आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने अग्निपथ योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की मोदी सरकार ने पैरामिल्रिटी फोर्सेज में चयनित हजारों युवाओं को बेरोजगार छोड़ दिया है, ऐसे में अग्निवीरों को पैरामिल्रिटी फोर्स में भर्ती करने की बात एकदम झूठ है। एक तरफ सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे सैकड़ों युवा इस योजना को वापस लेने की मांग कर रहे हैं और विपक्ष उनका समर्थन कर रहा है तो वहीं दूसरी ओर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने साफ कर दिया है कि यह योजना किसी भी हालत में वापस नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होने के लिए सबसे पहली जरूरत अनुशासन की होती है, इसलिए युवाओं को शांत होकर योजना को समझना चाहिए।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा दिल्ली उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। अधिसूचना में कहा गया है कि "भारत के संविधान के अनुच्छेद 222 के खंड (1) द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति, भारत के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श के बाद तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा को दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित करते हुए और उन्हें मुख्य न्यायाधीश के पद का प्रभार संभालने का निर्देश देते हुए प्रसन्नता हो रही है।"
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
जिन्होंने आज़ादी के 52 सालों तक तिरंगा नहीं फहराया, उनसे जवानों के सम्मान की उम्मीद नहीं की जा सकती। युवा, सेना में भर्ती होने का जज़्बा, चौकीदार बन कर भाजपा कार्यालयों की रक्षा करने के लिए नहीं, देश की रक्षा के लिए रखते हैं। प्रधानमंत्री की चुप्पी इस बेइज़्ज़ती पर मोहर है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की चुप्पी इस बेइज्जती पर मोहर है।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया आतंकवादी पाकिस्तानी नागरिक था। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मारा गया आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा से संबद्ध था।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
जम्मू एवं कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच जारी मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने कहा, "एक और आतंकवादी मारा गया (कुल 02)। ऑपरेशन जारी है।"
कुलगाम के डीएच पोरा इलाके में दिन में दूसरी बार मुठभेड़ हुई। इससे पहले रविवार को कुपवाड़ा जिले के लोलाब में मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया था।
कश्मीर में पिछले कुछ महीनों में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच सिलसिलेवार मुठभेड़ हुई हैं, जिनमें कई आतंकियों और उनके कमांडरों का सफाया किया गया है।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “पूरा देश जल रहा है, युवा आक्रोशित हैं और सड़कों पर हैं। तो ऐसे में भारत सरकार को सामने आकर जवाब देना चाहिए कि सेना में युवाओं को ठेके पर रखने का क्या औचित्य है?”
उन्होंने कहा, “जिन नौजवानों की सेना में भर्ती होती है उन्हें पहले 1 साल तक ट्रेनिंग दी जाती है उसे घटा कर 6 महीने कर रहे हैं, जो 20 साल नौकरी करते थे उसे घटा कर 3.5 साल कर दिया, तो क्या भारत सरकार के पास सैनिकों को देने के लिए पैंसे नहीं हैं?”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना को वापस नहीं लिया जाएगा। सेना ने कहा संयुक्त बयान में कहा है कि अग्निपथ स्कीम वापस नहीं होगा। सैन्य मामलों के विभाग के अतिरिक्त सचिव, लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने कहा, "सभी अग्निवीरों को शपथ पत्र देकर साफ करना होगा कि उन्होंने कभी किसी भी उग्र प्रदर्शन या आगजनी में भाग नहीं लिया है।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना पर प्रेस से बात करते हुए नौसेना के वाइस एडमिरल डी.के. त्रिपाठी ने कहा, “हमने अपनी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। 25 जून तक हमारा एडवरटाइजमेंट सूचना और प्रसारण मंत्रालय में पहुंच जाएगा। एक महीने के अंदर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 21 नवंबर को हमारे पहले अग्निवीर हमारे ट्रेनिंग संस्थान में रिपोर्ट करेंगे।”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
बिहार की राजधानी पटना में रविवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। स्पाइस जेट के विमान की विंग में आग लगने के बाद उसकी पटना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पटना से दिल्ली जा रहे विमान में 185 यात्री सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद इन यात्रियों की जान बाल-बाल बची।
