हालात

ममता बनर्जी ने ईद से पहले अधिकारियों के तबादलों पर उठाए सवाल, पूछा- क्या दंगे भड़काने का कोई इरादा है?

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी के इशारे पर विधानसभा चुनाव से पहले वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले किये जा रहे हैं। उन्होंने चेताया कि राज्य में किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में निर्वाचन आयोग और बीजेपी जिम्मेदार होंगे।

ममता बनर्जी ने ईद से पहले अधिकारियों के तबादलों पर सवाल उठाए
ममता बनर्जी ने ईद से पहले अधिकारियों के तबादलों पर सवाल उठाए फोटोः PTI

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के इशारे पर विधानसभा चुनाव से पहले वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले किये जा रहे हैं। उन्होंने चेताया कि राज्य में किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में निर्वाचन आयोग और बीजेपी जिम्मेदार होंगे।

विधानसभा चुनावों के लिए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची की घोषणा करते हुए पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने ईद से ठीक पहले प्रमुख प्रशासनिक पदों पर किए गए परिवर्तनों के समय पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘‘ईद से ठीक पहले वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला क्यों किया जा रहा है? क्या चुनाव से पहले दंगे भड़काने का कोई इरादा है?”

Published: undefined

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि तबादलों की सूची बीजेपी कार्यालय में तैयार की गई और निर्वाचन आयोग ने केवल इसे लागू किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के बाहर के कुछ अधिकारियों को बीजेपी को चुनावी प्रक्रिया में सहायता देने के लिए लाया गया है। बनर्जी ने कहा, "बीजेपी की मदद के लिए राज्य के बाहर से कुछ लोगों को लाया गया है।"

निर्वाचन आयोग पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए टीएमसी प्रमुख ने कहा कि आयोग बीजेपी की ओर से "अच्छा खेल खेल रहा है। उन्हें सीधे बीजेपी के लिए प्रचार करना चाहिए।" उन्होंने दावा किया, "अधिकारियों को इसलिए बदला गया है, ताकि बिना किसी बाधा के बीजेपी को धन और हथियार आसानी से हस्तांतरित किए जा सकें।"

Published: undefined

चुनाव अवधि के दौरान किसी भी घटना के होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि इसके लिए बीजेपी और निर्वाचन आयोग दोनों को जवाबदेह होना पड़ेगा। उन्होंने कहा, "अगर कुछ अप्रिय घटना घटती है, तो बीजेपी और निर्वाचन आयोग जिम्मेदार होंगे। अगर कुछ गलत होता है, तो उन्हें जवाबदेह होना चाहिए।" उन्होंने राज्य में बीजेपी के राजनीतिक प्रचार अभियान पर भी हमला किया और पार्टी पर उनकी सरकार के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

Published: undefined

रविवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद, निर्वाचन आयोग ने मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा का तबादला कर दिया। इसके बाद, आयोग ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पीयूष पांडे और कोलकाता के मुख्य सचिव सुप्रतिम सरकार को भी पद से हटा दिया। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined