
मोदी सरकार के कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद के लिए सुप्रतीम बंद्योपाध्याय की नियुक्ति को मंजूरी दी है। यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से 5 साल तक या 65 वर्ष की आयु प्राप्त करने या अगले आदेशों तक मान्य होगी।
तमिलनाडु के मुस्लिम संगठनों ने सीएए के खिलाफ राज्य विधानसभा में प्रस्ताव पारित किए जाने की मांग करते हुए कल चेन्नई में राज्य सचिवालय का घेराव करने का ऐलान किया है।
दिल्ली के एसीपी की हत्या की साजिश रचने वाले सरगना शक्ति नायडू को मेरठ पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस ने शक्ति पर दो लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बता दें कि कंकर खेड़ा क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया।फिर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो लाख का इनामी बदमाश ढेर हो गए।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के एल्यूमनाई एसोसिएशन ने 15 दिसंबर 2019 को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दिल्ली पुलिस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे दिल्ली पुलिस छात्रों के साथ बर्बरता कर रही है। यह वीडियो हाल ही में जारी किया गया था।
बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, सीएए और शिक्षा की बदहाली के खिलाफ मंगलवार को जनतांत्रिक विकास पार्टी ने पटना में कारगिल चौक से सचिवालय तक मानव श्रृंखला बनाई और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस मानव श्रृंखला में पार्टी के अध्यक्ष अनिल कुमार के साथ पटना की जनता और हजारों छात्र-नौजवान शामिल हुए। इस मानव श्रृंखला को बिहार के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह का भी साथ मिला।
मानव श्रृंखला में शामिल पूर्व मंत्री सिंह ने कहा, “भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों के सवाल, स्वास्थ्य और शिक्षा की गिरती स्थिति सहित मौलिक सवालों पर बनी मानव श्रृखंला को समर्थन देने आया हूं। आज बिहार में सरेआम अपराधियों के हाथों लोग मारे जा रहे हैं। बेवजह एनपीआर, एनआरसी और सीएए को लाकर देश को मूल मुद्दों से भटकाया जा रहा है।”
छत्तीसगढ़ में 10 फरवरी को बीजापुर जिले के इरापल्ली में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में घायल हुए कोबरा हेड कॉन्स्टेबल अजीत सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई।
दिल्ली हाई कोर्ट ने जॉनसन एंड जॉनसन की याचिका पर केंद्र सरकार, राष्ट्रीय मुनाफाखोरी-रोधी प्राधिकरण, सीजीएसटी अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।
बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को दिल्ली में बीजेपी विधायक दल के नेता को चुनने के लिए सरोज पांडेय को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। बीजेपी सांसद नव नियुक्त विधायकों के साथ बैठकर इस बाबत उम्मीदवारों के बीच आम सहमति बनाने की कोशिश करेंगी। सूत्रों के अनुसार, रोहिणी सीट से जीत दर्ज करने वाले विजेंदर गुप्ता संभवत: इस पद के लिए नियुक्त किए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि आप ने 62 सीटों पर अपना परचम लहराया था।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से जब पूछा गया कि 'क्या भारत में अस्पतालों में दवाओं-मास्क की कमी की कोई रिपोर्ट है। इस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है।
बीएसएफ के निष्कासित कॉन्स्टेबल तेज बहादुर यादव ने वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ उनका पर्चा खारिज होने के मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। तेज बहादुर ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
राम मंदिर से संबंधित 67 एकड़ भूमि पर मुस्लिम पक्षकारों के दावों को खारिज करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यहां पहले कोई कब्रिस्तान नहीं था। सुप्रीम कोर्ट के वकील एम आर शमशाद द्वारा 9 मुस्लिम निवासियों की ओर से मंदिर ट्रस्ट को भेजे गए एक पत्र के जवाब में प्रशासन ने यह बात कही है। वकील ने दावा किया था कि भूमि का उपयोग पहले कब्रिस्तान के रूप में किया गया था।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
