
ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त पीके जेना ने चक्रवात गुलाब पर कहा कि शाम करीब छह बजे शुरू हुई दस्तक की प्रक्रिया अब भी जारी है। पूरे बादल द्रव्यमान के 1-1.5 घंटे में समुद्र के किनारे से मैदान की ओर बढ़ने की उम्मीद है। ओडिशा में बारिश हल्की से मध्यम है। आईएमडी की रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि रात बढ़ने के साथ बारिश बढ़ने की संभावना है। जिला प्रशासन ने चौकसी बरतने को कहा है। अभी तक कोई बड़ा भूस्खलन नहीं हुआ है। रात 9 बजे तक 6 जिलों से करीब 39,000 लोगों को निकाला जा चुका है।
महाराष्ट्र के ठाणे में डोंबिवली सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 32 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक आरोपी अभी फरार है।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार 3 और साल सफलतापूर्वक चलेगी। उद्धव ठाकरे 2024 के बाद भी सीएम बने रहेंगे। अगर गुजरात के सीएम इस देश के पीएम हो सकते हैं, तो महाराष्ट्र के सीएम क्यों नहीं?
पीएम मोदी आज रात करीब 8.45 बजे नई दिल्ली में नए संसद भवन के निर्माण स्थल पर गए. उन्होंने साइट पर लगभग एक घंटा बिताया और नए संसद भवन के निर्माण की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
पश्चिम बंगाल बीजेपी 30 सितंबर को उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन कल भबानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के 8 वार्डों में व्यापक अभियान चलाएगी। बीजेपी के 80 नेता भबानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के 80 स्थानों पर प्रचार करेंगे। पश्चिम बंगाल के नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी, राज्य बीजेपी प्रमुख सुकांत मजूमदार, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष, देबाश्री चौधरी, अर्जुन सिंह और स्वप्न दासगुप्ता उन नेताओं में शामिल हैं जो कल भबानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के प्रचार में भाग लेंगे।
तूफान गुलाब ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में दस्तक दे दी है। तूफान की वजह से आंध्र के श्रीकाकुलम में समुद्र में उठ रही तेज लहरों में नाव से गिरे पांच मछुआरों में से 2 की मौत हो गई है, जबकि 3 सुरक्षित तट पर पहुंच गए। नाव पर सवार एक शख्स भी लापता है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मैं किसानों से विरोध का रास्ता छोड़कर चर्चा का रास्ता अपनाने का आग्रह करता हूं। किसानों द्वारा उठाए गए किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार तैयार है।
चक्रवाती तूफान गुलाब ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में दस्तक दे दी है। गुलाब की दस्तक के साथ ही आंध्र के श्रीकाकुलम में पांच मछुआरे समुद्र से लौटते समय मंडासा तट पर तेज लहरों के नाव से टकराने की वजह से समुद्र में गिर गए। पुलिस और अन्य अधिकारी उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
चक्रवात गुलाब की दस्तक के साथ ही आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में पांच मछुआरे आज शाम समुद्र से लौटते समय मंडासा तट पर नाव से तेज लहरों के टकराने की वजह से समुद्र में गिर गए। पुलिस और अन्य अधिकारी उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ चक्रवात गुलाब ने दस्तक दे दी है। श्रीकाकुलम के संयुक्त कलेक्टर सुमित कुमार ने कहा कि अगले 2 घंटे महत्वपूर्ण हैं। हमें उम्मीद है कि हवाएं 90-100 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी। एनडीआरएफ की दो टीमें और एसडीआरएफ की 4 टीमें यहां पहुंच चुकी हैं। भारी बारिश से बाढ़ आ सकती है।
उत्तर प्रदेश में चुनाव से महज कुछ महीने पहले योगी सरकार ने कैबिनेट विस्तार किया है। आज लखनऊ राजभवन में राज्यपाल आनंदी पटेल ने जितिन प्रसाद, छत्रपाल गंगवार, पलटू राम, संगीता बलवंत, संजीव कुमार, दिनेश खटीक और धर्मवीर प्रजापति को योगी सरकार के मंत्री पद की शपथ दिलाई।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि वे (बीजेपी) हार गए, फिर भी उन्हें कोई शर्म नहीं है। वे एजेंसियां भेज रहे हैं, यह सोचकर कि कोई उनके खिलाफ नहीं बोल सकता। उनका एकमात्र मकसद देश को बेचना है। भबनीपुर अभी शुरुआत है।
