हालात

बारिश के बाद जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पार्किंग में भरा पानी, यात्रियों को हुई भारी परेशानी, सामने आए वीडियो

सोशल मीडिया पर लोग एयरपोर्ट की जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि देश के महत्वपूर्ण और आधुनिक एयरपोर्ट में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति चिंता का विषय है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

बारिश के बाद जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पार्किंग में भरा पानी, यात्रियों को हुई भारी परेशानी, सामने आए वीडियो
बारिश के बाद जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पार्किंग में भरा पानी, यात्रियों को हुई भारी परेशानी, सामने आए वीडियो  फोटोः वीडियोग्रैब

दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में तेज बारिश के बाद जेवर एयरपोर्ट के कंपाउंड पार्किंग क्षेत्र में चारों ओर पानी भर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बारिश के कारण पार्किंग परिसर में जगह-जगह पानी जमा हो गया, जिससे एयरपोर्ट पहुंचने और वहां से बाहर निकलने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी भरने की सूचना सामने आने के बाद एयरपोर्ट कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और जल निकासी का काम शुरू किया।

पार्किंग क्षेत्र में पानी भरने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फ्लाइट से उतरने के बाद एक यात्री ने पार्किंग परिसर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें पार्किंग क्षेत्र में जमा पानी दिखाई दे रहा है। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के दौरान यात्रियों को जलभराव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के आसपास पानी जमा होने से यात्रियों को अपने वाहनों तक पहुंचने में भी दिक्कत हुई। कई यात्रियों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

भारी बारिश के चलते कुछ समय के लिए पार्किंग क्षेत्र में आवाजाही भी प्रभावित हुई। जलभराव की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन ने पानी निकालने के लिए कर्मचारियों और संसाधनों को लगाया। कर्मचारियों द्वारा पंप और अन्य साधनों की मदद से जमा पानी को निकालने का काम किया गया। एयरपोर्ट परिसर में पानी की निकासी को सामान्य करने के लिए टीम लगातार मौके पर जुटी रही।

पार्किंग परिसर में जलभराव का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग एयरपोर्ट की जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि देश के महत्वपूर्ण और आधुनिक एयरपोर्ट में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति चिंता का विषय है। लोगों ने मांग की है कि एयरपोर्ट परिसर में ड्रेनेज सिस्टम की क्षमता की समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में तेज बारिश के दौरान ऐसी स्थिति पैदा न हो।

जेवर एयरपोर्ट के आसपास इन दिनों लगातार बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आ रही है। ऐसे में एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र पर जल निकासी की बेहतर व्यवस्था बेहद जरूरी मानी जा रही है। फिलहाल एयरपोर्ट कर्मचारियों द्वारा पार्किंग कंपाउंड में जमा पानी को निकालने का काम किया जा रहा है। वायरल वीडियो के बाद यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।