
कटक में शनिवार को एक पुराने अपार्टमेंट की बालकनी ढहकर बगल के एक मकान पर गिर गयी जिससे एक नाबालिग लड़के सहित कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना शहर के मणि साहू चौक में घटी। सभी प्रभावित व्यक्ति एक ही परिवार के थे तथा पुराने अपार्टमेंट के पास एस्बेस्टस की छत वाले मकान में रह रहे थे।
घर की महिला ने बताया, "अपार्टमेंट की बालकनी हमारे घर पर गिरी। इस घटना में मेरे पति, बेटे और पोते की मौत हो गई।" मृतकों की पहचान अब्दुल जलील (60), अब्दुल जहीद (30) और अब्दुल मुजाहिद (पांच) के रूप में हुई है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने सभी छह लोगों को निकाला और उन्हें एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार में अधिकारियों के साथ गुप्त बैठकें कर रहे हैं। खेड़ा ने सीसीटीवी पर लगे कागज दिखाते हुए कहा कि पहले चरण मे महागठबंधन की बढ़त से घबराकर गृह मंत्री अमित शाह सीसीटीवी कैमरे बंद करवाकर, लिफ्ट और ट्रैफिक रोककर अधिकारियों के साथ गुप्त बैठकें कर रहे हैं। खेड़ा ने कहा, ‘‘इतना डर क्यों है कि सीसीटीवी पर कागज चिपकाकर बैठक करनी पड़ रही है? गृह मंत्री को बताना चाहिए कि आखिर क्या मजबूरी है जो इस तरह की गुप्त बैठकें की जा रही हैं।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
राजधानी दिल्ली में शनिवार को पारा गिरने से सर्दी का असर महसूस किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने इसकी जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और यह इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात थी। रात का न्यूनतम तापमान मौसम के सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
दिल्ली में गुरुवार को इस शीत ऋतु में पहली बार न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2023 में यह 9.2 डिग्री सेल्सियस और 2022 में 7.3 डिग्री सेल्सियस था।आईएमडी ने बताया कि शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है।
अधिकारियों ने ठंड का कारण पश्चिमी हिमालय में ताजा हिमपात के बाद दिल्ली में चल रही ठंडी हवाओं को बताया साथ ही रात में आसमान साफ रहने के कारण 'रेडिएशन कूलिंग' में वृद्धि हुई। मौसम विभाग ने रविवार को हल्का कोहरा छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शनिवार को बिहार के कटिहार, भागलपुर और पूर्णिया जिलों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी आज जिस लड़ाई को लड़ रही है, वह वही संघर्ष है जो महात्मा गांधी ने कभी ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ लड़ा था। उन्होंने कहा कि आज यह लड़ाई ‘मोदी साम्राज्य’ के खिलाफ है।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
रल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने एर्नाकुलम से बेंगलुरु जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के बाद ट्रेन में स्कूली छात्रों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का गीत गायन कराने को लेकर शनिवार को दक्षिणी रेलवे की निंदा की।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान में, विजयन ने कहा कि दक्षिणी रेलवे के इस कथित कृत्य का विरोध किया जाना चाहिए। टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में छात्रों को वंदे भारत एक्सप्रेस में आरएसएस का गीत गाते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर लगातार सांप्रदायिक विभाजनकारी राजनीति फैलाने वाले आरएसएस के गीत को सरकार के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल करना संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को बीजेपी नीत महाराष्ट्र सरकार को दगाबाज सरकार करार दिया और उस पर किसानों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ से संबंधित एक फर्म से जुड़े विवादास्पद पुणे भूमि सौदे का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी और उसके सहयोगियों को राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम' के नारे लगाने का कोई अधिकार नहीं है, जब वे "भारत माता को लूट रहे हैं।"
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
महाराष्ट्र की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शनिवार को मांग की कि राज्य सरकार पुणे और मुंबई में भूमि लेनदेन पर एक ‘श्वेतपत्र’ जारी करे और विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान इस मुद्दे पर पूरे दिन की चर्चा कराए। सपकाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि राज्य भर में जमीन के सौदों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं और ‘‘जमीन घोटालों के ‘मास्टरमाइंड’ मंत्रालय से काम कर रहे हैं।’’
उन्होंने इन लेन-देन को ‘‘सामूहिक अपराध’’ करार दिया और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली महायुति सरकार पर इसमें शामिल लोगों को बचाने का आरोप लगाया। सपकाल ने कहा, ‘‘महायुति सरकार पूरी तरह बेशर्म हो गई है। हर दिन एक नया घोटाला सामने आता है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। सत्तारूढ़ पार्टी के नेता और उनके रिश्तेदार राज्य को लूट रहे हैं। मुंबई और पुणे में करोड़ों रुपये की जमीन कौड़ियों के भाव हड़प ली गई है।’’
पुणे भूमि मामले का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने 40 एकड़ ‘महार वतन’ जमीन 300 करोड़ रुपये में खरीदी, जबकि इसके लिए उन्होंने केवल 500 रुपये स्टांप शुल्क का भुगतान किया। उन्होंने सवाल किया, ‘‘उस जमीन पर आईटी पार्क बनाने के प्रस्ताव को जल्दबाज़ी में मंजूरी दे दी गई और दस्तावेजों में फेरबदल किया गया। अब सरकार कह रही है कि सौदा रद्द कर दिया गया है। यह अपराध स्वीकारोक्ति है। अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? पार्थ पवार का नाम प्राथमिकी से क्यों गायब है?’’
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
हिमाचल प्रदेश के चुराह विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन बार के विधायक हंसराज के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले कथित पीड़िता के पिता की शिकायत के बाद हंसराज के निजी सहायक और एक अन्य करीबी सहयोगी के खिलाफ अपहरण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने बताया कि कथित पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और भाजपा विधायक हंस राज के खिलाफ शुक्रवार को पॉक्सो अधिनियम की धारा-6 के तहत गंभीर प्रवेशन यौन हमला करने और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-69 के तहत शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
हालांकि, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष हंसराज ने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया है कि ये आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाली कथित पीड़िता ने दावा किया है कि घटना के समय वह नाबालिग थी। चंबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) हितेश लखनपाल ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की कि मामला दर्ज कर लिया गया है।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने शनिवार को घोषणा की कि संसद का शीतकालीन सत्र एक से 19 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। विपक्ष ने इसे बहुत देर से बुलाया गया और संक्षिप्त सत्र बताया। तीन सप्ताह के इस सत्र में कुल 15 बैठकें होंगी और इसके हंगामेदार रहने की उम्मीद है, क्योंकि यह सत्र निर्वाचन आयोग द्वारा 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के एसआईआर अभियान को अंजाम दिए जाने के बीच हो रहा है। कई विपक्षी दलों ने एसआईआर को लेकर आपत्तियां जताई हैं।
शीतकालीन सत्र की दिशा 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से तय होगी, जहां सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का विपक्षी महागठबंधन के साथ कड़ा मुकाबला है। कई विपक्षी दल भारत द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ समाप्त करने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बार-बार किए गए दावों पर भी सरकार से जवाब मांग सकते हैं।
सत्र की तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए इसे बहुत देर से बुलाया गया और संक्षिप्त सत्र बताया। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह सिर्फ 15 कार्यदिवसों का होगा। इससे क्या संदेश दिया जा रहा है? स्पष्ट है कि सरकार के पास कोई कामकाज नहीं है, कोई विधेयक पारित कराने की जरूरत नहीं है, और किसी बहस की अनुमति नहीं है।” तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाया कि सरकार को “पार्लियामेंट-ओफोबिया” है और इसे संसद का सामना करने का डर बताया।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। भारत ने पांच मैच की श्रृंखला 2-1 से जीती।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "बिहार में लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है। बिहार में भारी मतदान इस बात का संकेत है कि जनता ने फैसला कर लिया है कि वे बदलाव चाहते हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए का समय समाप्त हो गया है। बिहार में महागठबंधन सरकार बनाएगा।"
