
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा समेत पूरी राष्ट्रीय चयन समिति को बर्खास्त कर दिया है। बीसीसीआई ने यह कदम हाल में संपन्न टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उठाया है।
सीबीआई ने कहा कि राजस्थान के सवाई माधोपुर के एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने आज सवाई माधोपुर में मनटाउन पुलिस थाने के तत्कालीन एसएचओ फूल मोहम्मद खान की हत्या से संबंधित एक मामले में 30 अभियुक्तों को 2000 रुपये से 50,000 रुपये के बीच जुर्माने के साथ आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
उत्तराखंड में एक और बड़ा हादसा हुआ है। यात्रियों से सवार वाहन खाई में गिर गया। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। चमोली जिले में सवारियों से भरा एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में करीब 12 लोग सवार बताए जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम, एसपी एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि वाहन में सवार 2 महिला व 10 पुरुषों के शव को बरामद कर लिया गया है। वाहन के अंदर व आसपास भी सचिर्ंग कर ली गई है। खाई में नीचे केवल एसडीआरएफ की टीम ही मौजूद रही। एसडीआरएफ का रेस्क्यू कार्य जारी है।
गुरुवार में देर रात मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार एसयूवी और ट्रेलर ट्रक की भीड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायल सभी नौ लोग महाराष्ट्र के ही थे, जो अपनी एसयूवी में पुणे से आ रहे थे, एक्सप्रेस-वे पर भोर घाट क्षेत्र से 9 किमी दूर खोपोली के पास एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। हादसे की वजह पर एसयूवी चालक के नियंत्रण खोने का संदेह जताया जा रहा है।
साकेत कोर्ट ने रोहिणी फॉरेंसिक साइंस लैब को आदेश दिया है कि श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब का 5 दिनों के भीतर नार्को टेस्ट कराया जाए।
गुजरात चुनाव पर नजरें गड़ाए भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार ने शुक्रवार को पंजाब में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लागू करने की अधिसूचना को मंजूरी दे दी, जिससे 1.75 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को सीधा लाभ होगा। यह फैसला मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने राज्य के कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए नई पेंशन योजना (एनपीएस) के तहत आने वाले अपने कर्मचारियों के लिए ओपीएस को मंजूरी दे दी है।
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना पुलिस ने 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह चोर जहरखुरानी गिरोह के सदस्य हैं। जो वाहन चालकों को नशीला पदार्थ खिलाकर उनके साथ लूट की घटनाओं को अंजाम दिया करते थे। चोरों से चोरी के तीन ई रिक्शा भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाश वाहनों में सवारी बनकर बैठते थे और उसके बाद वाहन चालकों को नशीला पदार्थ खिला कर वाहन लेकर फरार हो जाते थे।
दादरी पुलिस ने शुक्रवार को सलीम, गुलफाम, शमशाद, सलमान और समीर को गिरफ्तार किया है। यह सभी चोर दिल्ली के रहने वाले हैं यह लोग दादी और आसपास में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया करते थे।
कर्नाटक पुलिस ने शुक्रवार को छह लोगों की गिरफ्तारी के साथ प्राचीन वस्तुओं की तस्करी के एक रैकेट का भंडाफोड़ करने और प्राचीन हाथी दांत से बने 7.5 किलोग्राम 21 वस्तुओं को जब्त करने का दावा किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान हरियाणा के हिम्मत सिंह, पंजाब के प्रवीण संबियाल, मैसूर के अब्दुल कयूम और मोहम्मद रफीक, बेंगलुरु के मोहम्मद इसरार उर्फ बाबू और अमजद पाशा के रूप में हुई है।
श्रद्धा मर्डर केस में एक तस्वीर सामने आई है। फोटो में श्रद्धा के चेहरे पर चोटों के निशान नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये फोटो श्रद्धा के एक दोस्त ने शेयर की है। उसने दावा किया है कि 2 साल पहले दिसंबर 2020 में आफताब ने श्रद्धा को बेरहमी से पीटा था। उसके बाद श्रद्धा को ये चोटें आई थीं।
स्पेशल पॉक्सो कोर्ट ने 2019 में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश जे ए ठक्कर ने गुरुवार को संजय बारिया को मौत की सजा सुनाई और 1.30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
न्यायाधीश ने कहा, संजय बारिया ने उस लड़की के साथ बलात्कार किया और उसका गला घोंट दिया, जो उसकी बेटी से थोड़ी बड़ी थी। यह एक जघन्य अपराध है, लेकिन बारिया को अपने द्वारा किए गए अपराध के लिए कोई पछतावा नहीं है, इसलिए यह मामला दुर्लभ से दुर्लभतम है।
अहीर समुदाय द्वारा शुक्रवार को दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे पर खेरकी दौला टोल प्लाजा के पास भारतीय सेना में 'अहीर रेजिमेंट' बनाने की मांग को लेकर किया गया विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया, जब कई प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध करने की कोशिश की।
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड पर युवती की हत्या कर सूटकेस में बन्द कर फेंका गया शव बरामद हुआ है। युवती की उम्र करीब बीस वर्ष है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। युवती के सीने में गोली का निशान है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हो गया है। बारिश की वजह से टॉस भी नहीं हुआ था।
जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि वह अभी भी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष हैं और उन्होंने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मैं चुनाव तक पार्टी प्रमुख हूं और तब तक रहूंगा, जब तक कोई और इस पद की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार नहीं हो जाता। बता दें, अफवाहें थी कि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से पार्टी की कमान छोड़ने का फैसला किया है। एनसी के प्रवक्ता तनवीर सादिक ने कहा कि चूंकि अभी तक पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं हुई है, इसलिए अब्दुल्ला पद पर बने रहेंगे।
विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के संदिग्ध उल्लंघन के मद्देनजर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) हिंदी-तेलुगु फिल्म 'लाइगर' के पैसे के लेन-देन की जांच कर रहा है। ईडी के अधिकारियों ने गुरुवार को पूरे दिन फिल्म निर्देशक पुरी जगन्नाथ और अभिनेत्री से निर्माता बनीं चार्मी कौर से पूछताछ की।
उनसे विजय देवरकोंडा-स्टारर अगस्त में रिलीज फिल्म 'लाइगर' में निवेश गए धन के स्रोत के बारे में पूछताछ की गई।
लगभग 125 करोड़ रुपये के बजट के साथ निर्मित की गई इस फिल्म में अमेरिकी मुक्केबाज माइक टायसन ने भी भूमिका निभाई है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। श्रीनगर में अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस (जेकेएनसी) पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। फारूख अब्दुल्ला ने कहा कि उनका स्वास्थ्य उन्हें अब पार्टी का नेतृत्व करने की अनुमति नहीं देता है।
उत्तर प्रदेश: कानपुर में प्रवासी पक्षी पक्षी अभयारण्य में पहुंचने लगे हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक इन्हें देखने आ रहे हैं।
श्रद्धा हत्याकांड को लेकर पूरे देश में गुस्से का माहौल है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री ने इस पूरे मामले पर बेहद अजीबो गरीब टिप्पणी की है। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने इस मर्डर के लिए शिक्षित लड़कियों और लिव-इन रिलेशन को ही जिम्मेदार ठहरा दिया है। उनके बयान की काफी आलोचना भी हो रही है।
केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा, "ये घटनाएं उन सभी लड़कियों के साथ हो रही हैं जो अच्छी तरह से शिक्षित हैं और सोचती हैं कि वे बहुत स्पष्टवादी हैं और अपने भविष्य के बारे में निर्णय लेने की क्षमता रखती हैं."
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 18 Nov 2022, 8:12 AM IST