हालात

नोएडा बवालः अखिलेश का योगी के बयान पर पलटवार, कहा- यूपी नहीं संभल रहा, तो गद्दी छोड़िए, वर्ना जनता उतार देगी

अखिलेश ने पूछा कि आपकी खुफिया पुलिस क्या आपके साथ बंगाल प्रचार करने गई थी या वनस्पति की खोजबीन में लीन थी या उसके प्रभाव में। मजदूरों के आंदोलन को नक्सलवाद के आरोप से बदनाम करने से पहले आप ये बताएं कि आपने ऐसा क्या किया है कि 10 सालों में ऐसे हालात बन गए।

नोएडा बवालः अखिलेश का योगी के बयान पर पलटवार, कहा- यूपी नहीं संभल रहा, तो गद्दी छोड़िए, वर्ना जनता उतार देगी
नोएडा बवालः अखिलेश का योगी के बयान पर पलटवार, कहा- यूपी नहीं संभल रहा, तो गद्दी छोड़िए, वर्ना जनता उतार देगी फोटोः IANS

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में श्रमिकों के प्रदर्शन के पीछ साजिश बताने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा पलटवार किया है। सीएम योगी ने अपने बयान में आशंका जताई थी कि नोएडा में जो हुआ है वह किसी की साजिश है। इस पर अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार की नाकामियों को उजागर करते हुए कहा कि अगर सीएम योगी से यूपी नहीं संङल रहा है तो गद्दी से उतरकर चले जाइए, नहीं तो जनता उतार देगी।

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि अगर माननीय मुख्यमंत्री जी नोएडा के मज़दूरों के आंदोलन को किसी की साज़िश बता रहे हैं तो एक सवाल जनता आपसे पूछ रही है कि अगर ये सच है तो आपकी खुफिया पुलिस क्या आपके साथ बंगाल प्रचार करने गई थी या वनस्पति की खोजबीन में लीन थी या उसके प्रभाव में। मजदूरों के आंदोलन को नक्सलवाद के आरोप से बदनाम करने से पहले आप ये बताएं कि आपने ऐसा क्या किया है कि 10 सालों में ऐसे हालात बन गए।

अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि आप मजदूरों के जख़्मों पर मलहम नहीं लगा सकते तो न लगाएं लेकिन उन जख्मों पर नमक तो न छिड़कें। भाजपाई कमीशनखोरी से जन्मी महंगाई के कारण परिवारवाले वैसे ही दुखी हैं उसके ऊपर अवांछित दोषारोपण करने का जो पाप आप कर रहे हैं, वो घोर निंदनीय है। इससे हालात बद से बदतर हो सकते हैं।

एसपी प्रमुख ने लिखा कि अगर आप से प्रदेश नहीं संभल रहा है तो ससम्मान इस गद्दी से उतरकर जाइए, नहीं तो जनता उतार देगी। भाजपाई खुद तो अंतिम दौर के भ्रष्टाचार में आकंठ लिप्त हैं, इसीलिए न इनसे देश संभल रहा है, न प्रदेश। उन्होंने लिखा कि बीजेपी का डबल इंजन, जनता के लिए ट्रबल इंजन बन गया है। जनता इन सब इंजनों के पहिए खोल देगी और पुर्जे निकालकर, हमेशा के लिए कबाड़खाने में भेज देगी।

इससे पहले एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा था कि नोएडा में वेतन बढ़ाने को लेकर उग्र हुए आंदोलन का कारण बीजेपी सरकार की वो एकतरफ़ा नीति है जो पूंजीपतियों का पोषण करती है लेकिन सामान्य काम करनेवाले कर्मचारियों और वेतनभोगी श्रमिकों-मज़दूरों का शोषण। भाजपाई चंदादायी पूँजीपतियों के एटीएम में तो पैसे भरते जा रहे हैं, लेकिन श्रमिकों-मज़दूरों के वेतन के लिए इनके एटीएम खाली हैं। बेतहाशा महंगाई के इस दौर में कम वेतन में घर चलाना कितना मुश्किल है, ये एक परिवारवाला ही समझ सकता है। वेतनभोगी कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!

बता दें मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने नोएडा की घटना को लेकर कहा था कि औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहिए, उनको सफल मत होने दीजिए। उन्होंने कहा था कि हमारी सरकार श्रमिकों के साथ है, उद्यमी को सुरक्षा देगी और हर श्रमिक को संरक्षण भी प्रदान करेगी। योगी ने कहा था कि कुछ लोग शांति को समृद्धि की ओर बढ़ने से रोकने के लिए अशांति पैदा करने के षड्यंत्र कर रहे हैं। मैं औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले और इकाइयों से कहूंगा कि याद कीजिए कि डबल इंजन की सरकार आपके साथ कैसे खड़ी होती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: पवन खेड़ा ने पूछा- केंद्रीय गृह मंत्री किस बात से डर रहे हैं? युवाओं का सामना करने से...

  • ,
  • राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए साक्षात्कार का पहला दिन, तीन पूर्व आईएएस अधिकारी भी इंटरव्यू देने पहुंचे

  • ,
  • झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन से दिल्ली पुलिस की ज्यादती से ध्यान नहीं भटका सकती केंद्र सरकारः कांग्रेस

  • ,
  • दुनिया की खबरें: पाकिस्तान ने वर्ल्ड बैंक को दिया धोखा! और होर्मुज स्ट्रेट संकट पर ईरान-जर्मनी की चर्चा

  • ,
  • बारिश के बाद जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पार्किंग में भरा पानी, यात्रियों को हुई भारी परेशानी, सामने आए वीडियो