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 10 मई से अब तक 58 बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने धमक देकर ऑपरेशन सिंदूर रुकवाया है। उन्होंने कहा कि मैंने भारत और पाकिस्तान, दोनों प्रधानमंत्रियों से कहा कि अगर अमेरिका के साथ व्यापार करना है, निर्यात बढ़ाना है, तो ऑपरेशन सिंदूर रोक दीजिए। युद्धविराम लागू कीजिए।" राष्ट्रपति ट्रंप यही कह रहे हैं। 10 मई को पहली घोषणा कहाँ से आती है? हमें वाशिंगटन से सूचना मिलती है कि ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया गया है... वह एक ही बात दोहराते रहते हैं, जबकि हमारे प्रधानमंत्री चुप रहते हैं... 22 और 23 तारीख को दक्षिण अफ्रीका में जी-20 शिखर सम्मेलन होना है। ट्रंप ने कहा है कि वह नहीं जाएंगे, यानी हमारे प्रधानमंत्री ज़रूर जाएंगे। अगर राष्ट्रपति ट्रंप ने जाने का कहा होता, तो हमारे प्रधानमंत्री कोई बहाना ढूंढ़कर एक वर्चुअल ऑनलाइन मीटिंग कर लेते। लेकिन इस बार, वह ज़रूर जाएंगे। क्यों जाएंगे? क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप वहाँ नहीं हैं... हमें अपनी सरकार की नीतियों की जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलती है, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री से नहीं। यह अजीब परिस्थिति है।"
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने पूर्णिया में कहा, "बेरोज़गारी और पलायन सबसे बड़ी समस्या है...यहां युवाओं को काम नहीं मिल रहा। कोई स्थानीय उद्योग नहीं है जहां उन्हें रोज़गार मिल सके। यहां की सरकार ने कई पद खाली छोड़ रखे हैं, कई युवा बेरोज़गार हैं, लेकिन रोज़गार नहीं दे रही है।"
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
पंजाब के तरनतारन के एसएसपी को उपचुनाव में दखलंदाज़ी के लिए निलंबित कर दिया गया है। अमृतसर के पुलिस आयुक्त को प्रभार सौंपा गया है। पंजाब सरकार से तीन अधिकारियों का पैनल मांगा गया है: मुख्य चुनाव आयुक्त
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
भागलपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी सोचते हैं कि झूठे वादे करके और 10,000 रुपये देकर वह आपका वोट पा लेंगे... पिछले 20 सालों से बिहार में उनकी सरकार है और उन्होंने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। वे सुरक्षा भी नहीं दे पाए। महिलाओं के खिलाफ अपराध तीन गुना बढ़ गए हैं... वे आपको 10,000 रुपये की रिश्वत देने की कोशिश कर रहे हैं... पैसे ले लीजिए, लेकिन उन्हें वोट मत दीजिए।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
कटिहार: भारी मतदान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "लोग बदलाव चाहते हैं। मैं सभी बैठकों में देख रही हूं, और लोग मुझसे ज़्यादा बोलते हैं। लोग बदलाव चाहते हैं; वे थक चुके हैं और ऊब चुके हैं। ध्यान भटकाने वाली कोई भी कोशिश काम नहीं कर रही है। लोग सभी दलों से अपने भविष्य और प्रगति के बारे में बात करने के लिए कह रहे हैं।"
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
4.5 ओवर के खेल के बाद मैच को रोक दिया गया। खराब मौसम की वजह से मैच रोका गया। अंपायर ने बारिश- आंधी और बिजली गिरने के डर से मैच रोक दिया। फिलहाल भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी वापस डग आउट में लौट चुके हैं। 4.5 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 52 रन है। फिलहाल गिल 16 गेंद में 29 रन और अभिषेक 13 गेंद में 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
बिहार चुनाव के पहले चरण की वोटिंग को लेकर चुनाव आयोग ने अपना फाइनल आंकड़ा जारी कर दिया है। उसके मुताबिक पहले फेज में 65.8 प्रतिशत वोटिंग हुई है, पहले ये आंकड़ा 64.6 फीसदी बताया गया था, लेकिन अब इसमें भी काफी इजाफा हुआ है। 1.2 फीसदी का ये अतिरिक्त इजाफा भी निर्णायक माना जा रहा है।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
दिल्ली में सर्दी की शुरुआत हो गई है। सुबह कोहरे के साथ हो रही है। इसके साथ ही दिल्ली में शीतलहर भी चल रही है, जिसके चलते दिल्ली में ठंड में इजाफा हो रहा है। कुछ दिन से दिल्ली के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। आज भी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस है। वहीं अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 08 Nov 2025, 7:59 AM IST