सूत्रों के मुताबिक, पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा जारी सीजफायर उल्लंघन के बीच आर्मी चीफ जनरल एमएम नरवाणे नगरोटा में रक्षा स्थितियों का जायजा ले रहे हैं
जामिया वीडियो विवाद पर जांच पड़ताल करने के लिए मौके पर एसआईटी टीम पहुंची हुई है। उनके साथ डीसीपी राजेश देव भी साथ में मौजूद हैं।
बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने कहा कि कुछ पुलिसकर्मियों ने निस्संदेह राज्य में शराब की बिक्री में शामिल हैं। दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए लेकिन पूरे पुलिस बल पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए, वह भी सार्वजनिक स्थान पर।
हैदराबाद की एक अदालत ने मंगलवार को वांछित आतंकी सैयद अब्दुल करीम उर्फ टुंडा से संबंधित एक मामले में फैसला तीन मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया। न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट ने मामले को अगले महीने के लिए टाल दिया। इस मामले में फैसला चार फरवरी को सुनाया जाना था, लेकिन इसे 18 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा और बम बनाने में पारंगत टुंडा 1998 के सलीम जुनैद मॉड्यूल मामले का आरोपी है, जिस पर हैदराबाद सेंट्रल क्राइम स्टेशन की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने मामला दर्ज किया था। टुंडा को 2013 में भारत-नेपाल सीमा पर केंद्रीय एजेंसियों ने गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल गाजियाबाद जेल में बंद है। उस पर देश में विभिन्न स्थानों पर आतंकवादी गतिविधियों का आरोप है। टुंडा ने कथित तौर पर युवाओं को भारत में आतंकी गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित किया था। उसने एक पाकिस्तानी नागरिक जुनैद के साथ मिलकर 1998 में हैदराबाद में गणेश उत्सव के दौरान आतंकी हमले की साजिश रची थी।
रक्षा अध्ययन एवं विश्लेषण संस्थान का नाम बदलकर मनोहर पर्रिकर रक्षा अध्ययन एवं विश्लेषण संस्थान किया गया।
मद्रास हाई कोर्ट ने चेन्नई में विभिन्न मुस्लिम संगठनों द्वारा बुलाए गए कल नागरिक विरोधी संशोधन अधिनियम विरोध मार्च पर रोक लगाने की तत्काल याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है।
कोरोना वायरस पर भारत में चीनी राजदूत सन वेइदॉन्ग ने कहा, “महामारी अब नियंत्रण में है। 17 फरवरी तक हुबेई प्रांत के बाहर, पूरे चीन में लगातार 14 दिनों तक कोरोना वायरस के पुष्ट मामलों की संख्या में कमी आई है।”
नवी मुंबई पुलिस ने 512 करोड़ से अधिक के बैंक घोटाला मामले में 76 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह घोटाला नवी मुंबई के अर्नला सहकारी बैंक में हुआ था।
कर्नाटक के बेंगलुरु में 'प्रेस्टीज लेकव्यू हैबिटैट' के पास लगी आग को बुझा दिया गया है। आग सूखी घास और कूड़े-कचरे में लगी थी।
मनीष सिसोदिया के ओएसडी गोपाल माधव को भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में दिल्ली की कोर्ट से जमानत मिल गई है। गोपाल माधव को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “हमने ट्वीट कर के भी कहा था कि हर मंगलवार हम लोगों को याद दिलाएंगे कि हनुमान जी का मजाक नहीं उड़ाना है। हम लोग हर महीने के पहले मंगलवार को हनुमान जी का आशीर्वाद लेंगे। साथ ही अलग-अलग इलाकों में सुंदर कांड का पाठ करवाएंगे।”
कांग्रेस नेता रणदीप सुरेजवाला ने ट्वीट कर कहा, “मुनाफे में चल रही BPCL, SCI, CONCOR, THDC, NEEPCO को बेचने के बाद बीजेपी अब 46 सरकारी कंपनियों को बेच रही है। 72 साल से चल रही ‘नवरत्न’ कंपनियों को मोदी सरकार ने 5 साल में 'नुकसानरत्न' बना दिया है। BSNL, MTNL, Air India और LIC के बाद ONGC भी बर्बादी की लाइन में है।”
मुंबई के आजाद मैदान में 21 फरवरी को CAA, NPR और NRC के खिलाफ भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद को रैली करने की इजाजत नहीं मिली है।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय 20 फरवरी को दिल्ली सचिवालय में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे, जिसमें वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एक कार्य योजना तैयार की जाएगी।
