
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने आज कहा कि हमने चुनाव आयोग से अंतिम तीन चरणों को एक साथ कराने का आग्रह किया था। उन्होंने प्रचार की अवधि को कम करने के अलावा कुछ नहीं किया। यदि आप प्रचार समय को कम कर सकते हैं, तो मतदान एक साथ क्यों नहीं करा सकते? आप बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं। अगर कोई बड़ी घटना होती है तो आप (चुनाव आयोग) जिम्मेदार होंगे। दो उम्मीदवारों की पहले ही मौत हो चुकी है।
सीएम ममता बनर्जी ने आज कहा कि करीब 10,000 बाहरी लोग अभी बंगाल में हैं, उनमें से ज्यादातर संक्रमित हैं और वे राज्य में कोरोना वायरस फैला रहे हैं। हमने निर्देश दिया है कि जो भी बाहर से आएगा, उसे बंगाल में प्रवेश करने के लिए आरटीपीसीआर जांच कराना होगा।
मध्य प्रदेश के भोपाल में हमीदिया अस्पताल से लगभग 800 रेमेडिसविर इंजेक्शन चोरी हो गई है। एएसपी रामस्नेही मिश्र ने बताया कि रेमडिसीवीर के 17 बक्से चोरी हो गए हैं। एक बॉक्स में 48 इंजेक्शन होते हैं और केवल कुछ बॉक्स खुले हुए थे। एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य समेत देश भर में जारी कोरोना वायरस के कहर पर चिंता जताते हुए पीएम मोदी से जल्द मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर ठोस फैसला लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अब जरा भी देर करने से आम लोगों की जान पर बन आएगी।
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर जानकारी साझा करते हुए लिखा है कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने उनके संपर्क में आए सभी लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।
क्या देशभर में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लगाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे कयास इस आधार पर लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय कई मंत्रालयों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर रहे हैं। हालांकि बताया गया है कि पीएम देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति और वैक्सीन की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज एक बार फिर सरकार से कोरोना संकट में गरीबों को आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मासिक आय सहायता प्रदान करना और प्रत्येक पात्र नागरिक के खाते में 6,000 रुपये की राशि हस्तांतरित करना अनिवार्य है। हमने पहले भी सरकार से यह अनुरोध किया था।
हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसके झा ने बताया कि आज कुंभ मेले में भाग लेने वाले 175 'साधुओं' को कोरोना जांच में संक्रमित पाया गया है। अब तक कुंभ में आए 229 साधुओं को कोरोना संक्रमित पाया गया है।
देश में भयावह होते जा रहे कोरोना के हालात ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री मोदी आज बंगाल चुनाव प्रचार से दिल्ली लौटने के बाद रात आठ बजे कोरोना और वैक्सीनेशन की स्थिति पर समीक्षा बैठक करेंगे।
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पूरे जिले को 26 अप्रैल तक के लिए कंटेंमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
गोवा सरकार ने राज्य में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच ऑक्सीजन सिलेंडर के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है।
दिल्ली में कोरोना के हालात पर जानकारी देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज कहा कि दो-तीन दिनों में 6,000 बेड और बढ़ जाएंगे। केंद्र ने नवंबर में 4100 बेड दिया था, लेकिन इस बार केवल 1800 बेड दिया गया है। मैंने डॉ. हर्षवर्द्धन से कोरोना मरीजों के लिए 50 फीसद बेड आरक्षित करने के लिए कहा है।
राजधानी दिल्ली में कोरोना के हालात भयावह होते जा रहे हैं। शनिवार को सीएम केजरीवाल ने कहा कि आज 24000 से ज्यादा केस मिले हैं। अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और इंजेक्शन की तेजी से कमी होती जा रही है। सीएम ने कहा कि एक-दो दिन हालात को देखने के बाद कड़े कदम उठाए जाएंगे।
गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने कहा कि कुंभ मेले में गए गुजरात के सभी श्रद्धालुओं को उनकी वापसी पर उनके गांवों में सीधे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी का आरटीपीसीआर परीक्षण किया जाएगा। संक्रमित पाए गए लोगों को 14 दिनों के लिए अलगाव में रखा जाएगा। सभी जिला कलेक्टरों को आदेश जारी किए गए हैं।
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति रविशंकर झा कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं।
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना ने कहा, “प्रदेश में रेमडेसिवीर की उपलब्धता के लिए विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह गलत जानकारी दी जा रही है कि निजी लैब टेस्ट नहीं कर रहे हैं। आज निजी लैब द्वारा 19 हजार टेस्ट किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग अपने सैंपल भेजकर निजी लैब में टेस्ट करा सकते हैं।”
11 राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ कोरोना वायरस की स्थिति पर बैठक के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश के स्वास्थ्य मंत्रियों की तरफ से नागरिकों से फिर से अपील करता हूं कि कोविड के खिलाफ लड़ाई में सबसे बड़ा हथियार आपके पास स्वयं उपलब्ध है। वह हथियार है कोविड अनुरूप व्यवहार।
गणतंत्र दिवस के मौके पर लाल किले पर हुई हिंसा के आरोपी दीप सिद्धू को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने आज सशर्त जमानत दे दी है। कोर्ट ने 30,000 रुपये के निजी मुचलके पर दीप सिद्धू को जमानत दी है। जमानत के बाद फिर से क्राइम ब्रांच ने हिरासत में ले लिया है।
भारतीय रेलवे ने शनिवार 17 अप्रैल को घोषणा की है कि ट्रेन में और स्टेशन पर मास्क नहीं पहनने वालों पर 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। फेस मास्क की अनिवार्यता का निर्देश अगले 6 महीने की अवधि के लिए है।
AIIMS के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा कि COVID मामलों में बढ़तोरी के कारण कई है। लेकिन 2 मुख्य कारण हैं- जब जनवरी / फरवरी में टीकाकरण शुरू हुआ और मामलों में कमी आई तो लोगों ने कोविड नियमों का पालन करना बंद कर दिया और इस समय यह वायरस तेजी से फैल रहा है।
उत्तराखंड के जंगलों में लगी आग बुझाने के लिए पंजाब के बठिंडा से एनडीआरएफ की टीम टिहरी गढ़वाल पहुंची है। इंस्पेक्टर ने बताया, ''जंगल की टीम के साथ जाकर आग को नियंत्रित करना हमारा मुख्य मकसद है। इस ऑपरेशन में हमारी 28 लोगों की टीम भाग लेगी। पहाड़ी इलाकों में NDRF टीमें पहले से मौजूद हैं।''
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने पीएम मोदी पर तंज किया है। उन्होंने तज कसते हुए कहा कि महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने ऑक्सीजन की अर्जेंट सप्लाई के पीएम मोदी से अनुरोध किया। ओ ब्रायन ने कहा है कि उद्धव को यह बताया गया कि पीएम बंगाल में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उनके आने पर जवाब दिया जाएगा।
महाराष्ट्र के नागपुर में वीकेंड लॉकडाउन पर पुलिस ने जांच अभियान चलाकर बाहर निकले लोगों की जांच की। पुलिस कमिश्नर ने बताया, ''प्रयास है कि लोग बिना वजह बाहर न निकलें। इसे लागू कराया जा रहा है। आज कल से बेहतर स्थिति है। एंटीजन टेस्ट की व्यवस्था की गई है। टीम की ट्रेनिंग चल रही है।''
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस वैक्सीन की 30 लाख से ज्यादा डोज लगाई गईं। देश में अब वैक्सीनेशन का कुल आंकड़ा 12 करोड़ के क़रीब(11,99,37,641) पहुंच गया है।
महाराष्ट्र सीएम कार्यालय के मुताबिक, सीएम उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री कार्यालय को ऑक्सीजन और रेमडेसिविर की तत्काल आपूर्ति के लिए फोन किया। लेकिन उन्हें पीएमओ की ओर से बताया गया कि पीएम बंगाल में हैं और जब वह वापस आएंगे तो संपर्क करेंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 17 Apr 2021, 2:08 PM IST