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने सीएम चरणजीत चन्नी सरकार के कैबिनेट के शपथ ग्रहण के बाद कहा कि जिन्हें आज मंत्री नहीं बनाया जा सका, उन्हें सरकारी व्यवस्था और संगठन में जगह दी जाएगी। यह अभ्यास युवा चेहरों को लाने और सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाने के लिए किया गया है।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का आज शाम कैबिनेट विस्तार होने वाला है, जिसमें जितिन प्रसाद, छत्रपाल सिंह, पलटू राम, संगीता बलवंत, संजीव कुमार, दिनेश खटीक और धर्मवीर सिंह मंत्री पद की शपथ लेंगे।
पंजाब में कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कैबिनेट के 15 मंत्रियों ने आज शपथ ली। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने चंडीगढ़ के राजभवन में ब्रह्म मोहिंद्रा, मनप्रीत सिंह बादल, तृप्त सिंह बाजवा, अरुणा चौधरी, सुखबिंदर सरकारिया, रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु, रणदीप सिंह नाभा, राणा गुरजीत सिंह को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनके अलावा राज कुमार वेरका, संगत गिलजियान, परगट सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग और गुरकीरत कोटली ने भी पंजाब सरकार में मंत्री के रूप में शपथ ली।
गृह मंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं होने पर छत्तीसगढ़ के सीएम ने कहा, “बैठक में मुख्य सचिव और डीजीपी दोनों शामिल हुए, मैं इसलिए नहीं जा पाया क्योंकि बैठक बुलाए जाने से बहुत पहले ही मैंने एक कार्यक्रम को अपना समय दे दिया था, इसलिए इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।”
हरियाणा के पानीपत में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि भारत सरकार नए कृषि कानूनों को जितनी जल्दी वापस लेगी उतना सरकार को फायदा होगा नहीं तो संयुक्त किसान मोर्चा के लोग पूरे देश में जाएंगे सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे। जहां-जहां चुनाव होंगे वहां आपके चुनाव पर वोट की चोट करने का काम करेंगे।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “आज सभी राज्य के हमारे दल के लोग गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हमने कहा कि जातिगत जनगणना होनी चाहिए, इस पर हमने अपनी भावना रखी। जिस तरह से निरंतर उग्रवादी घटनाएं हो रही हैं आने वाले समय इसे कैसे जड़ से खत्म किया जाए। उस पर हमने चर्चा की।”
देश के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने कहा कि हमें न्यायपालिका में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण की जरूरत है। देश के सभी लॉ स्कूलों में कुछ प्रतिशत आरक्षण की मांग के समर्थन की पुरजोर सिफारिश करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं का अधिकार है। वो यह मांग करने की हकदार हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 83.54 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 4.56 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध है।
उत्तर प्रदेश में आज योगी कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। शाम 5.30 बजे के आसपास योगी कैबिनेट में सात मंत्री शपथ ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि जो शपथ लेने वाले हैं, उनमें जितिन प्रसाद, छत्रपाल गंगवार, पलटू राम, दिनेश खटिक, कृष्णा पासवान, संगीता बिंद जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, सातवां नाम धर्मवीर प्रजापति का है।
ओडिशा में विशेष राहत आयुक्त पी.के. जेना ने कहा, “चक्रवात गुलाब अभी गोपालपुर से 180 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की तरफ स्थित है। दक्षिण-पूर्व दिशा की तरफ चल रहा है। इसके आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम और ओडिशा के गोपालपुर के बीच आज देर शाम/रात तक लैंडफाल की संभावना है। निगरानी रखी जा रही है।”