महाराष्ट्र के ठाणे के डोंबिवली इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर मौजूद है। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। आग इतनी भयावय है कि उसने बगल की कागज फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना के बाद मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंच गई हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
40 साल में सबसे कम खपत के आंकड़े छुपाने पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार को घेरा है। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “अर्थव्यवस्था की हालत खस्ता है, लेकिन मोदी सरकार यह मानने को तैयार नहीं है। लगातार मोदी सरकार आंकड़े छुपाती रही है। अब आलम यह है कि मोदी सरकार 40 साल में सबसे कम खपत के आंकड़े भी छुपा रही है। मोदी सरकार को इस आकंड़े को छुपाने की जरूरत नहीं है। उसे इस कांकड़े को सभी के सामने लाना चाहिए और इस पर चर्चा करनी चाहिए। अगर खपत घटी है तो इसका मतलब साफ है कि देश में गरीबी बढ़ी है।”
कर्नाटक विधानसभा से कांग्रेस के विधायकों ने वॉक आउट कर दिया है। उनका कहना है कि उन्हें विधानसभा में नागरिकता संशोधन कानून पर चर्चा नहीं करने दिया गया।
दिल्ली की एक अदालत ने शारजील इमाम को जामिया हिंसा मामले में 14 दिनों के लिए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। शारजील इमाम को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया था।
आईपीएल 2020 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 29 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल के 13वें सीजन का फाइनल 24 मई को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का पहला मैच पूर्व चैंपियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 29 मार्च को वानखेड़े में खेला जाएगा। शनिवार और रविवार को होने वाले दो मुकाबलों की संख्या घटा दी गई है, इस बार सबसे कम 6 डबल हैडर होंगे, जिसकी वजह से टूर्नामेंट 57 दिनों तक चलेगा। लीग स्टेज के सभी मैच 17 मई को समाप्त हो जाएंगे।
सरकार ने दिल्ली में 'इंस्टीट्यूट फॉर डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस' (आईडीएसए) का नाम बदलकर 'मनोहर पर्रिकर इंस्टीट्यूट फॉर डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस' करने का फैसला किया है। यह फैसला मनोहर पर्रिकर को सम्मानित करने के लिए लिया गया है।
सेंसेक्स में लगातार गिरावट जारी है। एक बार फिर सेंसेक्स 349.80 अंक गिरकर 40,705.89 पर पहुंच गया है।
योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश का बजट पेश कर दिया है। बजट में धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट में अयोध्या में उच्चस्तरीय पर्यटक अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए 85 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। वहीं, अयोध्या में हवाईअडडे के लिए भी 500 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया है। इसके अलावा, बजट में वाराणसी में संस्कृति केंद्र की स्थापना के लिए 180 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया है और गोरखपुर के रामगढ़ ताल में वाटर स्पोर्ट्स के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था करने के अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए भी 200 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
प्रशांत किशोर के बयान पर जेडीयू नेता अजय आलोक ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “इन लोगों को बुद्धि से टोटा पड़ गया है। इनका राजनीतिक अस्तित्व कभी था ही नहीं, जो थोड़ा बहुत वजूद फेसबुक, ट्विटर से बना, वो भी आज खत्म हो गया।”
जामिया हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में शरजील इमाम का भी नाम है। पुलिस ने अपनी चार्जसीट में कहा है कि शरजील इमाम ने हिंसा को भड़काने का काम किया था।
