
निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई, जब एक पॉडकास्ट में संजय कुमार पर हमले को लेकर भारद्वाज के कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया।
वायरल पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर दावा किया था कि उसने निशु आजाद के पिता संजय कुमार के सिर पर हमला किया था और उनका सिर फोड़ दिया था। उसने यह भी दावा किया था कि संजय को 60 टांके लगे और इसके बावजूद उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा। पॉडकास्ट में उसने राजनीतिक नेताओं से अपने कथित संबंधों का भी जिक्र किया था।
वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता और कार्यकर्ता सक्रिय हो गए। CJP से आशुतोष रांका और सौरव दास, कांग्रेस की छात्र इकाई से विनोद जाखड़ और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत कई नेता संसद मार्ग थाने पहुंचे और स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर CJP की ओर से पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप भी लगाया गया। संगठन के नेताओं का कहना है कि वायरल वीडियो में भारद्वाज द्वारा घटना का जिक्र किए जाने के बाद उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता संसद मार्ग थाने पहुंचे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 23 जून को जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के सिर में हाथापाई के दौरान एक आरोपी के पहने कड़े से चोट लगी थी। पुलिस ने कहा कि RML अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान चोटों को मामूली बताया गया था। पुलिस ने यह भी कहा है कि चोट किसी हथियार से नहीं, बल्कि कड़े से लगी थी और खोपड़ी फटने की बात मेडिकल रिपोर्ट से समर्थित नहीं है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को मौके से हिरासत में लिया गया था और बाद में उनसे पूछताछ की गई थी। अब वायरल पॉडकास्ट के बाद मामले ने फिर जोर पकड़ लिया है और भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए