
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ मंगलवार की देर शाम भारत दौरे पर राजधानी दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका प्रोटोकॉल के अनुसार स्वागत किया गया। अपने दौरे पर माइक पोम्पिओ पीएम नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे।
अभिनेता सलमान खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अशोक पांडे नाम के एक शख्स ने सलमान खान के खिलाफ डकैती, हमला करने और आपराधिक धोखाधड़ी करने की धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज करने के लिए मुंबई की अंधेरी कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है।
मुंबई की एक अदालत ने अभिनेत्री कंगना रनौट और उनकी बहन रंगोली चंदेल को समन जारी किया है। कोर्ट ने 2017 में आदित्य पंचोली द्वारा दर्ज कराए गए अवमानना के केस में ये कार्रवाई की है। मामले की अगली सुनवाई 26 जुलाई को होगी।
मुंबई के एक डॉक्टर ने फिल्म ‘कबीर सिंह’ में डॉक्टरों के नकारात्म चित्रण का आरोप लगाया है। डॉ प्रदीप घाटगे ने फिल्म पर डॉक्टरों के पेशे के बारे में गलत संदेश देने का आरोप लगाते हुए राज्य के मंत्री एकनाथ खडसे को पत्र लिखा है और कार्रवाई की मांग की है।
केरल हाईकोर्ट ने अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में आनंद पटवर्द्धन की डॉक्यूमेंट्री ‘विवेक’ के प्रदर्शन को हरी झंडी दे दी है। देश में दक्षिणपंथी हिंसा के प्रसार को इंगित करती इस फिल्म के प्रदर्शन की सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने अनुमति नहीं दी थी।
ओडीशा में सिंगापुर रोड और केउटगुडा स्टेशन के बीच हुए रेल हादसे में तीन रेलकर्मियों की मौत हो गई है। हादसे में हावड़ा-जगदलपुर समालेश्वरी एक्सप्रेस का इंजन और दो कोच पटरी से उतर कर पलट गए थे। रेलवे ने दोनों स्टेशन के स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया है।
लोकसभा में राष्ट्रपति के भाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान पीएम मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “जो पीएम किसी कांग्रेस नेता के योगदान को याद नहीं करते थे, उन्होंने आज नेहरू जी का नाम लिया, ये हमारी सफलता है।”
हावड़ा से जगदलपुर आने वाली समालेश्वरी एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई है। सिंगापुर रोड और केउटगुडा के बीच ट्रेन के इंजन समेत दो बोगी पडरी से उतर कर पलट गए। हादसे के बाद इंजन में आग लग गई, जिसे बाद में ट्रेन से अलग कर दिया गया। हादसे में कोई घायल नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं पहला पीएम हूं जिसने कहा कि आजादी से लेकर अब तक केंद्र और राज्य की जितनी सरकारें थी देश को आगे ले जाने में सबका योगदान है।
लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि प्रस्ताव का धन्यवाद देश की जनता का धन्यवाद है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त, सुरक्षित राष्ट्र का सपना हमारे देश के अनेकों महापुरुषों ने देखा है और उसे पूरा करने के लिए अधिक गति के साथ हम सबको मिलकर आगे बढ़ना है।
पीएम मोदी ने कहा, “देश की आकांक्षाओं को पूरा करने में आने वाली हर चुनौती को हम पार कर सकते हैं। इस चर्चा में करीब 60 सांसदों ने हिस्सा लिया, जो पहली बार आए हैं उन्होंने अच्छे ढंग से अपनी बात रखी और चर्चा को सार्थक बनाने का काम किया।”
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “कुछ कानूनी प्रक्रियाएं हैं और पैरोल लेने का अधिकार रखने वाला व्यक्ति अप्लाई कर सकता है। हम किसी को रोक नहीं सकते। अभी तक राम रहीम के पैरोल पर कोई फैसला नहीं हुआ है।”
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के सरकारी अस्पताल में एंबुलेंस नहीं मिलने पर एक व्यक्ति को अपने बच्चे के शव को कंधे पर रखकर ले जाना पड़ा। इस पर नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले में जांच होगी, अगर लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी ब्रायन लारा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद मुंबई के परेल के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल जल्द ही इस संंबंधन में एक बयान जारी करेगा।
दिल्ली की एक विशेष सांसद-विधायक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के विधायक मनोज कुमार को 3 महीने की जेल की सजा सुनाई है। 2013 के विधानसभा चुनावों के दौरान कल्याण पुरी के एक मतदान केंद्र पर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने के लिए उनपर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामले में मनोज कुमार को जमानत दी गई है।
आंध्र प्रदेश सरकार ने पूर्व सीएम एन चंद्रबाबू नायडू के परिवार के सदस्यों को दी जाने वाली सुरक्षा में कटौती कर दी है। चंद्रबाबू नायडू के बेटे और पूर्व राज्य मंत्री नारा लोकेश को अब 2 + 2 बंदूकधारी प्रदान किए जाएंगे, पहले उनके पास जेड श्रेणी की सुरक्षा थी, परिवार के अन्य सदस्यों के लिए सुरक्षा पूरी तरह से वापस ले ली गई थी।
