
महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार के मंत्री गिरीश महाजन और बीजेपी विधायक नितेश राणे का 'मराठा मिशन' रविवार को स्पष्ट रूप से विफल हो गया। मराठा प्रदर्शनकारियों ने वार्ता के लिए आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध ठुकराते हुए शिक्षा और नौकरियों में आरक्षण के लिए अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
इससे पहले गिरीश महाजन ने विधायक नितेश एन. राणे के साथ आंदोलन के नेता मनोज जारांगे से मुलाकात की और मराठा कोटा पर बातचीत शुरू करने की राज्य सरकार की इच्छा से अवगत कराया, और अनुरोध किया कि पहले आंदोलन को समाप्त किया जाना चाहिए। हालांकि, समुदाय पर शुक्रवार की पुलिस कार्रवाई के बाद जारांगे ने मांग की कि सरकार को 48 घंटों के भीतर शिक्षा और नौकरियों में मराठा कोटा की घोषणा करनी चाहिए।
हालांकि, महाजन ने सभी कानूनी मुद्दों पर विचार करने के बाद एक फुलप्रूफ नीति बनाने के लिए कम से कम एक महीने का समय मांगते हुए तर्क दिया कि हम आरक्षण देने के लिए बहुत उत्सुक हैं, लेकिन हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि यह किसी भी कानूनी चुनौती का सामना करने के लिए ठीक से किया जाए, अन्यथा कोई इस पर रोक लगा सकता है। लेकिन मराठा प्रदर्शनकारियों ने लाठीचार्ज करने वाले सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने की मांग करते हुए आंदोलन जारी रखने की बात दोहराई है।
महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान जालना में आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज की घटना पर बीजेपी नेता पंकजा मुंडे ने कहा कि जिन प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया उनकी बात सुनी जानी चाहिए और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सोमवार को श्रीलंका के पल्लेकेल में नेपाल के खिलाफ होने वाले एशिया कप के मैच में नहीं खेल पाएंगे। वह निजी कारणों से स्वदेश लौट आए हैं।
मणिपुर के एक वरिष्ठ पूर्व सेना अधिकारी ने रविवार को कहा कि मणिपुर में सामान्य स्थिति तभी बहाल होगी, जब दोनों समूह टकराव के बजाय बातचीत शुरू करेंगे और आंतरिक रूप से विस्थापित लोग अपने मूल स्थान पर लौट आएंगे।
महाराष्ट्र के जालना में सामुदायिक आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में विभिन्न मराठा समूहों का विरोध-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा और मुंबई, ठाणे, बुलढाणा, सोलापुर में प्रदर्शन हुए। मुख्यमंत्री ने रविवार को शांति की अपील की।
कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने आज 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर कहा कि यह भारतीय संविधान पर हमला है। क्या वे (बीजेपी) देश में 'एक राष्ट्र, एक आय' लागू कर सकते हैं और आर्थिक असमानता को कम कर सकते हैं?
गोवा में मिशन पॉलिटिकल रिजर्वेशन फॉर शेड्यूल ट्राइब्स (एमपीआरएसटी) के बैनर तले कुल 16 अनुसूचित जनजाति (एसटी) संगठनों ने सीटें आरक्षित नहीं किए जाने पर अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का प्रस्ताव पारित किया है।
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनता के बीच सरकार की उपलब्धियां पहुंचने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है, मगर इस यात्रा में राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को आमंत्रण तक नहीं दिया गया है। इस बात से वह आहत हैं। उन्हें इस बात की आशंका है कि अगर भाजपा की सरकार फिर बन जाएगी तो शायद उन्हें कोई पूछेगा भी या नहीं।
वन नेशन वन इलेक्शन के लिए बनी कमेटी में अधीर रंजन चौधरी के शामिल नहीं होने पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारत सरकार अडानी के मुद्दे को भटकाना चाहती है... इसलिए वे ये सब कर रहे हैं। और ये काम करते समय, वे संसदीय रीति-रिवाजों और परंपराओं को पूरी तरह से नुकसान पहुंचा रहे हैं।
सीपीआई सांसद बिनॉय विश्वम ने संसद के विशेष सत्र के संबंध में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने राष्ट्रपति से संसदीय प्रणाली को संरक्षित करने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया और कहा कि यह स्पष्ट है कि हमारे संविधान में परिकल्पित नियंत्रण और संतुलन की प्रणाली एक बड़े खतरे में है।