विमान ने दिन में 12 बजकर 10 मिनट पर पटना के जयप्रकाश इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान के एक पंख में आग लग गई। पटना के फुलवारी शरीफ इलाके के लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए इसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी। आम नागरिकों से जैसे ही विमान के पंख में आग लगने की जानकारी जिला प्रशासन को मिली, प्रशासनिक अधिकारी एक्टिव मोड में आ गए।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना पर सैन्य मामलों के विभाग के अतिरिक्त सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने प्रेस से बात करते हुए कहा, “यह सुधार लंबे समय से लंबित था। हम इस सुधार के साथ युवावस्था और अनुभव लाना चाहते हैं। आज बड़ी संख्या में जवान अपने 30 की उम्र के हैं और अधिकारियों को पहले की तुलना में बहुत बाद में कमान मिल रही है।”
उन्होंने कहा, “हर साल लगभग 17,600 लोग तीनों सेवाओं से समय से पहले सेवानिवृत्ति ले रहे हैं। किसी ने कभी उनसे यह पूछने की कोशिश नहीं की कि वे सेवानिवृत्ति के बाद क्या करेंगे। 'अग्निवर' को सियाचिन और अन्य क्षेत्रों जैसे क्षेत्रों में वही भत्ता मिलेगा जो वर्तमान में सेवारत नियमित सैनिकों पर लागू होता है। सेवा शर्तों में उनके साथ कोई भेदभाव नहीं। देश की सेवा में बलिदान देने वाले अग्निवीरों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा मिलेगा।”
उन्होंने कहा, "'अग्निवर' को सियाचिन और अन्य क्षेत्रों जैसे क्षेत्रों में वही भत्ता और सुविधाएं मिलेंगी जो वर्तमान में नियमित सैनिकों पर लागू होती है। सेवा शर्तों में उनके साथ कोई भेदभाव नहीं होगा।"
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
दिल्ली में जंतर-मंतर पर कांग्रेस नेताओं ने अग्निपथ योजना के खिलाफ सत्याग्रह किया है। इसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए और अग्निपथ योजना को वापस लिए जाने की मांग की।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "सत्याग्रह के मंच से मैं इस देश के नौजवानों कुछ कहना चाहती हूं। आप इस देश का भविष्य हैं। आपसे बड़ा देशभक्त कोई नहीं है इस देश में। मैंने आप जैसे सैकड़ों बच्चों से बात की। जब मैं यूपी के एक छोटे से गांव में 4 बजे सुबह गिरफ्तार होने वाली थी, तब भी मैंने सड़क पर देखा कि 20-30 नौजवान आर्मी में भर्ती होने के लिए दौड़ लगा रहे थे। ट्रैक्टर पर बैठे हुए मैं ऐसे नौजवानों से मिली जिन्होंने मुझे कहा कि दीदी उम्मीद छूट गई है। सालों से हम भर्ती का इंतजार कर रहे थे। अब हम्म गन्ना बेचने जा रहे हैं।"
प्रियंका गांधी ने कहा, "मैं युवाओं से यह कहना चाहती हूं कि हम आपका दर्द समझते हैं। पूरा देश समझ रहा है। पूरा देश देख रहा है। लेकिन आप यह मत भूलो कि यह देश आपका है। इस देश की संपत्ति आप की है। इसे सुरक्षित रखना आपका कर्तव्य है। हम यहा सत्याग्रह पर बैठे हैं। क्योंकि सत्याग्रह, सत्य की लड़ाई अहिंसा द्वारा लड़ी गई। अहिंसा के जो मार्ग पर चलकर लड़ी गई। उस लड़ाई ने इस देश को आजाद किया। इस देश को आजाद करके आपको सौंपा, ताकि आपका भविष्य बन पाए।"
कांग्रेस महासचिव ने कहा, "मैं आपसे आग्रह करती हूं कि परिस्थितियों को समझिए। आपके आसपास क्या हो रहा है, सरकार कैसे चल रही है। देश में क्या हो रहा है। उसको गहराई से समझिए। जो किसान के आंदोलन थे। क्यों किए गए? किसान क्यों जागे, क्यों सड़क पर आए? क्योंकि वह समझे कि खून पसीना वो बहाएं, मेहनत वो करें, लेकिन उस मेहनत की कमाई किसी और को दी जा रही थी। यह सरकार उनके लिए नहीं चल रही थी।"
उन्होंने कहा, "इसी तरह से मैं आपसे आग्रह करती हूं कि समझिए ये सरकार आप लोगों के लिए नहीं चल रही है। ये सरकार गरीबों, देश के नवयुवकों के लिए, इस देश की महिलाओं के लिए, इस देश के एक-एक देशवासी के लिए नहीं चल रही है। ये सरकार सिर्फ बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए चल रही है। ये जितनी भी योजनाए हैं, जो बार-बार आप पर थोपी जाती हैं, ये सोच समझकर किया जा रहा है। यह बात सही नहीं है कि बिना सोचे समझे इस तरह की योजनाओं को लाया जा रहा है। इस सरकार का सिर्फ एक मकसद है सत्ता में रहना।"
प्रियंका गांधी ने कहा, "आज सेना में भर्ती होने का सपना आप देखते हैं, आप अपनी देश की सुक्षा का सपना देखते हैं, अपने भविष्य को मजबूत बनाने का सपना आप देखते हैं, आप ये सपना देखते हैं कि बड़े होकर अपने मां-बाप का देखभाल करेंगे। सरहद पर जाकर इस देश के लिए आप अपनी जान देंगे। आप से बड़ा कोई देशभक्त नहीं। मैं आपसे कहना चाहती हूं कि जो नकली राष्ट्रवादी हैं, उन्हें आप पहचानिए। आपके संघर्ष में पूरा देश आपके साथ है। पूरी कांग्रेस पार्टी आपके साथ है।”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
