिक संहिता लागू करने पर पुनर्विचार करने और भीड़ द्वारा पीट कर हत्या करने (मॉब लिंचिंग) के खिलाफ सख्त कानून बनाने की भी मांग की।
बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना सायम मेंहदी की अध्यक्षता में राजधानी लखनऊ के बड़े इमामबाड़े में आयोजित अधिवेशन में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ बांग्लादेश और नेपाल के उलेमा (धर्म गुरू) और मुस्लिम विद्वानों ने शिरकत की।
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST
उन्नाव रेप केस की पीड़िता का समर्थन और कुलदीप सेंगर के विरोध में जंतर-मंतर पर रविवार को कई सामाजिक संस्थाओं की ओर से विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि सुप्रीम कोर्ट से हमें उम्मीद है कि पीड़िता को न्याय मिलेगा।
कांग्रेस नेता उदित राज भी जंतर-मंतर पहुंचे और कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने तक उनके साथ है और उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आश्चर्य है कि अपराधी को बीजेपी के बड़े नेताओं से समर्थन मिल रहा है, बीजेपी छोड़ ऐसी कोई पार्टी नहीं रही है, जो ऐसे लोगों के समर्थन में आए। सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद है कि न्याय मिलेगा।
दूसरी ओर जंतर-मंतर पर हल्की झड़प भी देखने को मिली, जब कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थन में एक महिला बैनर लेकर विरोध जताने पहुंची।
उन्नाव रेप पीड़िता की मां ने कहा कि मुझे सिर्फ इंसाफ चाहिए। मेरे बच्चे सड़कों पर भटक रहे हैं, और उनकी सुरक्षा भी हटा दी गई है। प्लीज मेरे बच्चों को सुरक्षा दीजिए। हमें सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है। जंतर-मंतर पर मेरे बच्चे को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, मुझे और मेरी बेटी को बुरी तरह पीटा गया। हम बस कोर्ट से इंसाफ की उम्मीद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मेरी मांग है कि उन्हें या तो मौत की सजा दी जाए या जिंदगी भर जेल में रखा जाए। उन्होंने मुझे मारने का कॉन्ट्रैक्ट लिया है। मेरी सीएम योगी से गुजारिश है कि वे इस मामले को देखें और सेंगर को अपनी पार्टी से निकाल दें।
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST
मुंबई युवा कांग्रेस ने रविवार को उन्नाव बलात्कार मामले के दोषी और भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सेंगर को दी गई राहत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने 23 दिसंबर को उन्नाव बलात्कार मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे सेंगर की सजा को यह कहते हुए निलंबित कर दिया कि वह पहले ही सात साल और पांच महीने जेल में बिता चुके हैं। बलात्कार मामले में उनकी दोषसिद्धि और सजा को चुनौती देने वाली अपील लंबित रहने तक उनकी सजा निलंबित कर दी गई है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस फैसले ने भाजपा के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' नारे के पाखंड को उजागर कर दिया है।
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST
बिहार की राजधानी पटना के अथमल गोला प्रखंड में तैनात कृषि विभाग की अधिकारी अर्यमा दीप्ति को पुलिस ने 24 घंटे में खोज निकाला। पुलिस का दावा है कि वे न लापता हुई थीं और न उनका किसी ने अपहरण किया था। पुलिस के खुलासे के बाद उस कहानी के अफवाहों पर भी विराम लग गया जिसमें कहा जा रहा था कि वे प्रेमी के साथ कहीं चली गईं।
दरअसल, यह पूरा मामला बख्तियारपुर के अथमलगोला प्रखंड में तैनात कृषि विभाग की अधिकारी अर्यमा दीप्ति से जुड़ा है। वह शुक्रवार शाम अचानक लापता हो गईं। इस संबंध में उनके पति शुभम कुमार ने बख्तियारपुर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक, वे उस दिन अपनी पत्नी को हमेशा की तरह ऑफिस छोड़ने गए थे। कोई झगड़ा नहीं हुआ, कोई असामान्य बातचीत नहीं हुई। दोपहर तक संपर्क बना रहा, लेकिन शाम तक उनका मोबाइल फोन बंद हो गया।
शादी के सिर्फ 23 दिन बाद उनके लापता होने की खबर ने उनके परिवार को परेशान कर दिया। इधर, बाढ़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी ने रविवार को इन सभी अफवाहों पर विराम लगाते हुए खुलासा किया कि महिला अधिकारी ने अपने बयान में कहा कि वह किसी दबाव, डर या जबरदस्ती से कहीं नहीं गई थीं। असल में, उनकी करीबी दोस्त अंजलि कुमारी उर्फ गोल्डी का जन्मदिन था, जो सारण जिले के मशरक की रहने वाली हैं। वह अपनी दोस्त को सरप्राइज देने के लिए बिना किसी को बताए वहां चली गई थीं।
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST
कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को जोर देकर कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है और विचारधाराएं कभी नहीं मरतीं।
खड़गे ने इंदिरा भवन स्थित पार्टी मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के महान नेताओं के कारण ही भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बन पाया।
उन्होंने कहा, “आज (रविवार को) स्थापना दिवस पर मैं उन लोगों से एक बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं, जो कहते हैं कि ‘कांग्रेस का अंत हो गया है’। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हमारी शक्ति भले ही कम हो गई हो, लेकिन हमारा हौसला अब भी बुलंद है। हमने किसी से समझौता नहीं किया, न संविधान से, न धर्मनिरपेक्षता से और न ही गरीबों के अधिकारों से। हम भले ही सत्ता में न हों, लेकिन हम समझौता नहीं करेंगे।”
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST
राहुल गांधी ने कहा कि आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस पर हर कांग्रेसजन को हार्दिक शुभकामनाएं। हम उस ऐतिहासिक विरासत और उन महान बलिदानियों को नमन करते हैं जिन्होंने भारत को आजादी दिलाई, संविधान की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय व समानता के मूल्यों को मजबूत किया।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, भारत की आत्मा की आवाज है - जो हर कमजोर, हर वंचित और हर मेहनतकश के साथ खड़ी रही है। संकल्प है कि नफ़रत, अन्याय और तानाशाही के ख़िलाफ़ सत्य, साहस और संविधान की रक्षा की लड़ाई और अधिक मज़बूती से लड़ेंगे। जय हिंद। जय कांग्रेस।
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST
बिहार के जमुई में रेल हादसा हुआ है। सीमेंट से लदी मालगाड़ी के करीब 10 डिब्बे पुल से नीचे जा गिरे। यह हादसा झाझा जसीडीह रेलखंड के जमुई जिले के सिमुलतला से सटे टेलवा हॉल्ट के पास बरुआ नदी पुल पर देर रात यह ट्रेन एक्सीडेंट हुआ। हादसे से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत जसीडीह–झाझा मुख्य रेल मार्ग पर पुल संख्या 676 और पोल संख्या 344/18 के पास हुई। मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी, तभी अचानक डिब्बे पटरी से उतर गए।
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 28 Dec 2025, 7:59 AM IST