
कांग्रेस ने शनिवार को अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए छह राज्यों के लिए नए प्रभारी नियुक्त किए। इनमें कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट को पंजाब का प्रभार सौंपा गया है, जबकि महासचिव भूपेश बघेल को असम और रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इन तीनों के अलावा सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. श्रीवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। गुजरात के प्रभारी रहे मुकुल वासनिक को फिलहाल किसी राज्य का प्रभार नहीं दिया गया है। हालांकि, वासनिक महासचिव बने रहेंगे।
बघेल अब तक पंजाब के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। वहीं कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट अब तक छत्तीसगढ़ के प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। जबकि पार्टी महासचिव सुरजेवाला कर्नाटक के प्रभारी हैं और आगे भी कर्नाटक का प्रभार उनके पास रहेगा। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक का स्थान लिया है।
कांग्रेस ने कार्यमुक्त किए गए महासचिवों एवं प्रभारियों जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर के योगदान की सराहना की है। असम विधानसभा चुनाव में हार के बाद जितेंद्र सिंह ने प्रभारी पद से इस्तीफा दिया था। चेन्निथला केरल के गृह मंत्री और टैगोर तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बन चुके हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए