
राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में एक घर में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
Published: undefined
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस मकान में हादसा हुआ, वहां घर के अंदर ही पटाखा बनाने का काम किया जा रहा था। अचानक आग लगने के बाद एक के बाद एक तेज धमाके हुए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया।
Published: undefined
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, पांच घायलों को इलाज के लिए जयपुरिया अस्पताल और एसएमएस अस्पताल भेजा गया है। इनमें से तीन घायलों को एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, वे 50 से 70 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
Published: undefined
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, एडीएम और सिविल डिफेंस की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं। दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के साथ-साथ मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।
इस बीच प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से यह भी पड़ताल की जा रही है कि आवासीय क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री किस तरह संचालित की जा रही थी और इसके लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं। फिलहाल पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत और बचाव कार्य जारी है।
Published: undefined