
सरकारी तेल कंपनियों ने देश में बढ़ रहे एलपीजी डिलीवरी स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की है और कहा है कि जालसाज गैस डिलीवर करने वाले वेंडर बनकर फर्जी एसएमएस और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए ओटीपी और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड लेकर फ्रॉड कर रहे हैं।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और भारत पेट्रोलियम ने सोशल मीडिया पर साइबर धोखाधड़ी के बारे में उपभोक्ताओं को आगह करते हुए कहा कि इस धोखाधड़ी में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को फर्जी एसएमएस और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए निशाना बनाया जा रहा है, जो डिलीवरी नोटिफिकेशन की नकल करते हैं। इस मैसेज में ग्राहकों को वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) या डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) साझा करने के लिए कहा जाता है।
Published: undefined
कई मामलों में, कॉल करने वालों ने गैस एजेंसी के अधिकारियों के रूप में खुद को पेश किया और गैस कनेक्शन "काटने" से बचने के लिए केवाईसी अपडेट या आधार लिंक करने का अनुरोध किया और फिर अनुरोधों को "सत्यापित" करने के लिए ओटीपी की मांग की और उसके जरिये पीड़ित को चूना लगा दिया।
एचपीसीएल ने ग्राहकों को सूचित किया कि आधिकारिक डिलीवरी मैसेज 'वीएम-एचपीजीएएससी-एस' नाम से आएगा, जिसमें चार अंकों का ओटीपी होगा और इसका उपयोग केवल सिलेंडर डिलीवरी के समय किया जाएगा। पोस्ट में कहा गया, "एचपी गैस के प्रतिनिधि कभी भी फोन कॉल, व्हाट्सएप संदेश या संदिग्ध लिंक के माध्यम से ओटीपी नहीं मांगेंगे।" साथ ही कहा, "यदि संदेश अत्यावश्यक, अपरिचित या आधिकारिक प्रारूप से अलग दिखता है, तो उस पर भरोसा न करें।"
Published: undefined
इसी तरह, इंडियन ऑयल ने ग्राहकों से आग्रह किया कि वे अपना 6 अंकों का डीएसी केवल इंडेन डिलीवरी कर्मियों के दरवाजे पर पहुंचने के बाद ही साझा करें। बीपीसीएल ने उपभोक्ताओं को कहा, "केवल डिलीवरी के समय ओटीपी साझा करना" ही उनकी सुरक्षा का एकमात्र नियम है। इसके अलावा, तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे केवल इंडियनऑयल वन, एचपीपे या हेलो बीपीसीएल जैसे अपने आधिकारिक एप्लिकेशन के माध्यम से ही सिलेंडर बुक करें या विवरण अपडेट करें।
सत्यापित वेबसाइटों का भी उपयोग किया जा सकता है, लेकिन उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप के माध्यम से व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से आने वाले मैसेज से सावधान रहना चाहिए। अगर ग्राहक गलती से विवरण साझा कर देते हैं या उनके साथ वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है, तो चोरी हुए धन को फ्रीज करने की संभावना बढ़ाने के लिए उन्हें "गोल्डन आवर" विंडो के भीतर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करना चाहिए।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined