
उत्तर प्रदेश के बांदा जेल में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी का निधन हो गया है। देर शाम जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अंसारी को हर्ट अटैक आय़ा था। जानकारी के अनुसार, बैरेक में मुख्तार अंसारी अचानक बेहोश होकर गिर गए थे, जिसके बाद डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन तबीयत नहीं संभलने पर उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
इससे पहले भी मंगलवार को मुख्तार अंसारी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान परिजन उनसे मिलने मेडिकल कॉलेज आए थे, लेकिन सिर्फ उनके भाई अफजल अंसारी को ही उनसे मिलने दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने प्रशासन सहित सरकार पर मुख्तार को जेल में मारने की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए थे और सुरक्षा पर सवाल खड़े किए थे। अफजाल अंसारी ने कहा था कि मुख्तार ने जेल प्रशासन पर खुद को खाने में स्लो पॉइजन देने का आरोप लगाया है।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी के आवास के बाहर भारी संख्या में लोग जमा हो गए हैं। मुख्तार अंसारी को तबीयत बिगड़ने के बाद बांदा के बांदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में बंद पूर्व सांसद और बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी को तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद बांदा अस्पताल लाया गया है। बताया जा रहा है कि अंसारी को दिल का दौरा पड़ा है। अंसारी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर बांदा के डीएम और एसपी जेल पहुंचे। उनके निर्देश पर मुख्तार को आनन फानन में बांदा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
महाराष्ट्र के रामटेक के रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उम्मीदवार रश्मी बर्वे के नामांकन को अवैध घोषित कर दिया है। नामांकन इस आधार पर खारिज कर दिया गया कि जाति वैधता प्रमाण पत्र अवैध था। चुनाव आयोग ने उनके पति श्याम कुमार बर्वे को रामटेक लोकसभा के लिए कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार के रूप में मंजूरी दे दी है।
हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक को गुरुवार को एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में नजरबंद कर दिया गया। अंजुमन-ए-औकाफ जामिया मस्जिद ने कहा, "उमर फारूक मीरवाइज को उनकी तकरीर (उपदेश) से पहले अधिकारियों ने नजरबंद कर दिया है, जो वह गुरुवार को शहर की अली मस्जिद में संबोधन करने वाले थे।"
हालांकि, गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्हें अगस्त 2019 में नजरबंद किया गया था और चार साल बाद पिछले साल सितंबर में रिहा किया गया। ज्ञात हो कि अधिकारियों ने रमजान महीने की शुरुआत से पहले मीरवाइज उमर फारूक को शुक्रवार की नमाज और अन्य धार्मिक सभाओं में हिस्सा लेने की इजाजत दी थी।
बिहार में महागठबंधन की परेशानी और बढ़ने वाली है। सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) ने गुरुवार को पांच और सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। एआईएमआईएम ने पहले 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी, हालांकि बाद में गया सीट को रोक दिया।
एआईएमआई के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी राज्य की 15 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पहले उसने 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, लेकिन गया रोक दिया गया। जनता के आग्रह पर अब पांच और सीटों को बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब काराकाट, गोपालगंज, शिवहर, दरभंगा और वाल्मीकिनगर से भी उम्मीदवार उतारेगी।
अख्तरुल ईमान ने कहा कि मधुबनी सीट पर से भी चुनाव लड़ाने का आग्रह किया जा रहा है, जिसपर पार्टी विचार कर रही है। उन्होंने साफ कर दिया कि सिवान लोकसभा सीट से अगर दिवंगत शहाबुद्दीन की पत्नी हीना शहाब निर्दलीय उतरती हैं तो पार्टी उनका समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी की इच्छा महागठबंधन के साथ लड़ने की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इस कारण यह फैसला लेना पड़ा।
गृह मंत्रालय ने नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ जिलों में सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (एएफएसपीए) यानी अफ्सपा लागू रहने की अवधि 1 अप्रैल से अगले छह महीने के लिए बढ़ा दी है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली कोर्ट द्वारा सीएम अरविंद केजरीवाल की ईडी रिमांड 1 अप्रैल तक बढ़ाए जाने पर आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि जितने दिन की रिमांड दीजिए, ईडी ने 7 दिन मांगे और कोर्ट ने 4 दिन की रिमांड दे दी। सीएम ने आज बड़ा खुलासा किया है कि असली शराब घोटाला एजेंसियों की जांच शुरू होने के बाद शुरू हुआ। सीएम की गिरफ्तारी अवैध है, हमने इसे चुनौती दी है और हाई कोर्ट 3 अप्रैल को इस पर सुनवाई करेगा।