भारतीय मौसम विभाग भुवनेश्वर के वरिष्ठ वैज्ञानिक उमा शंकर दास ने कहा कि अगले 48 घंटों में व्यापक बारिश हो सकती है। उत्तरी ओडिशा के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है। ढेंकनाल , अंगुल, कालाहांडी, बौध और कंधमाल पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों को बिजली और तूफान के दौरान सुरक्षित आश्रय लेने की चेतावनी दी जाती है। लोगों को पेड़ों और जल निकायों से दूर रहना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वन नेशन, वन इलेक्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोदी सरकार चाहती है कि लोकतांत्रिक भारत धीरे-धीरे तानाशाही में तब्दील हो जाए। 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर समिति बनाने की यह नौटंकी भारत के संघीय ढांचे को खत्म करने का एक हथकंडा है। इसके साथ ही उन्होंने वन नेशन, वन इलेक्शन की कवायद की प्रक्रिया को लेकर भी कई सवाल उठाए हैं।
हरियाणा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा के लोग मौजूदा सरकार से तंग आ चुके हैं और बदलाव चाहते हैं।
'वन नेशन, वन इलेक्शन' के सवाल पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि यह पुरानी मांग है। कोई भी समझदार व्यक्ति और जो एक ही काम के लिए 5 बार पैसे खर्च करने का विरोधी है और जो देश की रचनात्मक विकास में भारतीय संपत्ति का वाजिब हिस्सेदारी का समर्थक है, वह 'वन नेशन, वन इलेक्शन' का समर्थन करेगा।
'वन नेशन, वन इलेक्शन' पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि मैं जानना चाहता हूं कि क्या पहले सभी पक्षों से बात करना जरूरी नहीं है? क्या उन्होंने (बीजेपी) NDA के भीतर विभिन्न दलों से इस बारे में बात की है? मुझे लगता है कि यह सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए किया गया है। आप देखेंगे कि दो हफ्ते बाद यह विषय अपने आप खत्म हो जाएगा।
विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि हम इस पर सभी से चर्चा कर रहे हैं। हर किसी का काम करने का अपना तरीका होता है। हम चर्चा के बाद मानदंड बनाएंगे।
'वन नेशन, वन इलेक्शन' के लिए बनी कमेटी पर कांग्रेस पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि असल में ये कमेटी ही उनकी तरफ से एक 'जुमला' है। यह संसदीय लोकतंत्र को नष्ट करने और अडानी घोटाले से ध्यान भटकाने का एक स्पष्ट व्यवस्थित प्रयास है। यह लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए नहीं है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान देकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में खलबली मचा दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शिवपाल यादव बीजेपी में शामिल होंगे। राजभर ने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27 बार शिवपाल यादव से कहा कि इधर आ जाओ। उनके बार-बार बोलने पर उन्होंने कहा कि घबराओ नहीं जल्दी आउंगा। लोकसभा चुनाव के पहले वे बीजेपी में शामिल होंगे, जो महाराष्ट्र में हुआ है वही यहां होने जा रहा है।
केंद्रीय कानून और न्याय मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिबो शंकर मिश्रा और आनंद चंद्र बेहरा को उड़ीसा उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया है। बुदी हाबुंग गौहाटी उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में और न्यायमूर्ति सीएस सुधा केरल उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किए गए।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज गरुड़ के पास भौन खोला गांव पहुंचे और गांव के स्थानीय लोगों से मुलाकात की। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र की समस्याओं को समझा और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार लोगों के उत्थान के लिए काम कर रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी बागेश्वर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के प्रचार के लिए बागेश्वर दौरे पर हैं।
उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में 2 पक्षों में विवाद हुआ। विवाद के दौरान फायरिंग हुई। डीसीपी ने बताया कि इनके बीच दुकान को लेकर विवाद पहले से ही था। फायरिंग में 3 लोग घायल हुए हैं। तीनों घायल खतरे से बाहर हैं। 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। केस दर्ज कर लिया गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 03 Sep 2023, 8:06 AM IST