उन्होंने कहा, “मार्ग और लैंडफॉल का ठीक समय 2-3 घंटों में ज्यादा स्पष्ट हो पाएगा। प्रभाव की वजह से गंजम, गजपति में हवा की गति 70-80 किलोमीटर रहने की संभावना है। भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। 11 ज़िलों में अलर्ट जारी किया गया है। एनडीआरएफ की 24 टीमों को तैनात किया गया है।”
IGP कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि पुलिस को 2 आतंकी छुपे होने की सूचना मिली थी। हमने उनको घेरने के बाद सरेंडर करने की अपील की। उन्होंने इस अपील को नहीं माना, जिसके बाद मुठभेड़ में दोनों मारे गए। इनमें से एक आतंकी ने पाकिस्तान में ट्रेनिंग ली थी और दूसरा आतंकी वसीम बारी की हत्या में शामिल था।
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ दो अज्ञात आतंकवादी मारे गए हैं। मौके से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
भुवनेश्वर आईएमडी के निदेशक एच.आर.बिस्वास ने कहा, “चक्रवाती तूफान गुलाब ओडिशा के गोपालपुर से दक्षिण-पूर्व में 270 किलोमीटर दूर है और उम्मीद जताई जा रही है कि वह पश्चिम की ओर जाएगा। चक्रवात का आज देर रात लैंडफॉल हो सकता है और उस समय हवाओं की रफ़्तार 75-85 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।”
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने मोदी सरकार को सलाह दी है कि अफगानिस्तान में तालिबान सरकार से बातचीत करे। अब्दुल्ला ने कहा, “अफगानिस्तान एक आजाद मुल्क है। वहां अब तालिबान आया है। हिंदुस्तान ने वहां तीन बिलियन रुपये तालिबान में खर्च किए हैं। आज भी अफगानी यहां आराम से रह रहे हैं। हमें उनकी हुकूमत से बात करनी चाहिए। दोस्ती करना क्या मुश्किल है?”
बिहार के गया जिले की बेलागंज और खिजरसराय में पंचायत चुनावों की मतगणना शुरू होने वाली है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया, ''इसके लिए अगल से फोर्स लगाई गई है। अनधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश से रोका जा रहा है। जिन्हें ज़िला प्रशासन ने प्रवेश पत्र दिया है उन्हें ही अनुमति दी गई है।''
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 28,326 नए मामले आए और 260 मौतें हुईं, जिसमें केरल में कल आए कोरोना वायरस के 16,671 मामले और 120 मौतें शामिल हैं।
कश्मीर के बांदीपोरा जिले के वतनिरा में रविवार सुबह आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने कहा, "बांदीपोरा के वतनिरा इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है। पुलिस और सुरक्षा बल काम कर रहे हैं।"
पुलिस और सेना की एक संयुक्त टीम ने इलाके को घेर लिया और आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष जानकारी के आधार पर तलाशी अभियान शुरू करने के बाद मुठभेड़ हुई। जैसे ही सुरक्षा बल उस स्थान पर पहुंचे, जहां आतंकवादी छिपे हुए थे, उन्होंने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
पंजाब में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सीआईएसएफ ने अमृतसर के जलियांवाला बाग से साइकिल रैली शुरू की, ये साइकिल रैली 2 अक्टूबर को दिल्ली के राजघाट पर जाकर खत्म होगी।
दिल्ली के क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट सीपी आलोक कुमार ने कहा, “अंतरराज्यीय गैंग में अभी ज्यादातर टॉप लीडरशिप जेल के अंदर है, दिल्ली पुलिस ने बहुत व्यवस्थित तरीके से काम करके उन्हें जेल के अंदर किया है। हमने हर गैंग की एक लिस्ट तैयार की है और उस लिस्ट के हिसाब से उन पर लगातार काम होता है।”
उत्तर प्रदेश की नोएडा सेक्टर-20 की पुलिस टीम ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया, “7 लोग पकड़े गए हैं। यह लोग कहीं से डेटा चोरी करके मोबाईल नबर पर फोन करके नौकरी देने के नाम पर फ्रॉड कर रहे थे।”
एडीसीपी ने बताया, “यह लोग रजिस्ट्रेशन, डॉक्यूमेंट्स प्रोसेस करने के नाम पर पैसा लेकर भाग जाते थे। ये मिलकर सेक्टर 3 में इसी तरह का एक ऑफिस चला रहे थे। प्री-एक्टिवेटेड सिम, मोबाईल और डॉक्यूमेंट्स बरामद गिए गए हैं। ये गाज़ियाबाद, मेरठ, बागपत के रहने वाले हैं। FIR दर्ज़ करके कार्रवाई कर रहे हैं।”
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 26 Sep 2021, 8:03 AM IST