शिव सेना में शामिल होने पर बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने कहा कि शिव सेना की स्वच्छ आभा ने मुझे प्रेरित किया। मैंने हमेशा कहा है कि पीएम मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। हमने पिछले 2 वर्षों में महाराष्ट्र में उसी स्तर की प्रगति देखी है, जैसी हमने पिछले 10 वर्षों में देश में देखी है। हम राज्य के सौंदर्यीकरण और कला एवं संस्कृति के विकास पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
पालनपुर के द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने पालनपुर के 1996 के एनडीपीएस मामले में पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट को 20 साल के कठोर कारावास और 2 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
नवी मुंबई के वाशी में एक वेटर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में पता चला है कि स्थानीय होटल में काम करने वाला मुकेश मंटू यादव (26) अपना काम खत्म होने के बाद एक ‘बस स्टॉप’ पर खड़ा था. इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उससे बैग छीनने का प्रयास किया. बैग छीनने के दौरान दोनों बदमाशों ने यादव पर चाकू से हमला कर दिया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। उन्हें शराब घोटाला मामले में 1 अप्रेल तक ईडी की हिरासत में भेजा गया है।
दिल्ली की राऊज एवेन्यू अदालत ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की हिरासत को 7 दिन बढ़ाने की मांग वाली प्रवर्तन निदेशालय की याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मामले में लोगों को 'सरकारी गवाह' बनाया जा रहा है और उन्हें अपने बयान बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
राउज़ एवेन्यू कोर्ट के समक्ष दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनावी बांड के मुद्दे पर बयान दिया और कहा कि बीजेपी को पैसा मिल रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट में कहा कि ईडी अभी तक 31,000 पेज जमा कर चुकी है। मेरा सिर्फ 4 बयानों में जिक्र आता है। सी अरविंद मनीष सिसोदिया के सेक्रेटरी थे। उन्होंने कहा कि मेरी मौजूदगी में मनीष सिसोदिया को डॉक्यूमेंट्स दिए। मुझे क्या पता कौन क्या दे रहा है। मेरे पास ढेरों विधायक आते हैं, डॉक्यूमेंट्स देते हैं तो क्या ये एक मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने के लिए पर्याप्त है?
AAP नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री अतिशी ने कहा, "ED की रेड के बाद मनी लॉन्ड्रिंग की आरोपी कंपनियों का सबसे ज्यादा पैसा भाजपा के पास चंदे के रूप में आया है... इन सारे आरोपियों का और इस सारे मनी लॉन्ड्रिंग के पैसे का सबसे बड़ा फायदा भाजपा को मिला है... जो ऐसी 41 कंपनियां हैं जिन पर IT, CBI और ED की रेड हुई और जिन्होंने 2,741 करोड़ रुपये का चंदा भाजपा को दिया, आपको(भाजपा) इसे बांटने के लिए, जनहित में लगाने के लिए कोई कानून नहीं चाहिए। मैं भाजपा से आग्रह करूंगी कि वे आज ये घोषणा करें कि वे इस 2,741 करोड़ रुपये को प्रचार में खर्च नहीं करेंगे..."
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल को जेल में डालकर दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायकों को तोड़ना है ताकि सरकार गिराई जाए। भाजपा जानती है कि दिल्ली और पंजाब में वो चुनाव लड़कर नहीं जीत सकती।
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक सीआईएसएफ जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मॉर्निंग रूटिंग के दौरान एयरपोर्ट पर तैनात सभी जवान गोली की आवाज सुनकर अलर्ट हो गए। इसके बाद जब सभी घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने वहां अपने साथी जवान को खून से लथपथ अजमीन पर गिरा हुआ पाया।
त्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन गुरुवार से शुरू होगा। इस चरण में आठ लोकसभा सीटों पर मतदान होना है।
दूसरे चरण के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 4 अप्रैल है। स्क्रूटनी 5 अप्रैल को होगी।
8 अप्रैल को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 26 अप्रैल को मतदान होगा।
दूसरे चरण में अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर (एससी) और मथुरा लोकसभा क्षेत्र में चुनाव होगा।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज अधिसूचना जारी होगी। दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 28 Mar 2024, 8:02 AM IST