पटना के एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि स्पाइसजेट की एक फ्लाइट दिल्ली जा रही थी। उड़ान भरते ही एयरपोर्ट प्राधिकरण ने ध्यान दिया कि उसके एक विंग में आग लगी है। प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग सफलतापुर्वक हो गई है। अभी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अन्य प्रोटोकॉल को पूरा किया जा रहा है।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, “कोविड के बहाने से आपने (सरकार) 2 साल से भर्तियां रोक रखी थी। 1.25 लाख भर्तियां केवल फौज में खाली है। आप सिर्फ भ्रमित कर लोगों का भविष्य खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। हम सत्याग्रह कर सरकार को यह योजना वापस लेने के लिए मजबूर करेंगे।”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की सेवा करने के लिए पूरे जीवन भर सेना में भर्ती होना चाहते हैं। ये जो भी हो रहा है गलत हो रहा है। इस योजना को वापस लेना चाहिए।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “बार-बार नौकरी की झूठी उम्मीद दे कर, प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को बेरोजगारी के ‘अग्निपथ’ पर चलने के लिए मजबूर किया है। 8 सालों में, 16 करोड़ नौकरियां देनी थीं मगर युवाओं को मिला सिर्फ पकोड़े तलने का ज्ञान। देश की इस हालत के जिम्मेदार केवल प्रधानमंत्री हैं।”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने मोदी सरकार से सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार बताए कि 4 साल के लिए बहाल होने वाले युवकों को नियमित रूप से सेना में भर्ती होने वाले युवकों की ही तरह नियमित छुट्टी मिलेगी। इस योजना में सिर्फ सैनिक को 4 साल के लिए क्यों रखा जा रहा बड़े अफसर को भी रखा जाए।”
तजेस्वी ने कहा, “क्या ये योजना शिक्षित युवाओं के लिए मनरेगा है? या RSS का हिडेन एजेंडा है। वन रैंक वन पेंशन के बजाय नो रैंक नो पेंशन लाया गया। अगर BJP को ठेकेदारी प्रथा इतनी पसंद है तो BJP के मंत्री अपने बच्चों को सरकारी नौकरी से इस्तीफा दिलवा दें।”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
दिल्ली के जंतर मंतर पर 'अग्निपथ योजना' के खिलाफ 'सत्याग्रह' पर कांग्रेस पार्टी के नेता बैठे हैं। कांग्रेस ने तस्वीरें ट्वीट कर कहा, “देश के युवाओं का भविष्य 'अग्नि' के हवाले करने की भाजपाई साजिश के खिलाफ कांग्रेस सत्याग्रह के 'पथ' पर निकल चुकी है। सत्याग्रह की ये शुरुआत युवाओं के भविष्य और सेना के सम्मान को बचाकर ही दम लेगी।”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए वायुसेना ने जानकारी अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी है। डिटेल के मुताबिक, चार साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को सैलरी के साथ हार्डशिप एलाउंस, यूनीफार्म एलाउंस, कैंटीन सुविधा और मेडिकल सुविधा भी मिलेगी। यह सुविधाएं एक रेगुलर सैनिक को मिलती हैं।
अग्निवीरों को सेवा काल के दौरान ट्रैवल एलाउंस दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें साल में 30 दिन की छुट्टी मिलेगी। उनके लिए मेडिकल लीव की व्यवस्था अलग है। अगर दुर्भाग्यवश किसी अग्निवीर की सर्विस (चार साल) के दौरान अगर मृत्यु होती है तो उसके परिवार को इन्श्योरेंस कवर मिलेगा। इसके तहत उसके परिवार को करीब 1 करोड़ रुपये मिलेंगे।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे 24 घंटे में कोरोना के 12,899 नए केस सामने आए और 15 लोगों की मौत हो गई।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
पंजाब के लुधियाना के सलेम टाबरी भोरा गांव में कल भारी बारिश के बाद घर की छत गिरने से एक व्यक्ति और उसकी भतीजी की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “वे (केंद्र सरकार) कहते हैं कि 17.5 साल की उम्र में आओ 21 साल की उम्र में जाओ, 4 साल नौकरी करवाएंगे फिर लात मारकर भगा देंगें। उसके बाद हमें नहीं पता क्या करोगे। खाना-पीना, जीना-मरना, हमें नहीं पता क्या करोगे।”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
कांग्रेस नेता भूपिंदर हुड्डा ने कहा, “अग्निपथ योजना न देश और न युवाओं के हित में है। यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। फौज में इस तरह की संविदा सेवा लाना किसी के हित में नहीं। सैन्य सुधार होते रहे हैं लेकिन कोई भी सुधार लाने से पहले हितधारकों के साथ व्यापक चर्चा की जाती है।”
उन्होंने कहा, “कोई भी सैन्य सुधार पहले प्रायोगिक तौर पर लाया जाता जिससे उसका नतीजा देखा जा सके। सरकार को इसे तुरंत वापस लेना चाहिए। इसको लेकर हम 20 जून को दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन करेंगे।”
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
अग्निपथ योजना के विरोध की आग लगभग पूरे देश में धीरे-धीरे फैल गई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनों में सबसे ज्यादा नुकसान अब तक रेलवे की संपत्ति को हुआ है। ऐसे में हिंसक प्रदर्शन के चलते पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में 362 ट्रेन आज भी रद्द हैं।
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 19 Jun 2022, 8:05 AM IST