चार्जशीट के मुताबिक, मामले में अब तक 17 गिरफ्तारियां की गई हैं। इनमें से न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी से 9 और जामिया इलाके से 8 की गिरफ्तारी हुई है। सभी आरोपी स्थानीय हैं। पीएफआई की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीएम उद्धव ठाकरे ने सीएए, एनपीआर और एनआरसी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि सीएए, एनआरसी और एनपीआर तीनों अलग-अलग हैं। किसी को सीएए को लेकर डरने की जरूरत नहीं है। रहा सवाल एनआरसी का तो हम इसे महाराष्ट्र में लागू नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि अगर एनआरसी लागू किया जाता है तो यह न केवल हिंदू या मुस्लिम बल्कि आदिवासियों को भी प्रभावित करेगा। केंद्र ने एनआरसी पर अभी चर्चा नहीं की है। एनपीआर एक जनगणना है, और मुझे नहीं लगता कि कोई भी प्रभावित होगा, क्योंकि यह हर 10 साल में होता है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भीमा कोरेगांव केस केंद्र सरकार को नहीं सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि एलगार परिषद मामला और भीमा कोरेगांव मामला 2 अलग-अलग मामले हैं। भीमा कोरेगांव मामला मेरे दलित लोगों से संबंधित है और मामले से संबंधित जांच अभी तक केंद्र को नहीं दी गई है और इसे केंद्र को नहीं सौंपा जाएगा। केंद्र ने एलगार परिषद मामले को अपने हाथ में लिया है।
जेडीयू के पूर्व उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने कहा, “2005 में बिहार की जो स्थिति थी, आज भी दूसरे राज्यों के मुकाबले बिहार की स्थिति वही है। नीतीश जी ने शिक्षा में काम किया- साइकिल बांटी, पोशाक बांटी और बच्चों को स्कूल तक पहुंचाया लेकिन आप 15 साल में एक अच्छी शिक्षा नहीं दे पाएं।”
प्रशांत किशोर ने कहा, “नीतीश जी या कोई भी नेता अगर बिहार के लिए खड़ा होगा तो बिहार की जनता उसके साथ खड़ी होगी। उसके लिए किसी गठबंधन की जरूरत नहीं है। नीतीश जी या जो लोग ऐसा मानते हैं कि बिहार में जीतते रहने के लिए बीजेपी के साथ बने रहना जरूरी है। मैं उससे सहमत नहीं हूं।”
पटना में प्रेस से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, “जेडीयू की विचारधारा को लेकर मेरे और नीतीश जी के बीच कई बार विचार-विमर्श हुए हैं। नीतीश जी ने हमेशा हमें बताया कि गांधी जी के आदर्शों को पार्टी कभी नहीं छोड़ सकती, लेकिन अब जेडीयू गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे के प्रति नरम है। मेरे लिए गांधी जी और गोडसे साथ-साथ नहीं चल सकते हैं।”
जेडीयू से निकाले जाने के बाद पटना में मीडिया से पहली बार प्रशांत किशोर मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश जी से मेरे अच्छे संबंध हैं। मेरे मन में उनके लिए अपार सम्मान है। मैं उनके फैसले पर सवाल नहीं उठाऊंगा।
प्रशांत किशोर ने कहा, “नीतिश जी ने मुझे अपने बेटे की तरह रखा। कई मामलों में मैं भी उनको अपने पिता तुल्य ही मानता हूं। उनका मुझे पार्टी में शामिल करने का, पार्टी से निकालने का जो भी फैसला है उसको मैं सहृदय स्वीकार करता हूं।”
सुप्रीम कोर्ट में विजय माल्या की याचिका पर होली तक सनवाई स्थगित हो गई है। याचिका दायर कर माल्या ने देश में ईडी द्वारा जब्त की जा रही अपनी संपत्ति पर रोक लगाने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ कर्मियों ने आज तड़के कोंडागांव के बतराली और बावनमारी गांव के बीच करीब 5 किलोग्राम की एक आईईडी को बरामद किया है। इसके बाद उसे डिफ्यूज कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और विधायकों ने लखनऊ में विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया है। कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस की ओर से यह प्रदर्शन किया गया है। कांग्रेस नेताओं के हाथों में बैनर था, जिस पर लिखा था, “दलित-पिछड़ा विरोधी बीजेपी सरकार, नहीं चलेगी, नहीं चलेगी। महंगाई डायरन खाये जात है। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, बंद करो, बंद करो।”
हैदराबाद में एक तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर से गिर गई। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए हैं। कार में 6 लोग सवार थे, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा रात 2:50 बजे के आसपास हादसा हुआ। मामला दर्ज कर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कानपुर में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बिल्हौर में कार दुर्घटना में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई।
बिहार के सोनपुर प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत में शादी समारोह में खाना खाने के बाद करीब 50 लोग बीमार पड़ गए हैं। सभी लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 18 Feb 2020, 7:56 AM IST