बिहार के मुजफ्फरपुर और हरिवंशपुर में चमकी बुखार से बच्चों की मौत के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले 39 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। चमकी बुखार से मुजफ्फरपुर में 150 से ज्यादा बच्चों की मौत हो चुकी है। नाराज लोगों प्रदर्शन किया था।
जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है उन परिवारों की महिलाओं ने कहा, “हमारे बच्चे मर गए। हमने सड़क घेराव किया, लेकिन प्रशासन ने हमारे खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जिन पुरुषों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, वे गांव छोड़कर चले गए हैं। परिवार में वही रोजी-रोटी कमाते थे।”
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने एंटीगा द्वारा मेहुल चोकसी की नागरिकता खत्म किए जाने से जुड़ी खबरों पर कहा, “मेरे पास इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा।”
केंद्रीय वित्त मंत्रालय के बाहर तैनात राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) के जवान ने खुद को गोली मार ली। जवान की मौत हो गई है।
लखनऊ के मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या, रायबरेली जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर अगले तीन घंटों में बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र के साथ मुंबई में आज मॉनसून बारिश हो सकती है।
दिल्ली में केंद्रीय सरकार के संविदा नर्सिंग कर्मी स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह नर्सिंग कर्मी सफदरजंग अस्पताल, आरएमएल अस्पताल, लेडी हार्डिंग अस्पताल और कलावती अस्पताल के हैं। इनका आरोप है कि अचानक उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
इनका कहना है, “करीब 5 हजार कर्मचारियों की अस्पतालों में जरूरत है। अगर स्टाफ की जरूरत है तो हमें क्यों बाहर किया जा रहा है? वे उपयोग और फेंक की नीति का इस्तेमाल कर रहे हैं। हम यहां स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के आवास पर सोमवार को भी यहां आए थे, लेकिन हमें बताया गया था कि मंत्री जी यहां नहीं हैं। आज भी वही हुआ। हम सफदरजंग अस्पताल के बाहर विरोध करेंगे जब तक कि हमें शामिल हमें नौकरी नहीं मिल जाती।”
पश्चिम बंगाल की जाधवपुर संसदीय सीट से टीएमसी की सांसद मिमी चक्रवर्ती ने लोकसभा की सदस्य के रूप में शपथ ली।
पश्चिम बंगाल की बशीरहाट संसदीय सीट से टीएमसी की सांसद नुसरत जहां ने लोकसभा की सदस्य के रूप में शपथ ली।
सुप्रीम कोर्ट ने बाबा रामपाल की जमानत बढ़ाने से इंकार कर दिया और उसे 26 जून को आत्मसमर्पण करने को कहा। रामपाल इस समय जमानत पर हैं और उसने बीमार स्वास्थ्य का हवाला देते हुए जमानत की अवधि बढ़ाने की मांग की थी।
संसद परिसर में केरल के कांग्रेस के सांसदों ने किसानों की परेशानियों को लेकर प्रदर्शन किया।
पश्चिम बांगल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी बड़ा हमला बोला है। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम ममता ने कहा कि पिछले 5 सालों में देश ‘सुपर इमरजेंसी’ से गुजरा है।
हरियाणा में अंबाला शहर के बीजेपी विधायक असीम गोयल ने अंबाला में परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में जिला जनसंपर्क और शिकायत निवारण समिति की बैठक में हरियाणा पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।
बीजेपी विधायक असीम गोयल ने कहा, “हमें 5-6 महीने से अंबाला पुलिस के खिलाफ कई शिकायतें मिल रही हैं। हमें शिकायत मिली है कि अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों को रोक दिया जाता है और उन्हें चालान जारी करने के लिए कई रणनीति अपनाई जाती है।”
प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन नियो-जेएमबी और आईएस (इस्लामिक स्टेट) के सदस्य दो बांग्लादेशी नागरिकों को एसटीएप ने सोमवार को कोलकाता के सियालदह रेलवे स्टेशन के पार्किंग लॉट से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसमें जेहाद से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो, संदेश और अन्य सामग्री मौजूद है।
गुजरात, बिहार और ओडिशा में खाली हुई राज्यसभा की 6 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है। इनमें से बिहार से एक, गुजरात से दो और ओडिशा से तीन सीट खाली हुई हैं।
झारखंड के गढ़वा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। अन्नराज घाटी की खाई में यात्री बस के गिरने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं इस हादसे में करीब 39 लोग घायल हो गए हैं। यह बस छत्तीसगढ़ से गढ़वा आ रही थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 25 Jun 2019, 7:49 AM IST